धामी मोदी
देहरादून 29 जून 2025। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’मन की बात’ कार्यक्रम का 123वां संस्करण सुनकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को योग, सामाजिक एकता, सेवा भाव और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक स्तर पर एक अलग पहचान मिली है। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ने एक बार फिर यह प्रदर्शित कर दिया कि योग ने न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने देश को विश्व स्वास्थ्य संगठन के ट्रैकोमा मुक्त घोषित किए जाने और अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन की रिपोर्ट में 64 प्रतिशत जनसंख्या को सोशल सुरक्षा के अंतर्गत लाए जाने की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में देश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने “मन की बात“ में उजागर की गई सामूहिक सेवा, धार्मिक यात्राओं के दौरान मिलन की भावना और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के आदर्श को साकार करता है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इन संदेशों को अपनी दिनचर्या में अपनाएं और उत्तराखंड को भी आत्मनिर्भर व समृद्ध भारत का एक गौरवशाली हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, अध्यक्ष उत्तराखण्ड राज्य सलाहकार श्रम संविदा बोर्ड कैलाश पंत और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
मन की बात 123वां संस्करण: प्रधानमंत्री मोदी ने की योग दिवस की प्रशंसा, इमरजेंसी की आलोचना, खाने में 10% तेल घटाने का आग्रह दोहराया
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 123वें संस्करण में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने देशवासियों को कलबुर्गी की रोटी और मेघालय के ऐरी सिल्क के बारे में भी बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात का 123वां एपिसोड रविवार (29 जून) को प्रसारित हुआ। 22 भाषाओं में प्रस्तुत इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने योग दिवस पर चर्चा से की। इसके बाद आपातकाल याद कर इसकी आलोचना की और कहा कि इमरजेंसी के समय लड़ने वाले लोगों को याद रखा जाना चाहिए। इस बीच सेहत पर बात करते हुए उन्होंने खाने में 10 प्रतिशत तक तेल कम करने की बात दोहराई और लोगों से स्वदेशी सामान खरीदने की अपील भी की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस लगातार भव्य होता जा रहा है। प्रधानमंत्री ने तेलंगाना में दिव्यांगजनों के योग से लेकर कश्मीर में जवानों के योग तक का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने तीर्थ यात्रियों की मदद करने वाले लोगों के बारे में बात करते हुए कैलाश पर्वत का जिक्र किया और कहा कि अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री ने तीर्थ यात्राओं पर जाने वाले सभी लोगों को और उनकी मदद करने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं।
ILI और WHO ने भारत को सराहा
इंटरनेशनल लेबर ऑर्गनाइजेशन और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत की उपलब्धियों की तारीफ की है। आंखों की बीमारी ट्रैकोमा देश में एक समय पर आम थी। इलाज नहीं मिलने पर इससे लोग अंधे भी हो जाते थे, लेकिन भारत सरकार ने इसे खत्म करने का संकल्प लिया। अब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को ट्रैकोमा फ्री घोषित कर दिया है। विश्व स्वाथ्य संगठन ने भी इस बात की तारीफ की है कि भारत ने बीमारी को दूर करने के साथ ही उसके कारणों को भी खत्म किया है।
भारत के 64 फीसदी लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ
इंटरनेशनल लेबर ऑर्गनाइजेशन ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि भारत में 64 फीसदी लोगों को किसी न किसी सामाजिक योजना का लाभ मिल रहा है। 2014 तक यह आंकड़ा बेहद कम था, लेकिन अब इसमें सुधार हुआ है। यह भारत के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अमरनाथ यात्रा और जगन्नाथ रथ यात्रा का भी जिक्र किया।
इमरजेंसी के समय की आलोचना
पीएम मोदी ने आपातकाल का समय याद करते हुए कहा कि इमरजेंसी के समय पर अभिव्यक्ति की आजादी खत्म कर दी गई थी। लोगों पर अत्याचार हुआ था, लेकिन भारत की जनता नहीं हारी और इमरजेंसी खत्म होने के बाद इसे लगाने वाले लोग चुनाव हार गए थे। पीएम ने कहा कि हमें आपातकाल का विरोध करने वाले लोगों को याद रखना चाहिए। इससे हमें अपने संविधान को बचाए रखने की ऊर्जा मिलती है। पीएम ने अपने संबोधन में बोरोलैंड के फुटबॉल टूर्नामेंट के बारे में भी बताया, जिसमें हजारों टीमें शामिल हैं। बोरोलैंड एक समय पर संघर्ष के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां के लोग भी मुख्य धारा में शामिल हो गए हैं और असम से बाहर निकलकर अपनी पहचान बना रहे हैं।
ऐरी सिल्क की चर्चा
मेघालय के ऐरी सिल्क के बारे में बात करते हुए बताया कि यह सिल्क सर्दियों में गरम करता है और गर्मी में ठंडक देता है। इसे हाल ही में जीआई टैग मिला है। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए रेशम के कीड़े को मारा नहीं जाता है। पीएम मोदी ने सभी देशवासियों से एक बार इस सिल्क के कपड़े ट्राई करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी ग्राहक स्थानीय सामान खरीदें और सभी दुकानदार स्थानीय सामान बेचें। पीएम ने कलबुर्गी की रोटी और मध्य प्रदेश की सूमा उईके का जिक्र करते हुए बताया कि ऐसी महिलाएं अपने प्रयासों से अपना और देश का भाग्य बदल रही हैं।
अहमदाबाद नगर निगम का सिंदूर वन
अहमदाबाद में नगर निगम ने सिंदूर वन तैयार किया है। यहां सिंदूर के पौधे लगाए गए हैं। यह वन ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को समर्पित है। वहीं, पुणे के एक व्यक्ति ने अपने पूरे परिवार के साथ वन जीवन को बचाने का फैसला किया है। वह हर छुट्टी वाले दिन जंगल जाकर पेड़ लगाते हैं और पानी भरने के लिए गड्ढे खोदते हैं। इससे वहां का पर्यावरण बेहतर हुआ है। अब वहां पक्षी लौटने लगे हैं। संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने अंतरिक्ष मिशन का जिक्र किया और शुभांशु शुक्ला की भी तारीफ की।

