अंकिता भंडारी के माता-पिता से वार्ता कर आगे बढेंगें मुमं पुष्कर सिंह धामी
अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलेंगे मुख्य मंत्री धामी, CBI जांच पर बोले- वो जो मांग करेंगे,वैसी जांच कराएंगे
मुख्य मंत्री धामी ने कहा जिस पर आरोप लगाया गया है, उसने स्पष्ट तौर पर सारे प्रमाण दे दिए हैं कि वह उस दिन कहां थे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून 06 जनवरी 2026 : उत्तराखंड में लंबे समय से चल रहे अंकिता भंडारी हत्याकांड में आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान सामने आया है. उन्होंने वीआईपी और सीबीआई जांच पर अपनी बात रखी और मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वो अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलेंगे. वो जैसी जांच कहेंगें, वैसी जांच कराएंगे.
मुख्यमंत्री धामी की प्रेस वार्ता: उत्तराखंड में चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जहां एक तरफ प्रदेश में जनभावनाएं उग्र हो रही हैं, तो वहीं आज पहली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले पर सरकार का पक्ष रखा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वार्ता मुख्यत:वीबी जी राम जी पर थी.
अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलेंगे मुख्यमंत्री धामी
मीडिया के सवालों का दिया जवाब: पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंकिता भंडारी हत्याकांड में उर्मिला सनावर के वीडियो को लेकर भी सवाल किए, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वो खुद इस विषय पर बात करना चाह रहे थे. उन्होंने सभी पत्रकारों से कहा कि जिसके मन में जो भी सवाल है, वह खुलकर पूछे ,वह जवाब देने को तैयार हैं.
SIT ने की थी सभी तथ्यों की सूक्ष्म जांच: अंकिता भंडारी हत्याकांड में सामने आए नए घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि जब यह घटनाक्रम हुआ था, उसके बाद तत्काल ही सरकार ने SIT का गठन कर दिया था. SIT का जिस अधिकारी ने नेतृत्व किया था, वह अधिकारी आज खुद डेपुटेशन पर सीबीआई में हैं.
उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में सभी तथ्यों पर बहुत बारीकी से काम हुआ, उसी आधार पर कोर्ट ने अपराधियों को कठोरतम सजा दी. तब SIT ने सार्वजनिक तौर पर ये भी कहा था कि यदि किसी के पास कोई और प्रमाण है, तो वह लेकर सामने आए.
उर्मिला सनावर के वीडियो पर भी दिया जवाब: वहीं, उर्मिला सनावर के वीडियो के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड में जो नए तथ्य सामने आए हैं, उन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह दो लोगों के बीच की बातचीत का है. यह बातचीत कितनी प्रामाणिक मानी जाए? जिसमें कई तरह की बातें हो रही हैं. इन बातों में कई विरोधाभास हैं.
दोनों आपसी लड़ाई में तीसरे व्यक्ति को बदनाम कर रहे: उन्होंने कहा कि इस कॉल रिकॉर्डिंग में कहा गया है कि अंकिता बेटी ने आत्महत्या की है और इसी रिकॉर्डिंग में आगे जाकर कहा जा रहा है कि अंकिता को मरवाया गया है. आप कौन सी बात सच मानेंगे? दो लोगों ने अपनी आपसी बातचीत में किसी तीसरे का नाम लिया, जबकि उस तीसरे व्यक्ति ने स्पष्ट तौर पर सारे सबूत दिए हैं कि वह उस दिन कहां थे, उसके बावजूद किसी को बदनाम करना या फिर किसी को आरोपित करना, यह बिल्कुल गलत है.
आरोप लगाने वाले प्रमाण लायें: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह भी कहा कि इस मामले में अगर एक प्रतिशत भी सच्चाई है, तो उसको लेकर सरकार पूरी तरह से जांच को तैयार है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नया घटनाक्रम सामने रखा गया है, उन लोगों से लगातार कहा जा रहा है कि वह प्रमाण लेकर आएं. उनके प्रमाण की जांच की जाएगी, अगर वह तथ्यात्मक पाए जाते हैं तो जो भी उचित होगा कार्रवाई होगी. इसके अलावा उन्होंने एसआईटी जांच को लेकर कहा कि अंकिता के हत्यारों को कानून की सबसे कठोर सजा आजीवन कारावास हो चुकी है. यदि इस मामले में कोई और व्यक्ति होता तो निश्चित तौर से वह उन लोगों का नाम जरूर लेते.
अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में वीआईपी के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पहली जांच में भी ये बात सामने आई थी. पुलिस ने अपनी चार्जशीट कोर्ट में जमा की है. कोई भी देख सकता है कि ये जांच कैसे आगे बढी.
अपराधियों को दोष मुक्त करने का षड्यंत्र: उन्होंने कहा कि इस बात पर सवाल खड़ा करना कि अंकिता भंडारी ने आत्महत्या की है, यह कहीं ना कहीं अपराधियों को दोषमुक्त करने का षड्यंत्र दिख रहा है. जैसे कांग्रेस लगातार प्रदेश में माहौल खराब करने के प्रयास में है, निश्चित तौर से उसका पर्दाफाश होगा. जैसे लोगों की संवेदना और भावनाओं से खेलते हुए कांग्रेस इस मामले को दुष्प्रचारित कर रही है, उसमे जिस व्यक्ति को बदनाम किया जा रहा है वह कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे.
सीबीआई जांच पर दिया जवाब: इसके अलावा सीबीआई जांच पर मुख्यमंत्री ने पहले सस्पेंस बनाकर रखा. उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच के सवाल पर वह आखिरी में जवाब देंगें. अंकिता भंडारी केस के तमाम सवालों के जवाब देने के बाद जब आखिरी में मुख्यमंत्री से पूछा गया कि वह इस मामले में क्या सीबीआई जांच कराएंगे या फिर सरकार किस तरह से इस मामले में आगे कार्रवाई करेगी.
इसको लेकर उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह इस संवेदनशील मुद्दे पर सबसे पहले अंकिता भंडारी के माता और पिता से मिलेंगे और उनसे बात करेंगे वह क्या चाहते हैं? उनसे पूछेंगे और जो भी उनके माता-पिता की मांग होगी, उसको पूरा करेंगे.
विपक्ष अंकिता को राजनीति का हथियार न बनाएं
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि , विपक्ष इस संवेदनशील विषय पर राजनीति कर प्रदेश मेंं वातावरण खराब करने का प्रयास कर रहा है । उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि अंकिता को राजनीति का हथियार न बनाएं। साथ ही प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि अंकिता मामले में भ्रम की स्थिति न रखें। ऑडियो की सत्यता सामने आने पर कोई भी दोषी छूट नहीं पाएगा।
TAGGED:
CM DHAMI STATEMENT
ANKITA MURDER VIP CONTROVERSY
ANKITA MURDER CBI INQUIRY
अंकिता भंडारी हत्याकांड
ANKITA BHANDARI MURDER

