धामी का सिंधिया से BSNL के 257 टावर लगाने और नैनीताल डाकघर हटाने का अनुरोध

*मुख्यमंत्री की केंद्रीय संचार मंत्री से भेंट में राज्य में संचार सेवाओं के विस्तार संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा*

*मुख्यमंत्री का केंद्रीय संचार मंत्री से नैनीताल शहर में जाम से मुक्ति तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने को नैनीताल नगर के मुख्य चौराहे का डाकघर अन्यत्र शिफ्ट करने का अनुरोध*

*मुख्यमंत्री ने राज्य में 4G सैचुरेशन स्कीम में अवशेष टावरों की स्थापना हेतु बी.एस.एन.एल. को निर्देश देने तथा राज्य में संचार व्यवस्था से वंचित क्षेत्रों में भी टावर लगाकर संचार व्यवस्था से आच्छादित करने का केंद्रीय संचार मंत्री से किया अनुरोध*

*राज्य सरकार ने 481 टावरों की स्थापना को भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की है पूर्ण*

देहरादून/ नई दिल्ली 28 जून 2024 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से भेंट कर उन्हें संचार मंत्रालय का दायित्व मिलने पर शुभकामनाएं दे राज्य में संचार सेवाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्य में संचार व्यवस्था वंचित क्षेत्रों में भी टावर लगाकर संचार व्यवस्था से आच्छादित करने तथा पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र के गांवों में संचार सुविधाओं के विस्तार तथा रिलाइन्स जिओ के गुुंजी में लगाये गये टावर को संचालित कराये जाने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया को बताया कि नैनीताल के तल्लीताल स्थित डाकघर को नैनीताल की यातायात समस्या के समाधान हेतु अन्यत्र शिफ्ट किया जाना जनहित में आवश्यक हो गया है। जनपद नैनीताल में प्रतिदिन श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढती संख्या तथा विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज का आश्रम ‘श्री कैंची धाम’ की प्रसिद्धि में दिन-प्रतिदिन वृद्धि होने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ नैनीताल में पर्यटक संख्या में अत्यधिक बढोत्तरी हो रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नैनीताल को यातायात समस्या के निवारण हेतु पूर्व में आईआईटी, दिल्ली के नैनीताल की ट्रैफिक व्यवस्था के विस्तृत अध्ययन एवं सुझावों के आधार पर तकनीकी टीम तथा सड़क सुरक्षा समिति ने नैनीताल के मुख्य चौराहे के पोस्ट ऑफिस को जाम की समस्या का प्रमुख कारण माना है।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया से नैनीताल शहर में जाम से मुक्ति तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ करने को नैनीताल नगर के मुख्य चौराहे पर स्थित डाकघर को अन्यत्र शिफ्ट किये जाने की अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया को यह भी अवगत कराया कि 4G सैचुरेशन स्कीम में भारत संचार निगम (बी.एस.एन.एल.) के उत्तराखण्ड में 638 टावर स्थापित किये जाने थे, जिसमें से 481 टावर को भूमि अधिग्रहण की जरूरत थी। उत्तराखण्ड सरकार ने भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही पूर्ण कर ली है, परन्तु बी.एस.एन.एल. ने अभी 224 टावर ही लगाये  है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय संचार मंत्री से बी.एस.एन.एल. को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देशित करने का आग्रह किया।

केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने मुख्य मंत्री के इंगित विषयों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन मुख्यमंत्री धामी को दिया  है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *