सहारनपुर में देवराज सहगल बने बैठे इकबाल भट्टी की 17 साल जेल के बाद वापसी

uttar pradesh saharanpur Pakistan Spy Iqbal Bhatti Released From Saharanpur Jail After Completion Of Jail Term
सहारनपुर से अटारी बॉर्डर: जेल में काटी 17 साल की सजा, पाकिस्तानी जासूस इकबाल भट्टी की हुई वतन वापसी
Pakistani Spy Iqbal Bhatti: इकबाल भट्ठी को 2008 में पंजाब के पटियाला से अरेस्‍ट किया गया था। फर्जी दस्‍तावेजों के आधार पर उसने वोटर आईडी, पैन कार्ड और राशन कार्ड तक बनवा लिए।

सहारनपुर 17 फरवरी : उत्‍तर प्रदेश की सहारनपुर जेल में जासूसी के आरोप में सजा काट चुके पाकिस्तानी नागरिक इकबाल भट्टी उर्फ देवराज सहगल को कड़ी सुरक्षा में सोमवार को अटारी बॉर्डर के लिए रवाना कर दिया गया। 17 साल की सजा पूरी करने के बाद कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताएं पूरी होने पर उसे पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। मंगलवार दोपहर अटारी बॉर्डर पर उसे पाकिस्तानी रेंजर्स के हवाले किया जाएगा। इकबाल भट्टी को 8 अगस्त, 2008 को पंजाब पुलिस ने पटियाला में सेना से जुड़े संवेदनशील नक्शों के साथ गिरफ्तार किया था।
saharanpur
इकबाल भट्टी

पुलिस जांच में सामने आया कि इकबाल भट्टी करीब एक वर्ष से सहारनपुर के हकीकत नगर इलाके में देवराज सहगल नाम से रह रहा था। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसने वोटर आईडी, पैन कार्ड और राशन कार्ड तक बनवा लिए थे। इन्हीं कागजात के सहारे उसने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में खाता भी खुलवाया था। बैंक प्रबंधन को दस्तावेजों की जांच के दौरान संदेह हुआ, जिसके बाद मामला उजागर हुआ और रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

इन धाराओं में हुआ था मुकदमा
भट्टी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट की धारा-3 और विदेशी अधिनियम की धारा-14 समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए। सहारनपुर कोर्ट से सजा सुनाए जाने के बाद उसे सुरक्षा कारणों से गौतमबुद्धनगर जिला जेल भेजा गया। दरअसल, सहारनपुर जेल के पास सेना का कैंप होने के कारण प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती। विभिन्न मामलों को मिलाकर उसने करीब 17 वर्ष जेल में बिताए। 22 मार्च 2025 को सजा पूरी होने पर उसे रिहा तो कर दिया गया, लेकिन डिपोर्टेशन की प्रक्रिया लंबित रहने के कारण उसे सहारनपुर के डिटेंशन सेंटर में रखा गया।

अस्‍पताल परिसर में भारी पुलिस बल
इस दौरान गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय से दिशा-निर्देश लिए गए। पंजाब में दर्ज मामलों की रिपोर्ट मंगाई गई और पाकिस्तानी दूतावास से समन्वय के बाद वापसी का निर्णय लिया गया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पूरे अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा कारणों से उसे किस मार्ग से और किस समय अटारी ले जाया गया, इसकी जानकारी गोपनीय रखी गई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सभी कानूनी प्रक्रियाएं केंद्र सरकार के निर्देशों में पूरी की गई हैं।

क्‍या बोले अपर पुलिस अधीक्षक मनोज यादव
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज यादव ने बताया कि इकबाल भट्टी के खिलाफ थाना सदर बाजार में चार मुकदमे थे, जबकि पंजाब पुलिस ने भी उसके विरुद्ध मुकदमा किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया था। अब सजा पूरी होने और औपचारिकताएं संपन्न होने के बाद उसे सीमा पार भेजा जा रहा है।

इकबाल ने खुद को निर्दोष बताया
मेडिकल जांच में इकबाल ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों को झूठा करार दिया, लेकिन प्रशासन का कहना है कि अदालत के फैसले और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही कार्रवाई की गई है। मंगलवार दोपहर 12 बजे अटारी बॉर्डर पर कागजी कार्रवाई के बाद उसे पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *