रेलवे को बदनाम करने वालों पर 20 मुकदमें
रेलवे के खिलाफ फैलाई अफवाह तो दर्ज होगी एफआईआर, जानें रेल मंत्री ने क्या कहा
Indian Railway: दिवाली और छठ पर्व के मद्देनजर ट्रेनों में काफी भीड़ चल रही है। ऐसे में कई पुराने वीडियो भी शेयर किए जा रहे। इसे लेकर रेलवे ने चेतावनी जारी की है। पुराने और झूठे वीडियो शेयर करने पर कार्रवाई की बात कही गई है।
नई दिल्ली 20 अक्टूबर 2025 । रेलवे मंत्रालय ने कहा है कि वह सोशल मीडिया पर पुराने और भ्रामक वीडियो अपलोड करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा। इसके लिए चार दिनों में 20 से अधिक ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुराने और झूठे वीडियो डालकर रेलवे की इमेज को खराब करने की कोशिश कर रहे थे।
रेलवे की चेतावनी
रेलवे ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे लोगों पर जो सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो साझा कर अफवाह फैलाने और भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145(बी) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। जिसमें दोषियों को छह महीने तक की सजा हो सकती है।
अश्विनी वैष्णव ने क्या कहा
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे। दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर उन्होंने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं-तैयारियों की समीक्षा की।
अश्विनी वैष्णव की खरी-खरी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मौके पर कहा कि कई पुराने वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहे हैं। जब रेलवे कर्मचारी सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, तो मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि ऐसे भ्रामक वीडियो प्रसारित न करें। ऐसे वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से की बात
रेल मंत्री ने आनंद विहार स्टेशन पर पहुंचकर यात्रियों से सीधे बातचीत भी की और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में पूछा। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्री सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सोशल मीडिया पर रेलवे के बारे में फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।
दिवाली और छठ पर 12000 स्पेशल ट्रेन चला कर रेलवे ने रचा इतिहास,1 करोड़ यात्रियों को लाभ
दिवाली-छठ पर्व बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में धूम-धाम के साथ मनाई जाती है. इस दौरान देश भर में फैले बिहार-झारखंड और यूपी के लोग अपने घर वापस लौटते हैं. रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ हो जाती है. जिससे कई बार भगदड़ की स्थिति बन जाती है. लेकिन इस बार त्योहारी सीजन में भीड़ को कंट्रोल करने और यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए खास इंतजाम किया गया है. रेलवे की ओर से इस अवसर पर रिकॉर्ड 12000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं. जिससे करीब 1 करोड़ यात्रियों को लाभ होगा.
त्योहारी सीजन के दौरान रेलवे की तैयारी पर, रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक, दिलीप कुमार ने कहा, कि “भारतीय रेलवे ने इस वर्ष दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर 12,000 से अधिक ट्रेनों के संचालन की व्यापक योजना बनाई है. पिछले कुछ दिनों में, हमने जिन ट्रेनों का संचालन किया है, उनके माध्यम से हमने लगभग 1 करोड़ यात्रियों को विशेष ट्रेनों के माध्यम से सुविधा प्रदान की है. इन ट्रेनों को चलाने का मुख्य उद्देश्य बड़ी संख्या में उन लोगों को सुविधा प्रदान करना है जो त्योहारों के दौरान अपने घरों की यात्रा करना चाहते हैं.”
पिछले 4 दिनों मं 15 लाख यात्रियों ने यात्रा की
रेलवे के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक ने बताया, “पिछले साल, हमने 7,724 विशेष ट्रेनें चलाईं. इस साल हमने 12,000 ट्रेनें चलाने का फैसला किया है… पिछले 4 दिनों में, लगभग 15 लाख यात्रियों ने नई दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों का उपयोग करके अपने-अपने गंतव्य तक यात्रा की है.”
यात्रियों सुविधाएं बढ़ाई गईं, 12 लाख रेलवे कर्मचारी कर रहे दिन-रात काम
रेलवे के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक ने बताया- “हमने सभी प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं, सभी स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की सुविधाओं में वृद्धि की है. सभी रेलवे व्यवस्थाओं की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. 12 लाख रेलवे कर्मचारी दिन-रात अथक परिश्रम कर रहे हैं ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया जा सके.”

