उत्तराखंड समेत भाजपा का 7 राज्यों में क्लीन स्वीप,3राज्यों में 1-1 सीट से चूकी

देहरादून 04 जून 2024.भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून कार्यालय में महानगर के अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटो पर प्रचंड जीत के उपलक्ष में कार्यालय में पूरा दिन जश्न का माहौल बना रहा।
कार्यालय में ढोल नगाड़े के साथ मिष्ठान वितरण किया गया भव्य तरीके से जीत का जश्न मनाया गया। विशेष रुप से महानगर कार्यालय में पधारे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपुर विधानसभा के विधायक  खजानदास और कैंट विधायक सविता कपूर की गरिमामय उपस्थिति में प्रचंड जीत का जश्न मनाया गया।
तत्पश्चात महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के साथ सभी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय जाकर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट  को प्रचंड जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की और  मुख्यमंत्री  का आभार व्यक्त किया।
जीत के जश्न के कार्यक्रम में महानगर के महामंत्री सुरेंद्र राणा विजेंद्र थपलियाल सुनील शर्मा संध्या थापा संदीप मुखर्जी देवेंद्र पाल मोंटी उमा नरेश तिवारी अक्षत जैन प्रदीप कुमार मोतीराम आशीष शर्मा रंजीत सेमवाल मनीष पाल महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना बागड़ी सुषमा कुकरेती तारा देवी अंशिता शर्मा युवा मोर्चा के पदाधिकारी गण आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गठबंधन को मिले बहुमत से भाजपा में उत्सव, मुख्यमंत्री और अध्यक्ष ने जताया आभार

मुख्यमंत्री धामी के ऐतिहासिक कार्यों ने जीत बनाई शानदार : भट्ट

लोकसभा चुनावों में एनडीए गठबंधन को मिले शानदार बहुमत का जश्न मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में धूम धाम से मनाया।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री  मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री  बनाने का आशीर्वाद देने को जनता का आभार व्यक्त किया । प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने देवभूमि में पांचों सीटों पर लगातार हैट्रिक राज्य में धामी के नेतृत्व में विकास पर मतदाताओं की मुहर बताया और कहा कि राज्य का देवभूमि स्वरूप बनाए रखने वाले धामी सरकार के निर्णय ने भी देश में जीत को शानदार बनाया।

बलबीर रोड प्रदेश कार्यालय में मुख्य समारोह में हजारों कार्यकर्ताओं ने जमकर जीत का उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ उन्होंने आतिशबाजी, नारों और ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एनडीए को पूर्ण बहुमत देकर रिकॉर्ड तीसरी बार सरकार बनाने का जनादेश दिया है।  जनता ने इससे पहले उत्तराखंड में बार-बार सरकार बदलने का मिथक तोड़ा और अब तीसरी बार सभी सीटों पर पार्टी को बड़ी जीत दिलाई है। यह प्रमाणित करते हैं कि समाज के प्रत्येक वर्ग ने बढकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री  बनाने को अपना अमूल्य मत दिया है । 10 सालों में मोदी नेतृत्व में देश ने चौमुखी विकास कर दुनिया में डंका बजाया है । साथ ही महिलाओं, युवाओं, किसानों समेत समाज के सभी वर्गों के लिए अभूतपूर्व कामों का आशीर्वाद भाजपा को मिला हैं।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के मन में देवभूमि रहती है और यहां के लोगों के मन में मोदी बसते हैं । राज्य को मोदी जी के योगदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, कि पिछले 10 सालों में 2 लाख करोड़ से अधिक की केंद्रीय योजनाओं ने राज्य में आमूलचूल परिवर्तन किया है। उन ऐतिहासिक विकास कार्य का आशीर्वाद हमे मिला है। चारों धाम, मानसखंड , राज्य के बाहर और अंदर सड़कों का जाल बिछने या रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आने का परिणाम है कि प्रदेश की जनता ने जनादेश दिया है। प्रधानमंत्री के तीसरे  दशक का उत्तराखंड का दशक बनाने का लक्ष्य पूरा करनें को भी मत दिया है ।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष किया कि इस बार ईवीएम को लेकर हल्ला मचाने वाले गायब हैं। इसलिए अब आगे चुनाव एवं संवैधानिक प्रक्रियाएं बदनाम करने वाली राजनीति बंद होनी चाहिए ।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने लगातार पांचों सीटें जीतकर हैट्रिक लगाने को देवतुल्य पार्टी कार्यकर्ताओं एवं राज्य की महान जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि देश में पहले से ही मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का वातावरण था। देवभूमि में सभी आयामों से विकास कार्य हुए । शानदार कामों के प्रति अपने प्रेम को जनता ने परिणामों में बदल दिया  है । उन्होंने उत्तराखंड का देवभूमि स्वरूप संरक्षित करने के मुख्यमंत्री धामी के अभूतपूर्व एवं निर्णायक कदमों की प्रशंसा की जिनसे देश भर में राज्य का नाम हुआ है और जीत शानदार बनने में भी इसका योगदान रहा।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि निकट भविष्य में नगर निकाय पंचायत के चुनाव हैं । इससे पूर्व चंपावत एवं बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव, हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, रुद्रप्रयाग पंचायत उपाध्यक्ष चुनावों में भी एकतरफा जीत मिली हैं । हमे जीत का अपना शत प्रतिशत रिकॉर्ड आगे भी बनाये रखना है ।
इस मौके पर नवनिर्वाचित टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री  गणेश जोशी व गणेश जोशी, विधायक खजान दास व श्रीमती सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, महामंत्री आदित्य कोठारी, कोषाध्यक्ष श्री पुनीत मित्तल, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, श्रीमती दीप्ति रावत, श्रीमती मधु भट्ट समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता थे ।

 

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ चुके हैं। भाजपा के नेतृत्व में एनडीए ने लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत पाया है। लगातार 10 साल सत्ता में रही एनडीए को तीसरी बार पूर्ण बहुमत जनता का स्पष्ट संदेश है। इस बीच, भाजपा ने कई राज्यों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। भाजपा ने मध्य प्रदेश में अपना चुनावी प्रदर्शन बेहतर से भी बेहतरीन किया है। ऐसे कई राज्यों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन ने एनडीए को तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में मदद की है। आइए, आपको बताते हैं कि किन-किन राज्यों में भाजपा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

मध्य प्रदेश : भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सभी 29 लोकसभा सीटों पर प्रचंड जीत पाई है। लोकसभा चुनाव के इतिहास में सबसे बड़ी जीत इस बार इंदौर में मिली है। इंदौर सीट भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी ने 11.75+ लाख वोटों से जीती है। यही नहीं, इस बार भाजपा ने कॉन्ग्रेस और कमलनाथ परिवार का गढ़ छिंदवाड़ा की सीट भी जीत ली है।

अरुणाचल प्रदेश : भारत में सूर्य की किरणें जिस राज्य में सबसे पहले पड़ती हैं,वो राज्य है अरुणाचल प्रदेश। इस राज्य में 2 लोकसभा सीटें हैं और दोनों लोकसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। अभी दो दिन पहले ही 2 जून 2024 को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में भी भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में क्लीनस्वीप करते हुए 2 तिहाई से भी अधिक सीटें जीती थी।

त्रिपुरा : कभी कम्युनिस्टों का गढ़ रहा त्रिपुरा अब भगवा ध्वज उठाए है। त्रिपुरा की दोनों लोकसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत मिली। यहाँ विपक्षी दल कोई खास चुनौती तक नहीं दे पाए।

उत्तराखंड : देवभूमि उत्तराखंड में 5 लोकसभा सीटें हैं। उत्तराखंड की पाँचों लोकसभा सीटों पर  भाजपा ने तीसरी बार क्लीनस्वीप किया है। भाजपा के हर प्रत्याशी को प्रचंड जीत मिली। कॉन्ग्रेस पार्टी का कोई प्रत्याशी किसी भी सीट पर टक्कर देने की स्थिति में नहीं दिखा। इसी से चुनाव प्रचार में भी कॉन्ग्रेस के बड़े नेताओं ने उत्तराखंड से दूरी बनाए रखी। उन्हें पता था कि हर बार की तरह इस बार भी जनता कॉन्ग्रेस को भाव नहीं दे रही।

हिमाचल प्रदेश : हिमाचल प्रदेश में कॉन्ग्रेस सरकार है। इसके बावजूद हिमाचल की सभी 4 लोकसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत मिली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ ही मंडी की सीट से कंगना रनौत तक ने बड़े अंतर से जीत पाई है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने अपना प्रदर्शन सुधारा है।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह : देश के सुदूर दक्षिण-पूर्वी द्वीपीय केंद्रशासित प्रदेश की एकमात्र लोकसभा सीट पर भाजपा को प्रचंड जीत मिली। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर भी भगवा लहरा गया।

दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में क्लीनस्वीप की हैट्रिक लगा दी है। यहाँ भाजपा को रोकने को कॉन्ग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर जोर लगाया। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तो जनता से यहाँ तक अपील की थी कि अगर उन्हें जेल जाने से बचाना है, तो आम आदमी पार्टी को जितायें। इसके बावजूद दिल्ली में विपक्षी दलों की सभी कोशिशें ध्वस्त करते हुए भाजपा ने सभी सातों सीटें जीती।

3 राज्यों में शानदार जीत, बस एक कदम पीछे रह गई भाजपा 
गुजरात :  लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के विजय रथ को गुजरात में रोकने की कोशिश में कॉन्ग्रेस और आम आदमी पार्टी ने हाथ मिला। इसके बावजूद दोनों ही दल असफल रहे। गुजरात में भाजपा ने गुजरात की 26 में से 25 लोकसभा सीटों पर प्रचंड जीत पाई। कॉन्ग्रेस को बनासकाँठा(सुरक्षित) सीट से एकमात्र जीत मिली,वहीं 2 सीटों पर लड़ी आम आदमी पार्टी को निराशा मिली।

छत्तीसगढ़ : भाजपा ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से 10 पर प्रचंड जीत पाई। कॉन्ग्रेस सिर्फ एक सीट जीती। कोरबा सीट से कॉन्ग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली, बाकी सभी 10 सीटों पर भाजपा ने जीती। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कॉन्ग्रेस नेता भूपेश बघेल भी हारे।

ओडिशा में भाजपा का ऐतिहासिक प्रदर्शन : भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा में शानदार प्रदर्शन किया है। विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत तो मिला ही,लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में भाजपा ने 19 सीटों पर जोरदार जीत दर्ज की है। ओडिशा में कॉन्ग्रेस और बीजेडी को माऐ 1-1 सीटों पर जीत मिली है।

इन राज्यों के अलावा भी भाजपा ने कई राज्यों में शानदार प्रदर्शन किया है। फिलहाल भाजपा के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत से अधिक संख्या में सीटें पाई हैं। जल्द ही घोषणा हो जाएगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किस तारीख को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *