मुख्यमंत्री धामी ने शुरू किया आर्थिकी-पारिस्थितिकी संतुलन को त्रिस्तंभीय-नौसूत्रीय रणनीति कार्यक्रम

*राज्य में आर्थिकी एवं पारिस्थितिकी संतुलन को मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘त्रि-स्तम्भीय और नौ-सूत्रीय रणनीति कार्यक्रम का शुभारंभ *

देहरादून 10 अक्टूबर 2024 । मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आर्थिकी और पारिस्थतिकी में संतुलन को ‘त्रि-स्तम्भीय और नौ-सूत्रीय रणनीति कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्य में ईकोलॉजी और इकॉनामी में संतुलन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नियोजन विभाग ने तीन स्तम्भों समुदाय सशक्तिकरण अभियान, नवाचार एवं तकनीकी अभियान तथा वित्तीय स्वायत्तता एवं साक्षरता अभियान पर रणनीति बनाई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी के विकसित भारत के संकल्प पूर्ण करने को हम सबको अपना विशेष योगदान देना है। राज्य सरकार विकास के साथ ही पर्यावरण संतुलन पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की है कि आज जो ‘त्रि-स्तम्भीय और नौ-सूत्रीय रणनीति कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है, इस पर सभी विभाग तेजी से कार्य करेंगें। सभी विभागों को नवरात्रि के पावन पर्व पर संकल्प लेकर राज्य में आर्थिकी एवं पारिस्थितिकी में संतुलन बनाकर कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ना है।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि राज्य की आर्थिकी एवं पारिस्थितिकी में संतुलन को प्रत्येक स्तम्भ के लिए तीन सूत्रीय रणनीति बनाई गई है। पहले स्तम्भ समुदाय सशक्तिकरण अभियान में तीन सूत्र पारंपरिक प्रथाओं का पुनरावर्तन, उचित उपभोग हेतु व्यवहार परिवर्तन एवं युवाओं का कौशल उन्नयन है। दूसरे स्तम्भ नवाचार एवं तकनीकी अभियान में तीन सूत्र ग्रीन टेक्नोलॉजी को प्रोत्साहन, तकनीकी आधारित त्वरित समाधान एवं सर्कुलर इकॉनोमी का अंगीकरण है। तीसरे स्तम्भ वित्तीय स्वायत्तता एवं साक्षरता अभियान में तीन सूत्र ग्रीन प्रैक्टिसेज का मानकीकरण, कार्बन क्रेडिट हेतु सहभागिता एवं सतत परियोजनाओं हेतु ब्रिज फंडिंग की रणनीति है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव न्याय प्रदीप पंत, प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु तथा एल. फैनई, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, डॉक्टर बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, डॉक्टर पंकज कुमार पाण्डेय, चन्द्रेश यादव, वी. षणमुगम तथा विनोद रतूड़ी, निदेशक अभियोजन पी.वी.के प्रसाद, अपर सचिव विजय जोगदंडे , अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीपीपीजीजी डॉक्टर मनोज पंत एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *