11वर्षीय पुत्र की हत्या कर बनाया वीडियो,पत्नी को कॉल-लाश पड़ी है, उठा लो

दिल्ली में पिता की बर्बरता… 11 साल के बेटे की हत्या कर बनाया वीडियो, पत्नी को कॉल कर कहा- लाश पड़ी है, जाकर उठा लो
दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से सन्न कर देने वाला मामला सामने आया है. घरेलू विवाद के बाद एक पिता ने अपने 11 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने वीडियो बनाकर परिवार को भेजा. पत्नी को कॉल कर जानकारी दी. फिलहाल, पुलिस ने शव खोज कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, आरोपित भागा हुआ है.

बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल. (Photo: Screengrab)
अरविंद ओझा
अरविंद ओझा / इसरार अहमद
नई दिल्ली,30 जनवरी 2026, दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके शास्त्री पार्क से दिल दहला देने वाली आपराधिक घटना सामने आई है. यहां पिता ने अपने 11 साल के बेटे को मार डाला. मृतक बच्चे की पहचान अल्तमश के रूप में हुई है. बच्चे का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया. शुरुआती जांच में बच्चे की आंख और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं.

यह मामला थाना शास्त्री पार्क क्षेत्र का है. अल्तमश कल अपने भाई के साथ स्कूल गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा. देर रात बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर जायजा लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू की.

हत्या का आरोप बच्चे के पिता वाजिद खान पर लगा है. आरोप है कि वाजिद खान ने अपने 11 साल के बेटे की हत्या करने के बाद उसका वीडियो बनाया और अपने ही परिवार के सदस्यों को भेजकर इस वारदात की जानकारी दी. हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को फोन कर कहा कि उसने बच्चे को मार दिया है और लाश पड़ी है, उठा ले जाओ.

delhi shastri park father kills 11 year old son after family dispute

पत्नी को पहले तो भरोसा नहीं हुआ. उसने आरोपित से कहा कि वह ऐसा नहीं कर सकता. इस पर आरोपित ने कसम खाकर कहा कि उसने बच्चे की हत्या कर दी है और शव वहीं पड़ा है. यह ऑडियो कॉल अब पुलिस के पास जांच के तौर पर मौजूद है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपित वाजिद खान और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. इसी विवाद के बाद आरोपित ने गुस्से में अपने बेटे की जान ले ली. हत्या करने के बाद आरोपित मौके से भाग गया.

घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का कहना है कि अल्तमश अबोध था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी.

फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में लगातार छापे मारे जा रहे है. इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *