वास्तव में कोरोना वैक्सीन और हार्ट अटैक से मौतों में है कोई संबंध? – AIIMS का अध्ययन

Covid Vaccine in India:   क्या वास्तव में कोरोना वैक्सीन और हार्ट अटैक से मौतों में है कोई संबंध? AIIMS के अध्ययन में महत्वपूर्ण अनावरण 

ICMR और AIIMS की नवीनतम रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि COVID-19 वैक्सीन और अचानक मौतों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है. युवा वयस्कों में इन मौतों के मुख्य कारण जेनेटिक म्यूटेशन, दिल की बीमारियां और गलत लाइफस्टाइल हैं.

 

नई दिल्‍ली 02 जुलाई 2025 । देशभर में COVID वैक्सीनेशन के बाद अचानक हार्ट अटैक से हो रही मौतों को लेकर आम आदमी के मन में यह सवाल उठने लगा था कि क्या कोरोना वैक्सीन और इन मौतों के बीच कोई कनेक्शन तो नहीं. इन सभी सवालों का जवाब देने के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) और AIIMS दिल्ली ने एक डीटेल्ड स्टडी किया, जिसके बाद अब इसे लेकर मेडिकल समुदाय की तरफ से बड़ा स्पष्टीकरण आया है. इसमें कहा गया है कि कोविड वैक्सीन और युवाओं की अचानक मौतों के बीच कोई सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है.

ICMR और नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (NCDC) ने इस विषय पर गहन जांच की. इनके मुताबिक, COVID-19 की वैक्सीन भारत में पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावी है. स्टडी के अनुसार, हार्ट अटैक (मायोकार्डियल इन्फ्राक्शन), जेनेटिक म्यूटेशन, पोस्ट-COVID कॉम्प्लिकेशन्स और जोखिम भरी जीवनशैली ही अचानक मौतों की बड़ी वजहें हैं.

दो बड़ी रिसर्च से निकला नतीजा

पहली स्टडी ICMR के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी (NIE) द्वारा की गई थी, जिसका शीर्षक था, “Factors associated with unexplained sudden deaths among adults aged 18-45 years in India – A multicentric matched case–control study.” यह स्टडी मई से अगस्त 2023 के बीच 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 47 अस्पतालों में की गई. इसमें उन लोगों को शामिल किया गया जो पहले से स्वस्थ थे लेकिन अक्टूबर 2021 से मार्च 2023 के बीच अचानक मृत्यु का शिकार हो गए.

इस रिसर्च में पाया गया कि COVID वैक्सीन लेने से अचानक मृत्यु का कोई खतरा नहीं बढ़ता.

दूसरी स्टडी AIIMS दिल्ली में ICMR के सहयोग से की जा रही है, जिसका नाम है: “Establishing the cause in sudden unexplained deaths in young” यह एक प्रॉस्पेक्टिव स्टडी है जिसमें सीधे केस स्टडीज के ज़रिए मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है. शुरुआती डेटा से यह सामने आया है कि हार्ट अटैक अब भी युवा मौतों का प्रमुख कारण है, और मृत्यु के पैटर्न में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है.

अफवाहों से बढ़ रही वैक्सीन हिचकिचाहट

इन स्टडीज के बाद वैज्ञानिकों ने दो टूक कहा है कि वैक्सीन और अचानक मौतों के बीच का संबंध अवैज्ञानिक, भ्रामक और बिल्कुल गलत है. बिना सबूत के किए जा रहे दावे पब्लिक हेल्थ को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं. इससे वैक्सीन हिचकिचाहट बढ़ेगी और जनस्वास्थ्य पर असर पड़ेगा. सरकार और मेडिकल एजेंसियां लगातार इस दिशा में साक्ष्य आधारित स्टडी कर रही हैं ताकि पब्लिक को सही जानकारी मिले और झूठी खबरों से भ्रम न फैले.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *