देहरादून में पत्रकार हत्या नशे में कि लेनदेन का विवाद?

पैसों के लेनदेन के विवाद में हुई देहरादून में पत्रकार की हत्या,दो पकड़े
देहरादून 18 दिसंबर 2025। जाखन में तीन दिन पहले पत्रकार की हत्या का कारण पैसों के लेनदेन का विवाद था. पुलिस जांच में पत्रकार और उसकी रुमर्ड महिला साथी में आयु के अधिक अंतर के प्रारंभिक बिंदू के बाद दूसरा बिंदू दोनों पक्षों में पैसों के लेनदेन को लेकर गरमागरमी भी सम्मिलित हो गई है। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखा दो आरोपित पकड़े जिनमें एक पत्रकार और दूसरा उसका मुंबई का साथी है ।  पुलिस इस सनसनीखेज हत्या को गहनता से जांच है।

पत्रकार पंकज मिश्रा की मौत मामले में राजपुर थाना पुलिस ने दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा लिख अमित सहगल (निवासी विजयपुर गोपीवाला अनारवाला) व उसके दोस्त पार्थोशील (निवासी बावड़ी गोरेगांव ईस्ट मुंबई) को पकड़ा है।

बताया जा रहा है कि पैसों के लेनदेन पर दोनों पक्षों में कहा सुनी हुई। अमित सहगल ने  पत्रकार पंकज मिश्रा के पेट व छाती पर लात-घूंसे मारे,जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आई । मुंह से खून भी निकला। पुलिस ने अमित सहगल व उसके साथी को पकड़ तो लिया, लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई। कल मृतक का डाक्टरी बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया, पुलिस को अभी रपट का इंतजार है।

पुलिस को लिखित शिकायत में पंकज के छोटे भाई अरविंद मिश्रा (निवासी आलोक नगर, अहिबरनपुर सीतापुर रोड लखनऊ) ने बताया है कि उनका भाई पंकज मिश्रा दून विहार जाखन में पत्नी लक्ष्मी के साथ रहते थे। 15 दिसंबर रात लगभग 10 बजे पंकज का परिचित अमित सहगल कुछ अन्य जनों के साथ गैंग बना पंकज मिश्रा के घर आया और गाली गलौच कर हत्या की नीयत से मारपीट की। अमित सहगल ने पंकज मिश्रा के सीने और पेट पर लात-घूंसे मारे,जिससे भाई पंकज मिश्रा के मुंह से खून निकलने लगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार अमित सहगल के साथ आए युवक ने कहा कि यह हार्ट और लीवर का मरीज है,इसके पेट और सीने पर मारो। तब अमित सहगल ने कहा कि बस इतने में ही इसका काम हो जाएगा। आरोपितों ने मारपीट कर उनके भाई का मोबाइल छीन लिया। पंकज मिश्रा की पत्नी अपने मोबाइल से पुलिस को सूचना देने लगी तो अमित सहगल और उसके साथी भाभी लक्ष्मी का भी मोबाइल छीन कर उनसे बदसलूकी कर भाग गए। पंकज मिश्रा ने राहगीर के फोन से पुलिस को घटना की सूचना दी।

अरविंद मिश्रा के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मेडिकल और लिखित शिकायत को कहा। उनके भाई और भाभी ने चोट और डर के कारण रात में ना जाकर सुबह कार्रवाई करने की बात कही। पंकज ने 16 दिसंबर की प्रात: लगभग 3 बजे कराहते हुए अपनी पत्नी को आवाज लगाई कि उसे दर्द हो रहा है। जब तक उनकी भाभी उठती तब तक पंकज बिस्तर से उठे और बेहाल जमीन पर गिर गए। भाभी ने पड़ोसियों को उठा कर उनके फोन से स्वजनों को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया।

फेसबुक पोस्ट से मची हलचल
घटना से पहले पत्रकार पंकज मिश्रा ने मुख्यमंत्री सहित कुछ अधिकारियों व साथियों को लेकर एक पोस्ट लिखी थी। यह पोस्ट उन्होंने बाद में डिलीट कर दी। उन्होंने दूसरी पोस्ट में कहा कि कल रात मुख्यमंत्री सहित मेरे कई अभिन्न मित्रों के लिए अशोभनीय और सामाजिक गलत शब्दों का प्रयोग कर मेरे फेसबुक पर पोस्ट की गई, जो मेरे द्वारा ही की गई थी शायद?? मैं लगभग रोज ही ड्रिंक करता हूं और शुगर व ब्लड प्रेशर ज्यादा बढ़ा हुआ था । उसी का फायदा हमारे राजनीतिक मित्रों ने मुख्यमंत्री सहित मेरे मित्रों और शहर के अधिकारियों व पत्रकार मित्रों के नाम के साथ राजनीतिक षड्यंत्र में मुझे शराब पिलाकर मेरे फोन और मेरी फेसबुक से कई सम्मानित नेताओं और अधिकारियों के विरुद्ध अपशब्द और गलत लिखा गया जिसके लिए में अपराध बोध और शर्मिंदगी के साथ सबसे क्षमा मांगता हूं। इसके बाद उन्होंने लिखा कि कुछ राजनीतिक विरोधी चरित्र के लोगों ने मेरा प्रयोग किया और मेरा सम्मान गिराया। जल्द ही इस बात का खुलासा भी करूंगा।

कुछ दिन पहले अमित सहगल की बेटी की शादी में शामिल हुए थे अमित
अमित सहगल व पंकज मिश्रा लंबे समय से एक दूसरे को जानते थे। पंकज मिश्रा कुछ दिन पहले अमित सहगल की बेटी की शादी में शामिल हुआ था। इसी शादी में अमित सहगल का दोस्त पार्थोशील भी मुंबई से आया हुआ था। 15 दिसंबर को अमित सहगल व पार्थोशील दोनों ही पंकज मिश्रा के घर आए थे। शराब पीने के बाद पहले पंकज मिश्रा व पार्थोशील में बहस हुई। बताया जा रहा है कि पंकज मिश्रा ने पार्थोशील के सिर पर गिलास फेंक दिया था, तब अमित सहगल ने गुस्से में उनकी पिटाई कर दी।

लक्ष्मी के साथ लिव-इन में रह रहे थे अमित मिश्रा
पुलिस के अनुसार पंकज मिश्रा लक्ष्मी के साथ लंबे समय से लिव-इन में थे।  पंकज मिश्रा की मृत्यु की सूचना पर पुलिस उनके घर पहुंची तो यह पता चला। इसी से पुलिस को मृतक का दोबारा पोस्टमार्टम करवाना पड़ा। मृतक के भाई अरविंद मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि अमित सहगल ने उनके भाई को धमकाया तो उन्होंने खुद सहगल को फोन किया। फोन पर सहगल ने उनसे भी दुर्व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार चिकित्सकों ने अमित सहगल के दबाव में गलत रिपोर्ट बनाई। अमित सहगल ब्लैकमेलर प्रवृति का है, लोग उससे डरते हैं। संदेह पर उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने पुष्टि की है कि गहन पूछताछ और जांच बाद दो आरोपित गिरफ्तार किये गये हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने अपने रिकॉर्डेड बयान में बताया कि प्राथमिकी में नामांकित अमित सहगल और उसका सहयोगी पार्थोशील (निवासी मुंबई) पकड़ा  गया है। यह कार्रवाई सबूतों, फॉरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर की गई।

घटना की गंभीरता के दृष्टिगत राजपुर थाना में मृतक के भाई की शिकायत पर मुकदमा लिखा गया। पुलिस प्राथमिकी में अमित सहगल को मुख्य आरोपित बनाया गया है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 103 (हत्या ), 304 (छीनाझपटी), 333 (चोट/हमले की तैयारी के साथ घर में अवैध प्रवेश) और 352 (शांति भंग करने को जानबूझकर अपमान) में लिखा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह  ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत पुलिस ने तुरंत विस्तृत जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की पड़ताल की, मृतक की पत्नी और पडोसियों के बयान लिए गए और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *