‘एक जनपद एक खेल’ नीति प्रारूप तैयार, मंत्री रेखा आर्य के 39वें राष्ट्रीय खेलों पर फोकस के निर्देश
Draft of Uttarakhand One District One Sport Policy Prepared Directives Issued to Focus on39th National Games
प्रदेश में ‘एक जनपद एक खेल’ नीति का प्रारूप तैयार, 39वें राष्ट्रीय खेलों पर फोकस के निर्देश
देहरादून 21 अप्रैल 2026। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को 24 घंटे में 39 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी को पूरी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में एक जनपद एक खेल नीति का प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिस पर जल्द अमल होगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने उत्तर पूर्व राज्यों में प्रस्तावित 39 वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के पदकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। खेल मंत्री ने कहा कि एक जिला एक खेल नीति का उद्देश्य हर जिले में एक विशिष्ट खेल को बढ़ावा देना है।
खेल मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर 39 वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी को पूरी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें खिलाड़ियों को गहन प्रशिक्षण देने और विभिन्न खेल संघों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, राष्ट्रीय खेलों से पहले अधिक से अधिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप उत्तराखंड में आयोजित कराने की तैयारी है। मंत्री रेखा आर्य ने यह भी कहा कि यदि पूर्वोत्तर राज्यों में साइकिलिंग या शूटिंग जैसे खेलों के लिए बुनियादी ढांचे की कमी है, तो उत्तराखंड उन्हें सुविधा देने पर विचार करेगा। बैठक में हल्द्वानी के गौलापार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
विभागीय मंत्री ने बताया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में जुलाई से शैक्षिक सत्र शुरू करने के लिए पाठ्यचर्या और परिनियमावली समितियां गठित कर दी गई हैं। मंत्री ने पद सृजन की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दिए जाने पर भी चर्चा की गई।
खेल मंत्री रेखा आर्य ने इसके लिए खेल विभाग में अधिक से अधिक पद सृजित करने के लिए तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, प्राचार्य राजेश मंमगाई, उप निदेशक शक्ति सिंह आदि मौजूद रहे।
खेल प्रशिक्षक नीति और योजनाओं के शासनादेश में संशोधन के निर्देश
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बैठक में अधिकारियों को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और संविदा प्रशिक्षक नीति के शाासनादेश में कुछ संशोधन के निर्देश दिए। ताकि इन योजनाओं के वास्तविक लक्ष्यों को तेजी से प्राप्त करने में मदद मिल सके।
Admissions for Class 6 Begin at Sports Colleges in Dehradun, Champawat, and Pithoragarh Apply Here
खिलाड़ियों के लिए जरूरी खबर: दून समेत तीन स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा छह में प्रवेश शुरू; यहां करें अप्लाई
राज्य के प्रमुख आवासीय खेल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अब तीन स्पोर्ट्स कालेजों में कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
खेल प्रतिभाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य के तीन स्पोर्ट्स कालेजों महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़, बालिका स्पोर्ट्स कालेज चंपावत में कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। चंपावत में पहली बार प्रवेश होंगे। तीनों कॉलेजों के लिए दक्षता परीक्षा पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई 2026 तय की गई है।
स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई के मुताबिक राज्य के प्रमुख आवासीय खेल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी एवं आइस स्पोर्ट्स जैसी विविध खेल विधाओं में प्रशिक्षण की व्यवस्था है।
इसी तरह हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ में एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं बॉक्सिंग एवं बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज चंपावत में बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन व बॉक्सिंग की सुविधाएं हैं। आवासीय खेल विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक उपकरण एवं अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
प्रवेश के लिए यह है पात्रता
स्पोर्ट्स कालेज में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदक की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्म तिथि 01 जुलाई 2013 से 01 जुलाई 2015 के मध्य)। उसका उत्तराखंड का मूल, स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल एवं खेल प्रवीणता के आधार पर किया जाएगा।
कैसे कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं या वेबसाइट www.mpscollege.in से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए +91 1352788142 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

