आचार संहिता के 20 दिन में धामी की 10 राज्यों में 60 सभायें, रोड-शो और जनसंपर्क

CM Dhami Campaigned In More Than 10 States In Support Of BJP Candidates In The Lok Sabha Elections 2024
22 दिन, 10 राज्य और 60 से ज्यादा चुनावी कार्यक्रम, प्रचार को सबसे ज्यादा डिमांड में रहे मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव प्रचार में सबसे ज्यादा मांग वाले मुख्यमंत्रियों में रहे। मुख्यमंत्री ने 14 अप्रैल से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत पीलीभीत लोकसभा सीट से की और इसके बाद प्रचार का सिलसिला लगातार जारी रहा। प्रचार अवधि में उनका केंद्र दिल्ली रहा और वहीं से वीडियो कांफ्रेंसिंग से उन्होंने राज्य के शासन तंत्र से बैठकें की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में देश के 10 से अधिक राज्यों में धुआंधार प्रचार किया। 22 दिन के इस प्रचार में धामी ने 60 से ज्यादा चुनावी कार्यक्रम किए। इनमें चुनावी जनसभाएं, रोड शो और जन संवाद से उन्होंने भाजपा के समर्थन में वोट मांगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में योगी के बाद धामी की सबसे ज्यादा मांग रही है। मुख्यमंत्री ने 14 अप्रैल से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत पीलीभीत लोकसभा सीट से की। अप्रैल में उन्होंने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत,गाजियाबाद,लखनऊ,बरेली,तेलंगाना के निजामाबाद,वारंगल में और पश्चिमी बंगाल की हुगली में कुल 10 चुनावी कार्यक्रम किए।

मई महीने में उन्होंने उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और हिमाचल राज्य की विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर उनके पक्ष में वोट डालने की अपील की। मुख्यमंत्री धामी ने पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत कर पड़ोसी राज्य हिमाचल की शिमला संसदीय सीट पर जनसंपर्क से अपने चुनाव प्रचार का समापन किया।

इसलिए रही मुख्यमंत्री की डिमांड

लोकसभा और विधानसभा चुनाव के प्रचार में उत्तराखंड सरीखे छोटे राज्य के मुख्यमंत्रियों को अभी तक पड़ोसी राज्यों में ही स्टार प्रचारक बनाने की परंपरा रही है। पुष्कर सिंह धामी संभवत: अकेले मुख्यमंत्री हैं,जिन्हें उत्तर प्रदेश,हिमाचल और दिल्ली के अलावा पश्चिमी बंगाल,तेलंगाना,महाराष्ट्र,पंजाब, हरियाणा राज्य में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार को भेजा गया। इसका एक प्रमुख कारण धामी सरकार में लिए गए वे फैसले हैं,जिनकी पूरे देश में चर्चा है। इसमें सबसे प्रमुख समान नागरिक संहिता कानून है,जिसे बनाने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। भाजपा ने घोषणा पत्र में यूसीसी को देश में लागू करने का वादा किया है। धामी ने सभी राज्यों में यूसीसी कानून को आधार बना भाजपा के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार के लाभ भी गिनाएं। देश में उत्तराखंड के सबसे कठोर नकल विरोधी कानून और जबरन धर्मांतरण रोकने के कानून की भी चर्चा रही है। धामी ने दोनों कानूनों से लोगों को भाजपा से जोड़ने की कोशिश की।

दस राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन से मिली जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए देवतुल्य जनता से मिले अगाध स्नेह,प्रेम एवं असीम समर्थन के लिए सहृदय आभार। प्रत्येक जनसभा,रोड शो और संवाद कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन आप सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं प्रत्याशियों के अथक परिश्रम को परिलक्षित करता है। इस दौरान लोगों में दिखे असीम उत्साह से यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जन-जन का विश्वास आज भी अडिग है और जनता-जनार्दन ने मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है। -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *