उत्तराखंड मंत्रिमंडल बैठक: हरिद्वार में 21किमी ट्रैक पर दौड़ेगी पॉड टैक्सी
हरिद्वार में 21 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर दौड़ेगी पॉड टैक्सी, बनेंगे 21 स्टेशन
हरिद्वार में आवागमन को सुगम बनाने के लिए ‘हरिद्वार दर्शन’ पाड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इसके तहत शहर में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर और 21 स्टेशन बनेंगे।
देहरादून 27 नवम्बर 2026। हरिद्वार में आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम से विकसित होने वाली इस पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) में शहर में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर होंगें।
इन पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत पहला और सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हास्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर चार स्टेशन होंगे। तीसरा कारिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इस पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। पॉड टैक्सी के संचालन के लिए अलग ग्रिड आधारित परिवहन प्रणाली विकसित की जाएगी।
परियोजना निर्माण को कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि आवश्यक होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अलावा निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि पांच साल के लिए चिह्नित की गई है।

