संघ प्रमुख मोहन भागवत ने किया माधव सेवा विश्राम सदन का लोकार्पण

RSS प्रमुख ने ऋषिकेश में माधव सेवा विश्राम सदन का किया उद्घाटन, AIIMs के रोगी सेवकों को सस्ती दरों पर मिलेगा खाना और आवास
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख उत्तराखंड दौरे पर हैं। बुधवार को आरएसएस प्रमुख डाक्टर मोहन भागवत ने नवनिर्मित माधव सेवा सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सेवा मानव का परम धर्म है। भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से 1.40 लाख वर्ग फीट भूमि पर 30 करोड़ रुपये की लागत से माधव सेवा विश्राम सदन का निर्माण किया गया है।

नवनिर्मित माधव सेवा विश्राम सदन का उद्घाटन
भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से कराया गया निर्माण
विश्राम सदन में 430 बेड की है सुविधा

ऋषिकेश 03 जुलाई 2024 । अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में आने वाले रोगियों व उनके सेवकों को अब आवास तथा भोजन आदि की व्यवस्था को भटकना नहीं पड़ेगा। भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से एम्स से कुछ दूरी पर ही नवनिर्मित माधव सेवा विश्राम सदन में सस्ती दरों पर आवास तथा भोजन उपलब्ध होगा।

भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से 1.40 लाख वर्ग फीट भूमि पर 30 करोड़ रुपये की लागत से माधव सेवा विश्राम सदन का निर्माण किया गया है। करीब 150 दानदाताओं के सहयोग से बने इस सदन में 120 कमरे हैं, 430 बेड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

आरएसएस प्रमुख ने किया नवनिर्मित माधव सेवा सदन का लोकार्पण
बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डाक्टर मोहन भागवत ने नवनिर्मित माधव सेवा सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सेवा मानव का परम धर्म है।

उन्होंने कहा कि यह सेवा सदन सेवा और समर्पण का प्रत्यक्ष उदाहरण है। निश्चित रूप से उत्तराखंड के सुदूर क्षेत्र से आने वाले मरीजों के परिजनों और मैदानी क्षेत्र के लोगों को भी इसका भरपूर लाभ मिलेगा। भाऊराव देवरस सेवा न्यास के सचिव राहुल सिंह ने इस प्रकल्प के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दो वर्ष के भीतर यह विश्राम सदन बनकर तैयार हुआ है। इस कार्य के माध्यम से हम निश्चित रूप से समाज सेवा का आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके भीतर सत्संग भवन, वाचनालय, मनोरंजन कक्ष, बच्चों के लिए खेलने की सुविधा उपलब्ध है। न्यास के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

ये महानुभाव रहे उपस्थित
इस अवसर पर संघ के सर सहकार्यवाह डाक्टर कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय सामाजिक सहभाव प्रमुख अशोक बेरी, क्षेत्र सह संपर्क प्रमुख डाक्टर हरीश, क्षेत्र प्रचार प्रमुख जगदीश, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रकल्प प्रमुख संजय गर्ग, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, निवर्तमान महापौर अनीता ममगाई, एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह, प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांश, उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एनके जोशी, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दिनेश शास्त्री आदि मौजूद थे।

एम्स की संस्तुति पर मिलेगी आवासीय सुविधा
न्यास के अध्यक्ष ओम प्रकाश गोयल व सचिव राहुल सिंह ने बताया कि माधव सेवा विश्राम सदन में एम्स में भर्ती होने वाले जरूरतमंद रोगियों के सेवकों को आवासीय सुविधा दी जाएगी। रोगियों को एम्स की संस्तुति का प्रमाण दिखाना होगा, जिस पर सस्ती दरों पर कमरा उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि न्यास का यह देश का छठवां विश्राम सदन है। सभी सदन बड़े अस्पतालों के समीप स्थापित किए गए हैं, जहां इसी तरह रोगियों के सेवकों व रोगियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग स्वास्थ्य उपचार के दौरान आर्थिक समस्या से जूझते हैं, इस दौरान वे आवासीय सुविधा लेने में भी असमर्थ होते हैं। सदन की स्थापना का एकमात्र उद्देश्य ऐसे जरूरतमंदों की सेवा करना है।

न्यास के संस्थापक अध्यक्ष रहे वाजपेयी
1992 में भाऊराव देवरस के निधन के पश्चात उनके जनसेवा के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए भाऊराव देवरस सेवा न्यास का गठन किया गया। न्यास के संस्थापक अध्यक्ष पूर्व पीएम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी रहे। इसका गठन लखनऊ में 29 दिसंबर 1993 को हुआ। न्यास का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की शिक्षा व स्वास्थ्य कल्याण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *