पूर्व भाजपाईयों ने शैलजा के पांव छू “बेशर्त”ज्वाइन की कांग्रेस

उत्तराखंड कांग्रेस में सियासी हलचल: क्या भीमलाल आर्य से पुराने विवाद भूल पाएंगे हरीश रावत

उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व विधायक भीमलाल आर्य की कांग्रेस में वापसी से पुराने रिश्तों और बदले समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत।

देहरादून/नई दिल्ली 29 मार्च 2026। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर पुराने रिश्तों और बदले समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।

कांग्रेस में पूर्व विधायक भीमलाल आर्य की वापसी ने खासतौर पर वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ उनके संबंधों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि हरीश रावत आर्य के साथ पुरानी कटुता को भूल पाएंगे।

उधर, कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का पूर्व में रुद्रपुर में हुई जनसभा का एक पुराना वीडियाे भी इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह गांधी परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं।

भीमलाल आर्य ने 2016 के राजनीतिक संकट के दौरान भाजपा से बगावत कर हरीश रावत सरकार का खुलकर समर्थन किया था और अपनी विधायकी तक दांव पर लगाने की बात कही थी।

उस समय दोनों नेताओं के बीच नजदीकी साफ नजर आई थी। हालांकि, कुछ ही महीनों बाद समीकरण बदले और आर्य ने रावत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

अगस्त 2016 में उन्होंने अपने क्षेत्र घनसाली की मांगों को लेकर रावत के आवास के बाहर धरना दिया और उन्हें विकास का कातिल तक कह दिया। इस बयान ने दोनों के रिश्तों में गहरी तल्खी ला दी थी।

अब ताजा राजनीतिक घटनाक्रम में आर्य की कांग्रेस में वापसी ने पार्टी के भीतर नई बहस छेड़ दी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह पुराने विवादों को पीछे छोड़कर आर्य को स्वीकार करते हैं या फिर यह मुद्दा अंदरूनी खींचतान को जन्म देगा।

चर्चा यह भी है कि हरीश रावत अपने एक करीबी को पार्टी में शामिल करना चाहते थे, लेकिन प्रदेश स्तर के नेताओं के बीच सहमति नहीं बनी। बताया जा रहा है कि हरीश रावत इससे खुश नहीं है। वह दिल्ली में शनिवार को हुए कार्यक्रम में भी नहीं दिखे।

कांग्रेस ज्वाइन करते समय पिछली पंक्ति में बैठे दिखे उत्तराखंड के 6 बड़े नेता, आगे थे पार्टी के दिग्गज
आज दिल्ली में उत्तराखंड के कई पूर्व भाजपा नेताओं और दो निर्दलीय नेताओं ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है, कुमारी शैलजा ने ज्वाइनिंग कराई।
BJP LEADER JOINS CONGRESS
पिछली पंक्ति में बैठे इन नेताओं ने ज्वाइन की कांग्रेस

कहते हैं तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं और पूरी कहानी बता देती हैं. ऐसा ही आज उत्तराखंड के नेताओं के कांग्रेस ज्वाइन करते वक्त की तस्वीरें भी कह रही हैं. दरअसल उत्तराखंड कांग्रेस आज बहुत खुश है. आए दिन भाजपा राज्य के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा रही थी. आज कांग्रेस ने एक साथ भाजपा के कई बड़े नेताओं समेत 6 लीडर्स को पार्टी ज्वाइन कराई है. इनमें कई पूर्व विधायक शामिल हैं. कांग्रेस की सदस्यता लेने का ये कार्यक्रम कांग्रेस के दिल्ली मुख्यालय में संपन्न हुआ. इस दौरान की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें कांग्रेस ज्वाइन करने वाले सभी नेता पिछली पंक्ति में बैठे दिख रहे हैं.

उत्तराखंड के 6 बड़े नेता कांग्रेस में: आज शनिवार 28 मार्च को उत्तराखंड के जिन 6 नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की है, उनमें भाजपा के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, बसपा के पूर्व विधायक नारायण पाल, टिहरी की घनसाली सीट से पूर्व भाजपा विधायक भीमलाल आर्या, रुड़की नगर निगम के पूर्व मेयर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और भीमताल से भाजपा नेता लाखन सिंह नेगी शामिल हैं.

दिल्ली में भाजपा के कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ (Courtesy: Congress Social Media)
पिछली पंक्ति में बैठे दिखे कांग्रेस ज्वाइन करते नेता: इन नेताओं के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने के समय की और उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के प्रेस को संबोधित करने के समय की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें ये नेता पिछली पंक्ति में बैठे नजर आ रहे हैं. अगली पंक्ति में उत्तराखंड कांग्रेस की टॉप लीडरशिप बैठी है. तस्वीर में कुमारी शैलजा सबसे आगे बीच में बैठी हैं. इनके दोनों तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या बैठे हैं.

किस नेता के पीछे बैठा था कौन नेता: यशपाल आर्या के बगल में प्रीतम सिंह और प्रीतम के बगल में हरक सिंह रावत बैठे हैं. इधर गणेश गोदियाल के बगल में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और उनके बगल में काजी निजामुद्दीन बैठे दिख रहे हैं. ये तो पहली पंक्ति हो गई. आज कांग्रेस ज्वाइन करने वाले 6 नेता कांग्रेस के इन बड़े नेताओं के पीछे बैठे दिखे.

उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा जब उत्तराखंड के इन 6 नेताओं की कांग्रेस ज्वाइनिंग की सूचना प्रेस को दे रही थीं तो तब ये नेता पिछली पंक्ति में बैठे दिख रहे हैं. प्रीतम सिंह के पीछे मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता बैठे थे. यशपाल आर्या के पीछे घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्या बैठे थे. कुमारी शैलजा के पीछे दो बार के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बैठे दिखे. गणेश गोदियाल के पीछे पूर्व विधायक नारायण पाल और करन माहरा के पीछे रुड़की नगर निगम के पूर्व मेयर गौरव गोयल बैठे दिखे ।  निजामुद्दीन के पीछे भीमताल के भाजपा नेता लाखन सिंह नेगी दिखाई दिए.

BJP LEADER JOINS CONGRESS
कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद विक्ट्री साइन दिखाते नेता (Photo Courtesy: Congress Social Media)
नेताओं में नहीं दिखा उत्साह: जो तस्वीर दिख रही है, उसमें ज्वाइनिंग और उसके बाद विक्ट्री साइन दिखाने के अलावा किसी के भी चेहरे पर मुस्कुराहट नहीं दिख रही है. न तो कांग्रेस के किसी लीडर का चेहरा इस बड़े मौके पर खिला दिखा और न ही जिन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की उन नेताओं की भाव भंगिमा उत्साहजनक दिखाई दे रही थी.

धामी कैबिनेट में हैं कांग्रेस मूल के 7 मंत्री: उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड की धामी कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 12 मंत्री हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें से 7 मंत्री कांग्रेस पृष्ठभूमि वाले हैं. 12 मंत्रियों में से 7 मंत्री प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, सतपाल महाराज और राम सिंह कैड़ा कांग्रेसी बैकग्राउंड के हैं. ऐसे में बड़ा सवाल है कि आज भाजपा छोड़कर जिन नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की है, क्या वो भी पार्टी में वैसा ही प्रभाव प्राप्त सकेंगे जैसा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं को मिला है.

BJP LEADER JOINS CONGRESS
कांग्रेस ज्वाइन करते भीमलाल आर्या (Photo Courtesy: Congress Social Media)
कुमारी शैलजा ने क्या कहा? कुमारी शैलजा ने इन 6 नेताओं को कांग्रेस ज्वाइन कराते समय जब इनका परिचय कराया तो उसके बाद कहा कि इन नेताओं ने बिना शर्त कांग्रेस ज्वाइन की है. यानी अभी इन नेताओं ने टिकट की मांग या टिकट के आश्वासन के बिना पार्टी ज्वाइन की है. शैलजा ने कहा कि शायद बीजेपी को इन नेताओं के कांग्रेस ज्वाइन करने की भनक लग गई थी, इसीलिए उन्होंने आनन-फानन में कैबिनेट का विस्तार किया. दरअसल बीजेपी ने 20 मार्च को कैबिनेट विस्तार किया था.

BJP LEADER JOINS CONGRESS
कांग्रेस ज्वाइन करते हुए लाखन सिंह नेगी (Photo Courtesy: Congress Social Media)
सबसे पहले दो बार के बीजेपी विधायक रहे राजकुमार ठुकराल ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की. उन्होंने कुमारी शैलजा के पैर छुए. इसके बाद शैलजा ने उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाया. ठुकराल के बाद दो बार के पूर्व विधायक नारायण पाल ने कुमारी शैलजा को नमस्कार करते हुए कांग्रेस का पटका लिया. तीसरे नंबर पर भीमलाल आर्या ने कांग्रेस की सदस्यता ली. उन्होंने भी कुमारी शैलजा के पैर छुए और कांग्रेस का पटका अपने कंधे पर रखवाया. कुमारी शैलजा ने उनके कंधे थपथपाकर उनके कान में कुछ कहा.

BJP LEADER JOINS CONGRESS
कांग्रेस ज्वाइन करते हुए राजकुमार ठुकराल (Photo Courtesy: Congress Social Media)
चौथे नंबर पर गौरव गोयल ने कांग्रेस ज्वाइन की. उन्होंने भी कुमारी शैलजा के पैर छुए और कांग्रेस की सदस्यता ली. पांचवें नंबर पर लाखन सिंह नेगी ने कांग्रेस ज्वाइन की. उन्होंने यशपाल आर्या के पैर छुए और कुमारी शैलजा को नमस्कार किया. कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले आखिरी नेता अनुज गुप्ता थे. उन्होंने कुमारी शैलजा के पैर छुए और कांग्रेस की सदस्यता ली. इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने माइक संभाला था. फिर फोटो सेशन हुआ तो सभी नेताओं ने विक्ट्री साइन दिखाए.

 

TAGGED:

DEFECTION IN UTTARAKHAND
UTTARAKHAND LEADER JOINS CONGRESS
बीजेपी लीडर कांग्रेस ज्वाइन
उत्तराखंड के नेता कांग्रेस ज्वाइन
BJP LEADER JOINS CONGRESS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *