उत्तराखंड के 13 पत्रकार PIB अध्ययन भ्रमण पर हैदराबाद में करेंगें केंद्र की प्रमुख योजनाओं-संस्थानों का स्थलीय मूल्यांकन

देहरादून/हैदराबाद, 31 अगस्त 2026 । आज देहरादून से ऐतिहासिक महानगर हैदराबाद पहुंचे पीआईबी देहरादून आयोजित उत्तराखंड के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल के 5-दिवसीय हैदराबाद प्रेस भ्रमण में भारत सरकार की प्रमुख योजना क्रियान्वयन को प्रत्यक्षत: देखने का अवसर मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल INCOIS, शिल्पारामम, ICMR-NIN, सालार जंग संग्रहालय, ESIC अस्पताल तथा अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी संस्थानों का भ्रमण करेगा।भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB),देहरादून प्रायोजित यह भ्रमण उत्तराखंड के मीडिया और केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं में महत्वपूर्ण समझ विकसित करेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे से प्रस्थान किया था। उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों के प्रत्यक्ष अनुभव का अवसर देना है।
प्रमुख परियोजना स्थलों के भ्रमण के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधि जन-केंद्रित महत्वपूर्ण उपलब्धियों का धरातलीय यथार्थ परखेंगें। यह पहल सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के उन निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिनसे सूचना माध्यमों से सरकारी नीतियों,कल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास गतिविधियों की जानकारी जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाती है।
पांच दिवसीय अध्ययन भ्रमण में प्रतिनिधिमंडल हैदराबाद और उसके आसपास स्थित प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों,अनुसंधान केंद्रों तथा महत्वपूर्ण मौलिक तंत्र विकास परियोजनाओं का भ्रमण करेगा। मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों को राष्ट्रीय स्तर की विकास पहलों,वैज्ञानिक नवाचार और डिजिटल शासन में हुई प्रगति से परिचित कराना है,ताकि जनहित की इन उपलब्धियों की सटीक जानकारी सामान्य जन तक पहुंच सके।
PIB चयनित परियोजना स्थलों पर ऐसे अध्ययन भ्रमण आयोजित करता है,ताकि पत्रकार विकास कार्यों का प्रत्यक्ष मूल्यांकन कर उनकी व्यापक सार्वजनिक एवं राष्ट्रीय उपयोगिता आकलित कर सकें।
भ्रमण में मीडिया दल इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इन्फॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS), शिल्पारामम (सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प ग्राम), ICMR–नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन, सालार जंग संग्रहालय और ESIC अस्पताल, क्षेत्रीय प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी प्रतिष्ठानों का कर विशेषज्ञों से संवाद भी करेंगे।
अध्ययन भ्रमण पर PIB देहरादून प्रेस टूर संचालन अधिकारी संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि, “यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की प्रमुख विकास परियोजनाओं से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। इससे राज्य के पत्रकारों को हैदराबाद में केंद्र सरकार की उपलब्धियों के संबंध में विस्तृत,सटीक और स्पष्ट जानकारी मिलेगी। राष्ट्रीय प्रेस टूर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकास प्राथमिकताओं में मजबूत सेतु निर्माण करना है।
हैदराबाद देश के आईटी,फार्मास्यूटिकल्स और वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रमुख केंद्रों में से एक है। यह अध्ययन भ्रमण उत्तराखंड के पत्रकारों को देश की अत्याधुनिक तकनीकी और बुनियादी ढांचा संबंधी प्रगति को करीब से देख परखने का अवसर देगा। हमारा प्रयास है कि इस एक्सपोजर टूर से मीडिया प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर होते बदलावों और नवाचारों का बारीकी से विश्लेषण कर अपने पाठकों तक सटीक और प्रामाणिक जानकारी पहुंचा सकें। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत PIB देहरादून समय-समय पर ऐसे प्रेस टूर आयोजित करता है।”
कार्यक्रम में ​पहली सितंबर को इनकॉइस (INCOIS) – सुनामी चेतावनी केंद्र (पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय):
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन ‘भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र’ (INCOIS) का दौरा। प्रतिनिधिमंडल यहाँ सुनामी पूर्व चेतावनी प्रणाली, महासागर निगरानी, रियल-टाइम डेटा संग्रह, पूर्वानुमान और तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी करने की प्रक्रिया को समझेगा।
​समय: शाम
शिल्पारामम – हस्तशिल्प और हथकरघा:
हैदराबाद के प्रसिद्ध कला, शिल्प और सांस्कृतिक गांव का भ्रमण, जहाँ भारत के विभिन्न हिस्सों के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, लोक कला, ग्रामीण वास्तुकला और कारीगरों के उत्पाद प्रदर्शित हैं। पारंपरिक शिल्पों और कारीगरों के संवर्धन पर बातचीत/ब्रीफिंग भी आयोजित की जा सकती है।
​ 2 सितंबर को आईसीएमआर–राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN):
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत ‘राष्ट्रीय पोषण संस्थान’ का दौरा। यह दौरा पोषण अनुसंधान, आहार संबंधी दिशा-निर्देशों, खाद्य व पोषण अध्ययन, सार्वजनिक स्वास्थ्य और कुपोषण दूर करने से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करेगा।
​शाम को राज्यपाल, तेलंगाना से भेंट:
उपलब्धता की पुष्टि के आधार पर तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट। यह भेंट तेलंगाना और उसके विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और संवाद का अवसर प्रदान करेगी।
सालार जंग संग्रहालय – संस्कृति मंत्रालय:
भारत के प्रमुख संग्रहालयों में से एक का दौरा, जो भारतीय, यूरोपीय और एशियाई कला, मूर्तियों, पांडुलिपियों, वस्त्रों, हथियारों, सजावटी कलाओं और ऐतिहासिक कलाकृतियों के विशाल संग्रह के लिए जाना जाता है। यह संग्रहालय भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत से रूबरू कराता है।
​ 3 सितंबर को ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल – श्रम एवं रोजगार मंत्रालय: कर्मचारी राज्य बीमा योजना में दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवायें समझने को ईएसआईसी अस्पताल का दौरा। प्रतिनिधिमंडल अस्पताल की सुविधाओं का अवलोकन करेगा और योजना व स्वास्थ्य सेवाओं के अनुभव को समझने को लाभार्थियों/मरीजों से बातचीत करेगा।
पत्रकार प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री रवीन्द्र नाथ कौशिक, अनिल बहुगुणा (पौडी),मोहम्मद सलीम सैफ़ी, भागीरथ शर्मा,अजय रावत अजेय(पौडी), ललित उनियाल,राजेश कुमार पांडेय,मौहम्मद फहीम तन्हा, योगेश सेमवाल,सुकांत ममगाईं ,आफताब अजमत,गिरीश जोशी (हल्द्वानी) तथा संतोष कुमार थपलियाल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *