राहुल लव गुरु बनें,उनकी मर्जी,संघ को स्पष्टीकरण की जरूरत नहीं:नकवी

राहुल गांधी पर नकवी कस रहे ‘लव गुरु’ वाला तंज, कांग्रेस की असली परीक्षा 455 दिन बाद होनी है

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की काफी चर्चा है। राहुल पैदल चलते हैं और उनके साथ अलग-अलग शहरों और गांवों से लोग चलते दिखाई देते हैं। फिलहाल यात्रा दिल्ली में है। आगे का प्लान भी तैयार है। राहुल ने भाजपा पर उनकी छवि को खराब करने का आरोप लगाया तो नकवी ने उन पर लवगुरु वाला तंज कसा।

हाइलाइट्स
1-राहुल गांधी ने नफरत पर भाजपा को घेरा
2-नकवी ने कहा, लव गुरु बनना चाहते हैं उनकी मर्जी
3-अगले साल कर्नाटक में चुनाव और 2024 में राहुल की परीक्षा

नई दिल्ली 25 दिसंबर: भारत जोड़ो यात्रा लेकर दिल्ली पहुंचने में राहुल गांधी को 108 दिन लगे लेकिन असली लड़ाई 2023 में शुरू होगी। अगले साल की शुरुआत में कर्नाटक विधानसभा चुनाव होने हैं। आम चुनाव की उल्टी गिनती भी शुरू हो चुकी है और लगभग 455 दिन बचे हैं। मई 2024 में यह तय हो जाएगा कि देश में आगे किसका शासन होगा। UPA 2014 से सत्ता से बाहर है और मोदी लहर ने लगातार दो चुनावों में कांग्रेस को पटखनी दी है। कांग्रेस को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में महत्वपूर्ण चुनाव का सामना करना है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान तीन चुनाव कराए गए। कांग्रेस हिमाचल को भाजपा से छीनने में कामयाब रही, लेकिन गुजरात और दिल्ली नगर निगम चुनावों में उसे हार का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी भाजपा पर निशाना साधते रहे हैं और शनिवार को भी उन्होंने भाजपा पर हमला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दिल्ली में प्रवेश करते हुए, उन्होंने भाजपा-आरएसएस पर तीखा हमला किया और कहा कि कुछ लोग नफरत फैला रहे हैं लेकिन आम लोग सद्भाव चाहते हैं और लाखों लोग यात्रा में शामिल हुए हैं।

खुद चाहें कितनी बैठक करें पर जहां भारत जोड़ो यात्रा वहीं कोविड… फरीदाबाद में राहुल का मोदी पर निशाना
राहुल ने कहा, ‘भाजपा-आरएसएस की चाल डर और नफरत फैलाने की है, लेकिन हम इसकी अनुमति नहीं देंगे। मैंने नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोली है।’ इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। नकवी ने कहा, ‘अगर वह लव गुरु बनना चाहते हैं तो यह उनकी इच्छा है, लेकिन भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो नफरत करने वालों के दिलों में प्यार पैदा करती है और आरएसएस के लिए किसी स्पष्टीकरण की जरूरत नहीं है।
नए कोविड वेरिएंट के खतरे के बीच यात्रा की आलोचना करते हुए नकवी ने कहा, ‘यह जोड़ो का नारा, तोड़ो की नीति जैसा लगता है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं करना मुझे 2020 में पहली लहर के समय की याद दिला रहा है जब वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने से इनकार कर रहे थे। वे फिर से वही बात दोहरा रहे हैं।’

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को कहा था कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 108वां दिन है और अब तक 46 जिलों को कवर किया जा चुका है। 3 जनवरी को यात्रा फिर से उत्तर प्रदेश से शुरू होकर हरियाणा, पंजाब और फिर जम्मू-कश्मीर तक जाएगी। राहुल गांधी 26 जनवरी को श्रीनगर में तिरंगा फहराएंगे। अब तक यात्रा 3200 किमी से अधिक की दूरी तय कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *