धनतेरस पर 75 हजार को नियुक्ति पत्र, अगले साल तक 10 लाख का लक्ष्य

PM ने 75 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र:अगले साल तक 10 लाख नौकरियों का टारगेट; कोरोनाकाल में नहीं हो सकी थीं ये भर्तियां

नई दिल्ली 22 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनतेरस पर आज मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव की लॉन्चिंग की। इसमें 50 केंद्रीय मंत्रियों ने अलग-अलग लोकेशन पर 75 हजार 226 युवाओं को नियुक्ति पत्र, यानी अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे। इस ड्राइव के जरिए अगले डेढ़ साल, यानी दिसंबर 2023 तक 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का टारगेट है। सभी भर्तियां UPSC, SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से की जाएंगी।

कोरोना के चलते बीते दो साल से सरकारी पदों पर नियुक्तियां रुकी हुई थीं। इस साल जून में प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की थी कि अगले 18 महीनों में सरकार 10 लाख लोगों को भर्ती करेगी। इसके बाद ही मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव शुरू करने का फैसला लिया गया, जिसके तहत आज रोजगार मेले में 75 हजार युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिया गया।

समारोह के दौरान PM ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत की युवा शक्ति के लिए महत्वपूर्ण दिन हैं। बीते 8 वर्ष में देश में रोजगार और स्वरोजगार का जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ी रही है। ये कड़ी रोजगार मेले की है। आज केंद्र सरकार 75,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है।

मोदी के भाषण के मुख्य अंश…

आज केंद्र सरकार आजादी के 75 वर्ष को ध्यान में रखते हुए 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है। पिछले कई वर्षों में भी लाखों युवाओं को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
अब हमने सोचा कि इकट्ठे नियुक्ति पत्र देने की परंपरा शुरू की जाए, ताकि डिपार्टमेंट्स में भी टाइम बाउंड प्रक्रिया अपनाने की परंपरा बने। आने वाले समय में भी युवाओं को इसी तरह नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए हम आत्मनिर्भर भारत के रास्ते पर चल रहे हैं। इसमें हमारे नवीन आविष्कारों, उद्यमी , किसानों और उत्पादन से जुड़े साथियों की बड़ी भूमिका है।
आज भारत दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। 7-8 साल के भीतर हमने 10वें नंबर से 5वें नंबर तक की छलांग लगाई है।
आज हमारा सबसे अधिक बल युवाओं के कौशल विकास पर है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत देश के उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से युवाओं को ट्रेनिंग देने की एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है।
देश मे पहली बार खादी और ग्राम उद्योग 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक का हो चुका है। इन वर्षों में खादी और ग्राम उद्योगों में 1 करोड़ से अधिक रोजगार बने हैं। इसमें भी बड़ी संख्या में हमारी बहनों की जिम्मेदारी है।
स्टार्ट अप इंडिया अभियान ने तो देश के युवाओं के सामर्थ्य को पूरी दुनिया में स्थापित कर दिया है। 2014 तक जहां देश में कुछ सौ ही स्टार्ट अप थे, आज ये संख्या 80 हजार से अधिक हो चुकी है।
आज हमारा सबसे अधिक बल युवाओं के कौशल विकास पर है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत देश के उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से युवाओं को ट्रेनिंग देने की एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। इसके तहत अभी तक सवा करोड़ से अधिक युवाओं को स्किल इंडिया अभियान की मदद से ट्रेनिंग दी जा चुकी है।

अकेले रक्षा मंत्रालय में ही ढाई लाख पद खाली हैं

अभी ग्रुप ए (गजटेड) कैटेगरी में 23584, ग्रुप बी (गजटेड) कैटेगरी में 26282, वहीं ग्रुप सी की नॉन गजटेड कैटेगरी में 8.36 लाख पोस्ट खाली हैं। अकेले रक्षा मंत्रालय में ग्रुप बी (नॉन गजटेड) के 39366 और ग्रुप सी के 2.14 लाख पद खाली हैं। रेलवे में ग्रुप सी के 2.91 लाख और गृह मंत्रालय में ग्रुप सी नॉन गजटेड कैटगरी के तहत 1.21 लाख पद खाली हैं।

PM के इस मेगा जॉब कैंपेन में रक्षा मंत्रालय, रेल मंत्रालय, डाक विभाग, गृह मंत्रालय, श्रम और रोजगार मंत्रालय, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) , सीमा शुल्क और बैंकिंग, सशस्त्र बल कर्मी, सब-इंस्पेक्टर, कॉन्स्टेबल, LDC, स्टेनो, PA और इनकम टैक्स इंस्पेक्टर सहित 38 विभागों में देशभर से चुने गए युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी।

कई शहरों के केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल

कार्यक्रम में देशभर के केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। ओडिशा से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गुजरात से स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, चंडीगढ़ से सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, महाराष्ट्र से वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, राजस्थान से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, तमिलनाडु से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, उत्तर प्रदेश से उद्योग मंत्री महेंद्र पांडेय शामिल होंगे। वहीं, झारखंड से आदिवासी मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा और बिहार से पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह भी शामिल होंगे।

2020 तक 8.72 लाख पद खाली पड़े थे

पिछले साल केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने संसद में बताया था कि केंद्र सरकार के विभागों में एक मार्च, 2020 तक 8.72 लाख पद खाली पड़े थे। केंद्र सरकार के विभागों में कुल 40 लाख 4 हजार पद हैं, जिनमें से 31 लाख 32 हजार भरे हुए थे। 2016-17 से 2020-21 के दौरान SSC में कुल 2 लाख 14 हजार 601 कर्मचारियों को भर्ती किया गया था। साथ ही RRB ने 2 लाख 4 हजार 945 लोगों को नियुक्ति दी। वहीं UPSC ने भी 25 हजार 267 उम्मीदवारों का चयन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *