तीन युवतियों ने शादी को कर ली घरवापसी
प्रेम विवाह कर समरीन बनी रूही, हिंदू रीति-रिवाज से अंकित से रचाई शादी
संभल के नवाड़ा गांव में समरीन और अंकित ने प्रेम विवाह किया। समरीन ने हिंदू धर्म अपनाकर अपना नाम रूही रखा। परिजनों के विरोध और कानूनी प्रक्रिया के बावजूद, अदालत और बाल कल्याण समिति के आदेश पर दोनों साथ रहने लगे। हिंदू रीति-रिवाज से विवाह के बाद अंकित के परिवार ने रूही को स्वीकार कर लिया है। पुलिस सुरक्षा पर नजर रख रही है।
समरीन ने प्रेम विवाह कर हिंदू धर्म अपनाया, बनी रूही।
अदालत और बाल कल्याण समिति ने रिश्ते को दी मंजूरी।
अंकित के परिवार ने रूही को स्वीकार किया, पुलिस निगरानी।
संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव नवाड़ा में प्रेम विवाह का मामला चर्चा में है। गांव निवासी समरीन ने अपने प्रेमी अंकित के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर नया जीवन शुरू किया है। विवाह के बाद समरीन ने हिंदू धर्म अपनाते हुए अपना नाम रूही रख लिया। इस रिश्ते को लेकर दोनों को स्वजन के विरोध और कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ा, लेकिन अदालत और बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद दोनों एक साथ रहने लगे हैं।
बताते हैं कि थाना क्षेत्र के गांव नवाड़ा निवासी समरीन और अंकित एक ही स्कूल में पढ़ते थे। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। करीब दो वर्षों तक दोनों का रिश्ता चला। समाज और स्वजन के दबाव के कारण अंकित शुरुआत में विवाह को लेकर असमंजस में था।
मां ने दी थाने में शिकायत
इसी बीच 27 जनवरी को समरीन घर छोड़कर सीधे अंकित के घर पहुंच गई और उसके साथ रहने की इच्छा जताई। युवती के घर से चले जाने पर उसकी मां महजान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और अदालत में पेश किया। अदालत में दोनों ने खुद को बालिग बताया। समरीन ने अंकित के साथ रहने और विवाह करने की इच्छा जताई।
थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि युवती को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया था, वहां उसने स्वेच्छा से युवक के पक्ष में बयान दर्ज कराए। दो फरवरी को बयान दर्ज होने के बाद के आदेश पर युवती को युवक के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। अंकित के स्वजन ने रूही को स्वीकार कर लिया है।
वहीं, एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने बताया कि जांच में युवती बालिग पाई गई है और सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए है। दोनों किसी सुरक्षित स्थान पर रह रहे हैं और गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।
