पौंटा साहिब पुल की मरम्मत को दो माह बंद रहेगा यातायात

देहरादून 08 अगस्त 2024 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को हिमाचल के लोकनिर्माण विभाग तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और हिमाचल के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मध्य उत्तराखण्ड और हिमाचल के बीच आपसी कनेक्टिविटी जोड़ने को चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दोनों राज्यों की सीमा पर स्थानीय कृषकों को टोल टैक्स में छूट दी जाय।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भी फोन पर वार्ता कर दोनों राज्यों की आपसी कनेक्टिविटी को और अधिक विस्तार देने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड और हिमाचल की भौगोलिक स्थिति लगभग एक जैसी है। उन्होंने हाल ही में सम्पन्न हुई नीति आयोग की बैठक में हिमालयी राज्यों के समग्र विकास के लिए विशिष्ट नीतियां बनाने का भी अनुरोध किया है।

हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड को जोडने वाले पांवटा साहिब में यमुना नदी पर 550 मीटर लम्बे 02 लेन पुल पर वाहनों की आवाजाही में भारी कम्पन दिखता है। आई.आई.टी. रूडकी की जांच और संस्तुति के बाद सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार ने भी इसकी मरम्मत मान ली है। इसके लिये कम से कम 02 माह पुल का यातायात बन्द करना होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार इसके लिए पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत से पहले जिलाधिकारी देहरादून और जिलाधिकारी सिरमोर (हिमाचल प्रदेश) डायवर्जन प्लान बना लेंगें।

कैबिनेट मंत्री हिमाचल प्रदेश विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यातायात सुगमता को पुल के पास बनाये गये वन, खनन, आबकारी एवं आर.टी.ओ. के अवरोधों तथा लोडेड वाहनों की पार्किंग को पुल से 01 किलोमीटर दूर स्थानान्तरित किये जाने की आवश्यकता होगी, इस पर मुख्यमंत्री धामी ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

कैबिनेट मंत्री हिमाचल प्रदेश विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल को उत्तराखण्ड से जोड़ने के प्रयासों पर बल देते हुए उत्तराखण्ड के यमुना नदी पर बनाये गये भीमावाला नावघाट 540 मीटर लम्बे पुल को जोडने वाले 820 मीटर लम्बे सम्पर्क मार्ग के निर्माण पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल से उत्तराखण्ड को जोडने वाले धौला से सेवाडोगरी तक 10 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य होने से डोडराक्वार क्षेत्र में 12 महीने आवागमन सुचारू हो जायेगा और दोनों राज्यों की आपसी कनेक्टिविटी भी बन जायेगी।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की पूर्व लोकसभा सांसद श्रीमती प्रतिभा सिंह, सचिव लोक निर्माण विभाग डॉक्टर पंकज कुमार पाण्डेय और हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *