अंकिता भंडारी हत्याकांड:दूसरे दिन हरिद्वार पुलिस ने की उर्मिला से छह घंटे पूछताछ,कल कोर्ट में जमा करेगी मोबाइल

अंकिता भंडारी हत्याकांड,हरिद्वार में उर्मिला से पुलिस ने की घंटों पूछताछ,कल कोर्ट में जमा करेगी मोबाइल
अंकिता भंडारी हत्याकांड में आज भी उर्मिला सनावर से पुलिस ने कई घंटे पूछताछ की.उर्मिला सनावर ने कई महत्वपूर्ण जानकारी मीडिया को दी.

हरिद्वार पहुंची उर्मिला सनावर
हरिद्वार 08 जनवरी 2026: अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी कंट्रोवर्सी केस में फंसी उर्मिला सनावर आज गुरुवार आठ जनवरी को हरिद्वार पहुंची. हरिद्वार में एसआईटी ने एसओजी कार्यालय में उर्मिला सनावर से करीब 6 घंटे तक पूछताछ की. उर्मिला दोपहर को करीब डेढ बजे हरिद्वार एसओजी कार्यालय पहुंची थी, जहां से वो शाम को करीब साढ़े छह बजे बाहर आई. अभी तक इस मामले में हरिद्वार पुलिस की तरफ से कोई वक्तव्य नहीं आया है, लेकिन उर्मिला और उनके वकील ने मीडिया से बात की. उर्मिला ने बताया कि कल कोर्ट में वो अपना मोबाइल भी जमा कर देंगी.

एसआईटी प्रमुख हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक नगर अभय सिंह ने उर्मिला से पूछताछ की. इसके अलावा पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर नताशा सिंह, पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद सुयाल समेत कई पुलिस अधिकारियों ने भी उर्मिला से पूछताछ की. हालांकि उर्मिला से हुई पूछताछ के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी पुलिस अधिकारियों ने नहीं दी.

उर्मिला पर लगे ज्यादातर ऑफेंस बेलेबल: बताया जा रहा है कि पहले चार थानों के पुलिस अधिकारियों ने उर्मिला से पूछताछ की, उसके बाद एसआईटी के अधिकारियों ने उर्मिला से सवाल किए. उर्मिला के वकील अंकुज कुमार ने बताया कि पुलिस अधिकारी ‘पार्ट ऑफ इन्वेस्टिगेशन’ में उर्मिला सनावर से पूछताछ कर रहे हैं. उर्मिला के ऊपर लगाए गए ज्यादातर आरोप जमानती हैं, जिनमें अरेस्टिंग नहीं की जा सकती है. कानून सबके लिए बराबर है, सब कुछ कानून के अनुसार होगा.

जांच में पूरा सहयोग कर रही उर्मिला: वहीं हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुक़दमे में उर्मिला के खिलाफ जो एनबीडब्ल्यू जारी किए गए हैं, उसका भी कानून के अनुसार ही निपटारा किया जाएगा. जांच में उर्मिला की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है, जितने भी प्रमाण उनके पास है, वो सब पार्ट ऑफ इन्वेस्टिगेशन है.

उर्मिला ने पुलिस को सौंपे एविडेंस: पुलिस पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने भी पत्रकारों से बात की. उर्मिला सनावर ने कहा कि पुलिस जांच में उन्होंने पूरा सहयोग किया है, जो भी एविडेंस उनके पास थे, वो सब एसआईटी को सौंप दिए हैं, जो लोग कह रहे थे कि उर्मिला बदल गई है, वो सब गलत है.

उर्मिला सनावर ने कहा कि अंकिता भंडारी पूरे देश की बेटी है और वो उसे न्याय दिलाकर रहेंगी. उनके पास जो सबूत हैं, उन्हें छिपाकर रखना भी जरूरी था. एसआईटी के सभी सवालों का जवाब उन्होंने दिया है. वहीं क्या इस मामले पर उर्मिला सनावर के तेवर नरम पड़ गए है, इस पर भी उर्मिला सनावर ने जवाब दिया.

कल भी हम कई घंटे एसआईटी जांच में रहे है. लोग कह रहे है कि हम सत्ता के हाथों बिक गए है. हमने वो भी बताया कि किस तरह के हमारी हत्या के पड़यंत्र रचे गए. जैसे ही हम पहला लाइव किया, उसके बाद रात में ही हमारे घर पुलिस की गाड़ियां भरकर आ गई है. किसी तरह बचते हुए हम 29 दिसंबर को अपनी शूटिंग से भागे है. शूटिंग से भागने के बाद किस तरह के हम गुरुद्वारे और रैन बसेरे में रहे. मेरा ईश्वर ही जनता है कि किस तरह हमने अपना नया साल सड़कों पर बिताया है.
-उर्मिला सनावर-

वहीं दर्शन भारती ने भी उर्मिला सनावर को लेकर कल सात जनवरी को कुछ बयान दिए थे. इस पर उर्मिला सनावर ने कहा कि कल वो पूरा दिन एसआईटी जांच में थी. इसीलिए उन्हें नहीं पता दर्शन भारती ने क्या कहा है. उर्मिला सनावर ने साफ किया है कि उनके तेवर बदलने वाले नहीं है.

उर्मिला सनावर अचानक से क्यों गायब हो गई थी? इस सवाल पर उर्मिला सनावर ने कहा कि उनके पास जो सबूत थे, उन्हें बचा रखना भी बहुत जरूरी था. उर्मिला सनावर ने बताया कि कल कोर्ट में वो अपना मोबाइल भी जमा कर देंगी.

जानिए पूरा मामला: दिसंबर 2025 के आखिर में उर्मिला सनावर ने एक वीडियो बनाया था, जिसे उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में उर्मिला सनावर ने अपनी और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी चलाई थी. दोनों के बीच अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बात हुई थी. इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कई तरह के खुलासे किए थे, जिसके बाद पूरे प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया था.

इसके बाद उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर दोनों के खिलाफ हरिद्वार व देहरादून में अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए थे. पुलिस ने दोनों को अपना बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भी भेजा था, लेकिन कोई भी पुलिस के सामने पेश नहीं हुए और इसी बीच गायब भी हो गए थे. तभी से पुलिस दोनों लोगों की तलाश कर रही थी.

उर्मिला सनावर जहां कल सात जनवरी को देहरादून पुलिस के सामने पेश हुई तो वहीं सुरेश राठौर को भी कल सात जनवरी को उत्तराखंड हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली थी.हाईकोर्ट ने इस मामले में दर्ज सभी मुकदमों में सुरेश राठौर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी.इसके बाद सुरेश राठौर भी आज आठ जनवरी को हरिद्वार अपने घर पहुंचे और मीडिया से बात की.सुरेश राठौर ने कहा कि पुलिस की जांच में पूरा सहयोग करेंगे. ध्यान रहे कि उर्मिला सनावर खुद को सुरेश राठौर की पत्नी कहती है. दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है.इन्ही की लड़ाई ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को फिर राजनीति के केंद्र में ला दिया है.

TAGGED:

URMILA SANAWAR IN HARIDWAR
ANKITA BHANDARI MURDER
हरिद्वार में उर्मिला से पूछताछ
अंकिता भंडारी हत्याकांड
POLICE INTERROGATE URMILA SANAWAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *