दून में देह व्यापार,मसूरी घुमाने लाये बच्ची,यहां किया बंधक, संचालक लखेड़ा समेत छह बंदी
देहरादून में किराये के कमरे में चल रहा था देह व्यापार, संचालक समेत छह बंदी
देहरादून के पटेलनगर में पुलिस ने एक किराये के मकान में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग लड़की को रेस्क्यू किया है।
देहरादून 02 अक्टूबर 2026 । पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने अनावरण किया है।
पुलिस ने गिरोह संचालक समेत छह आरोपित पकड़े है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। मौके से एक बच्ची भी बचाई गयी है । पुलिस को आरोपितों से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 18 हजार रुपये नकद मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को पटेलनगर पुलिस को नीलकंठ एनक्लेव में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान पर औचक छापा मारा। वहां तीन महिलाएं, एक किशोरी और तीन पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने छह आरोपित पकड़ बच्ची सुरक्षित बचा ली है।
पूछताछ में आया कि मुख्य आरोपित मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था। वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलायें बुलाकर ग्राहकों की मांग के अनुसार देह व्यापार करवाता था। आरोपित व्हाट्सएप से ग्राहकों से संपर्क कर महिलाओं की फोटो भेजता था। पसंद के अनुसार महिलाओं को कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजा जाता था।
पुलिस के अनुसार, किशोरी को आरोपित अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। यहां उस पर देह व्यापार को दबाव बनाया गया। उसने मना किया तो उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने मनीष कुमार लखेड़ा, अभिषेक,भानू उर्फ सिद्धांत,ममता,नेहा और सुमन को बंदी किया है।




