कृषि मंत्री गणेश जोशी ने 28 कृषक पॉलीहाउस प्रशिक्षण को भेजे पंतनगर विश्वविद्यालय
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पॉलीहाउस प्रशिक्षण दल पंतनगर विश्वविद्यालय को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
पलायन रोकने में कृषि और बागवानी का बहुत बड़ा योगदान – गणेश जोशी
देहरादून, 23 नवम्बर। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हाथीबड़कला कैंप कार्यालय से नाबार्ड योजनान्तर्गत स्थापित पॉलीहाउस के पांच दिवसीय प्रशिक्षण हेतु जनपद देहरादून के चयनित 28 कृषक दल गोविंद बल्लभ पंतनगर विश्वविद्यालय को हरी झंडी दिखाकर भेजा।
कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। नाबार्ड से प्रदेश में 50 हजार पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिससे कृषि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर परिवर्तन दिखेगा।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज पलायन रोकने में कृषि और बागवानी का बहुत बड़ा योगदान है। राज्य के ग्रामीण इलाकों में लौटे प्रवासी सबसे अधिक कृषि और बागवानी क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर तलाश रहे हैं। ऐसे में सरकार उन्हें कृषि और बागवानी आधारित आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने को लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को रवाना हो रहा यह 28 कृषकों का दल पंतनगर विश्वविद्यालय में उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर मास्टर ट्रेनर बनेगा, जो आगे ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य किसानों को भी प्रशिक्षण देंगें।
उन्होंने कहा कि पॉलीहाउस तकनीक से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि नियंत्रित वातावरण में सब्जियों की बेहतर उत्पादन क्षमता और उच्च गुणवत्ता के कारण बाजार में दो से तीन गुना तक मूल्य मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि पॉलीहाउस के संचालन व रखरखाव को निरंतर विशेषज्ञ तकनीकी सहायता दी जाएगी, जिससे उत्पादन में और बढ़ोतरी सुनिश्चित हो सके।
मंत्री जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगी, बल्कि युवाओं को कृषि उद्यमिता से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
इस अवसर पर देहरादून मुख्य उद्यान अधिकारी डाॅक्टर दिनेश कुमार तिवारी सहित कई कृषक उपस्थित रहे।

