5 स्टार होटल,बासी दूध,फंफूद लगी सब्ज़ियां, शाकाहार-मांसाहार गड्ड-मड्ड….
एक्सपायर्ड दूध, सड़ी सब्जियां… फाइव स्टार होटल में रेड पड़ी तो हर कोई रह गया दंग
बेंगलुरु के 26 बड़े 3 स्टार और 5 स्टार होटलों में FSSAI ने जांच की. इस दौरान करीब 32 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया. होटलों में कई गड़बड़ियां मिलने के बाद फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) को नोटिस जारी किए गए.

बेंगलुरु,08 अगस्त 2026। देशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाने की गुणवत्ता को लेकर फूड सेफ्टी विभाग (FSSAI) कड़ाई से अभियान चला रहा है. इसी अभियान में बेंगलुरु के 26 थ्री स्टार और फाइव स्टार होटलों जांच की गई है.
जांच में कुल 35 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए और इन्हें जांच के लिए फूड लैबोरेटरी भेज दिया गया. FSSAI की टीम को कई होटलों में जांच में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिला. इनमें गलत या अधूरी लेबलिंग और ब्रांडिंग, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और खाद्य चीजों को सही तरीके से स्टोर न करना जैसी कई गलतियां पाई गई.
जांच में यह भी मिला कि कुछ जगह सब्जियों में फफूंदी लगी मिली. साथ ही, शाकाहारी और मांसाहारी खाना अलग-अलग रखने के नियमों का भी पालन नहीं किया गया था.
विभाग ने बेंगलुरु अर्बन जिले में 26 थ्री-स्टार और फाइव-स्टार होटलों की जांच के लिए फूड सेफ्टी ऑफिसर्स की 30 टीमें तैनात कीं. इन जांचों में बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) के सभी जोन शामिल थे और इनमें फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और उसके तहत बने नियमों के पालन पर फोकस किया गया.
गंदा स्टोरेज एरिया, सब्जियों पर फफूंद…
अधिकारियों ने लैब में जांच के लिए अलग-अलग जगहों से खाने-पीने की चीजों के 35 सैंपल लिए. इन सैंपल में चिकन, मटन, मछली, खाने का तेल, दूध, मसाले, चाय पाउडर, पनीर, टोमैटो सॉस, नींबू का रस और खाने की दूसरी चीजें शामिल थीं. अधिकारियों ने बताया कि सैंपल को डिटेल में जांच के लिए लैब भेजा गया है और आगे की कार्रवाई नतीजों के आधार पर की जाएगी.
कई होटलों में की गई जांच में कई तरह के नियमों के उल्लंघन का पता चला. अधिकारियों ने बताया कि वहां किचन और स्टोरेज एरिया साफ-सुथरे नहीं थे, खाने-पीने की चीजें एक्सपायर्ड थीं, सब्जियों पर फफूंद लगी थी, खाना रखने और संभालने के तरीके सही नहीं थे, गलत लेबल वाले फूड प्रोडक्ट मिले, FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) के लेबलिंग नियमों का पालन नहीं किया गया था और शाकाहारी व मांसाहारी खाने की चीजों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी.
जांच के बाद, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों को नोटिस जारी किए. अधिकारियों ने कहा कि जिन जगहों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया है, वहां उन प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी.
विभाग ने बड़ी मात्रा में ऐसा खाद्य पदार्थ भी जब्त करके नष्ट कर दिया, जिसके बारे में कहा गया कि वह एक्सपायर हो चुका था या खाने के लिए सुरक्षित नहीं था.
एक बड़े होटल में अधिकारियों ने 105 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त करके नष्ट कर दी. इस स्टॉक में 50 किलोग्राम चिकन, 25 किलोग्राम मीट, 23 किलोग्राम मछली और 7 किलोग्राम सब्जियां शामिल थीं. खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को निर्देश दिया है कि वे खाद्य सुरक्षा नियमों का कठोरता से पालन करें और कानून में निर्धारित मानक बनाए रखें. विभाग ने चेताया है कि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
होटल ने दी सफाई
इनमें से एक होटल ने संबंधित खबरों पर अपना पक्ष रखा है. एक 5-स्टार होटल ने बयान में कहा, ‘हमारे लिए फूड सिक्योरिटी और साफ-सफाई सबसे जरूरी पक्ष हैं. हाल ही में हुई जांच में बेंगलुरु के हमारे किसी भी होटल में कोई भी सड़ी-गली सब्जी, फल, मीट या मछली के प्रोडक्ट नहीं थे और न ही लैब में जांच को कोई फूड सैंपल लिए गए. होटल ने अपने बयान में कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स में सड़े-गले खाने के बारे में जो खबरें आ रही हैं, वे झूठी हैं. हम अपने सभी होटलों में क्वालिटी, सिक्योरिटी और साफ-सफाई को हाई स्टैंडर्ड से काम करते हैं.


