धराली आपदा में लापता 66 लोगों की सूची जारी, 24 नेपाली नागरिक, 2 मृतक

इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर ने धराली में लापता 66 लोगों की लिस्ट जारी की, 24 नेपाली नागरिक, मृतक 2 – UTTARKASHI DISASTER
उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त को भीषण आपदा आई थी, खीर गंगा की बाढ़ ने धराली गांव और बाजार को तहस-नहस कर दिया था
धराली में लापता लोगों की खोजबीन जारी
उत्तरकाशी 12 अगस्त 2025 : उत्तराकाशी के धराली में 5 अगस्त 2025 को आई भीषण आपदा के बाद आज मंगलवार 12 अगस्त को 8वें दिन भी लापता लोगों की खोजबीन जारी है. जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने धराली आपदा में लापता और मृतकों की नई लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में 68 लोगों के नाम हैं. इनमें दो मृत व्यक्तियों का नाम भी शामिल है. धराली आपदा में नेपाल के 24 लोग लापता हैं.

आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जारी की मृतकों और लापता लोगों की लिस्ट: उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जो लिस्ट जारी की है, उसमें आकाश पुत्र महावीर सिंह निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी को मृत बताया गया है. भीम सिंह शेखात पुत्र महेश सिंह शेखावत, निवासी कोटपुतली राजस्थान को मृत बताया गया है.

लापता लोगों की लिस्ट (Photo Courtesy- Emergency Operation Center Uttarkashi)
66 लापता और 2 मृतकों की लिस्ट: अभी तक इस आपदा में एकमात्र यही मौत अभी तक दर्शाई गई है. नेपाल के 24 लापता लोगों के अलावा उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के 42 लोग लापता बताए गए हैं. नेपाली नागरिकों समेत कुल 66 लोग लापता की लिस्ट में दर्ज हैं.

लापता लोगों की लिस्ट (Photo Courtesy- Emergency Operation Center Uttarkashi)
सरकारी लिस्ट के अनुसार उत्तरकाशी के धराली के कुल 7 लोग लापता बताए गए हैं.

इनके नाम इस प्रकार हैं-

1-मुकेश( पुत्र महेंद्र, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
2-विजेता देवी (पत्नी मुकेश सिंह, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
3-अनीक (पुत्र मुकेश सिंह, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
4-शुभम (पुत्र धर्मेंद्र, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
5-गौरव (पुत्र चरण सिंह, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
6-सुमित (पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
7-घनेंद्र सिंह (पुत्र अमर सिंह, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी)
उत्तरकाशी जिले के लोदाड़ा धौंतरी के भी 2 लोग धराली आपदा में लापता हुए हैं. इनके नाम हैं.

1-लोकेंद्र चौहान (पुत्र खेमराज चौहान, निवासी लोदाड़ा धौंतरी)
2-धनवीर चौहान (पुत्र घृपाल सिंह, निवासी लोदाड़ा, धौंतरी)
बिहार और राजस्थान के लोग भी हैं लापता: इसके साथ ही सोबित पंवार (पुत्र अजयपाल पंवार, निवासी बयाणा तहसील भटवाड़ी) भी लापता हैं. सुरेंद्र (पुत्र गैणा सिंह निवासी गणेशपुर) लापता हैं तो सुखवीर सिंह (पुत्र नामालून निवासी कामर ) भी लापता बताए गए हैं. टिहरी गढ़वाल के कैलाश (पुत्र चरणदास) भी लापता हैं. इसके साथ ही राजस्थान की एक महिला कृतिका जैन (पुत्री सुरेश जैन) समेत 6 लोग धराली आपदा में लापता हैं. बिहार के 13 लोग लापता हैं. उत्तर प्रदेश के 8 लोग लापता बताए गए हैं. हरियाणा का भी एक व्यक्ति लापता बताया गया है.

लापता लोगों की लिस्ट (Photo Courtesy- Emergency Operation Center Uttarkashi)
धराली में लापता लोगों की खोजबीन जारी है:उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा में लापता लोगों की रडार और स्निफर डॉग की मदद से खोजबीन हो रही है.पल-पल बदलता मौसम खोजबीन में लगी सेना,आईटीबीपी,एनडीआरएफ,एसडीआरएफ,स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम के सामने मुश्किल पैदा कर रहा है,लेकिन टीम बारिश बंद होते ही,अपने अभियान में जुट जाती है.

नेपाल के ये नागरिक धराली आपदा के बाद से लापता हैं (Photo Courtesy- Emergency Operation Center Uttarkashi)

मलबे में दबे ‘जीवन’ की खोज, NGRI कर रही GPR तकनीक का उपयोग

राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान ने बाढ़ प्रभावित धराली में लापता लोग ढूंढने शुरू किये.
नेशनल जियोग्राफिकल रिसर्च इंस्टिट्यूट (एनजीआरआई) के विशेषज्ञों ने आज उत्तरकाशी के बाढ़ प्रभावित धराली गांव में ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर) की मदद से लापता लोग खोजने शुरू किये. लापता लोगों की संख्या 66 है, जिसमें 24 नेपाली मूल के नागरिक भी हैं. विशेषज्ञों की टीम वे जगह पहचानेगी, जहां लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की ज्यादा आशंका हो.

जीपीआर एक ज्योग्राफिकल मेथड है, जो सतह के नीचे  वस्तुओं और ढांचे ढूंढने को रेडियो वेव्स उपयोग करता है. एनजीआरआई ने इस साल फरवरी में तेलंगाना में ढही एसएलबीसी सुरंग में फंसे लोगों का पता लगाने के लिए जीपीआर इस्तेमाल किया था.

ऐसे करता है काम: एनजीआरआई अधिकारियों ने बताया कि एनजीआरआई का ये रडार कीचड़ और पानी में भी मानव जीवन का पता लगा सकता है. उन्होंने कहा कि जीपीआर सर्वेक्षण मलबे में विसंगतियों का भी पता लगाएंगे. एनजीआरआई विशेषज्ञों की टीम सोमवार शाम धराली पहुंची.

66 लोग लापता: गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि 5 अगस्त को धराली में आई त्रासदी के बाद से 24 नेपाली मजदूर और 42 अन्य लापता हैं. वहीं धराली गांव के एक युवक आकाश पंवार का शव कुछ दिन पहले मिला था. 24 नेपाली मजदूर और 42 अन्य समेत 66 लोग लापता हैं. जिनमें 9 सैन्यकर्मी, धराली गांव के 8 निवासी, आस-पास के 5 लोग, टिहरी जिले का 1 व्यक्ति, बिहार के 13 और उत्तर प्रदेश के 6 लोग हैं.

सहायता राशि बांटी: प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के तौर पर 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है. उनके लिए राहत एवं पुनर्वास का एक बड़ा पैकेज तैयार किया जा रहा है.

1300 से ज्यादा लोग बचाये: धराली आपदा के बाद हवाई बचाव अभियान शुरू होने के बाद से 1300 से ज्यादा लोगों को निकाला जा चुका. उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न, खाद्य सामग्री और कपड़े, गमबूट और स्लीपिंग बैग जैसी आवश्यक वस्तुएं दी गई हैं.

जेसीबी समेत ऑपरेटर बहा: एक अन्य घटना के बारे में उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित क्षेत्र में सड़क संपर्क बहाल करने में लगा एक जेसीबी ऑपरेटर कल भागीरथी नदी के उफनते पानी में गिर कर लापता हो गया. उसकी तलाश चल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *