अनंतनाग सरकारी मेडिकल कॉलेज की एमडी स्टूडेंट डॉ. प्रियंका से तीन घंटे पूछताछ,फोन फोरेंसिक जांच को
पिता से फोन पर बात और पहुंची पुलिस… रोहतक तक दिल्ली ब्लास्ट की जांच; डॉक्टर प्रियंका का सीनियर था आतंकी आदिल
दिल्ली में हुए आतंकी घटना की जांच के सिलसिले में रोहतक की डॉक्टर प्रियंका शर्मा का नाम सामने आया। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, फिर छोड़ दिया। परिवार ने किसी भी आतंकी संबंध से इनकार किया है। डॉक्टर प्रियंका अनंतनाग में एमडी की पढ़ाई कर रही हैं और उनका नाम जीएमसी के पूर्व कर्मी आदिल की गिरफ्तारी के बाद सामने आया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनका मोबाइल जब्त कर लिया है
डॉक्टर प्रियंका शर्मा के परिजन, जांच के बाद क्या बोले?
दिल्ली आतंकी कनेक्शन: रोहतक तक जांच
डॉक्टर प्रियंका शर्मा से पूछताछ
परिवार ने आतंकी संबंध से इनकार किया
रोहतक 17 नवम्बर 2025 । दिल्ली में हुई आतंकी घटना की जांच अब रोहतक तक पहुंच गई है। इसी सिलसिले में रोहतक की जनता कालोनी निवासी डॉक्टर प्रियंका शर्मा का नाम सामने आने से स्वजन में चिंता बढ़ गई है। जम्मू के अनंतनाग में एमडी की पढ़ाई कर रहीं डॉक्टर प्रियंका को शनिवार देर शाम पुलिस ने पूछताछ को पकड़ा और उनका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया। हालांकि,जांच के बाद रात में उन्हें छोड़ दिया गया।
प्रियंका के पिता सतीश कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे प्रियंका अपने भाई भारत भूषण से वीडियो काल पर बात कर रही थीं। बातचीत के दौरान प्रियंका ने बताया कि दरवाजे पर कोई आया है,वह थोड़ी देर में बात करेगी। इसके बाद उसकी रूममेट के फोन से जानकारी मिली कि पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है। रात करीब साढ़े 11 बजे प्रियंका के पति डाॅक्टर अनिरुद्ध कौशिक का संदेश आया कि पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में लिया है ।
‘अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं’
इसके बाद रात करीब साढ़े 12 बजे प्रियंका ने स्वयं फोन कर बताया कि पूछताछ पूरी हो गई है,लेकिन फोन जब्त कर लिया गया है जिसे श्रीनगर लैब भेजा जाएगा। रविवार सुबह भी स्वजन की प्रियंका से बातचीत हुई। स्वजन का कहना है कि उनका किसी भी तरह के आतंकी माड्यूल या आरोपित डाॅक्टर आदिल अहमद से कोई संबंध नहीं है। सतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि इंटरनेट मीडिया पर फैल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं।
पुलिस ने केवल औपचारिक पूछताछ की है और प्रियंका को तुरंत छोड़ भी दिया। डाॅक्टर प्रियंका शर्मा जीएमसी अनंतनाग से एमडी की पढ़ाई कर रही है। दो साल की पढ़ाई हो चुकी है और एक साल की ही पढ़ाई बची है। उन्हें अनंतनाग के मलकनाग इलाके से हिरासत से लिया गया। डाॅक्टर प्रियंका का नाम एक पूर्व जीएमसी अनंतनाग स्टाफ कर्मी आदिल की गिरफ्तारी के बाद सामने आया।
डॉक्टर प्रियंका का सीनियर था आदिल
डॉक्टर प्रियंका शर्मा को जम्मू कश्मीर में काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने हिरासत में लिया। प्रियंका से आतंकी माड्यूल में गिरफ्तार डाॅक्टर आदिल अहमद के बारे में पूछताछ की गई। प्रियंका अनंतनाग के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज में जनरल मेडिसन की फाइनल ईयर की स्टूडेंट है। डाॅक्टर आदिल भी इसी मेडिकल कालेज में प्रियंका का सीनियर रेजिडेंट पद पर डेढ़ साल पहले नौकरी करता था।
अनंतनाग से कहर रही एमडी की पढ़ाई
पूछताछ के बाद प्रियंका को छोड़ दिया गया है। प्रियंका का मोबाइल टीम ने जांच के लिए भेज दिया है। प्रियंका हरियाणा के झज्जर की डीघल सीएचसी में सरकारी मेडिकल आफिसर है। इसके बाद से एमडी करने के लिए स्टडी लीव पर 2023 से अनंतनाग में रह रही हैं।
वहीं, इस मामले में डॉक्टर प्रियंका के चाचा अशोक कुमार ने बताया कि प्रियंका की शादी भिवानी के बजीना गांव में हुई है।
प्रियंका के पति डाॅक्टर अनिरूद्ध कौशिक भिवानी के सिविल अस्पताल में डाक्टर हैं। डाॅक्टर प्रियंका ने सोनीपत के खानपुर मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की है। घर में पिता सतीश महम शुगर मिल में सुरक्षा में तैनात हैं। भाई भारत भूषण सोनीपत रोडवेज डिपो में क्लर्क हैं। माता गृहिणी हैं।

