अमजा उत्तराखंड की ललकार- जन,समाज व देश की बात करें पत्रकार

देहरादून 16 नवंबर 2026। ऑल मीडिया जर्नलिस्ट ऐसोसियेशन (अमजा) उत्तराखंड ने आव्हान किया है कि पत्रकार सत्ता की दहलीज पर खुद को छोटा न कर जन,समाज और देश से शक्ति ग्रहण कर अपनी सार्थकता सिद्ध करने को सार्वजनिक हित की आवाज बनें।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर प्रेस क्लब के निकट उज्जवल रेस्तरां में आयोजित गोष्ठी में  अमजा उत्तराखंड के महामंत्री रवीन्द्र नाथ कौशिक ने कहा कि अमजा के मातृसंगठन एनयूजेआई के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने संगठन की भूमिका जामवंत की तय की है जिसे पत्रकारों को उनकी शक्ति और लोकतंत्र में सार्थकता बतानी और जतानी है। यह तब तक संभव नही है जब तक पत्रकार सत्ता के ड्राइंग रुम के दरबारी बनने का मोह छोड़कर जनता की आवाज नही बनते।

कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ जैसे अलंकारिक संबोधन जरुर दिये जाते हैं लेकिन इसे अन्य चार स्तंभों विधायिका,कार्यपालिका और न्यायपालिका के विपरीत कोई विशेषाधिकार नही दिया गया है। उसे केवल जन सामान्य को उपलब्ध अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बीच ही अपने लिये गुंजाइश बनानी होती है। इसके लिए हमें कानूनों का व्यवहारिक ज्ञान अवश्य होना चाहिए अन्यथा हम कहीं भी फंस सकते है और ताक में बैठे निहित स्वार्थों के शिकार बन सकते हैं।

वरिष्ठ पत्रकार राकेश डोभाल ने सूचना विभाग की कई नियमावलियों में प्रशासनिक आदेशों के माध्यम से छेडछाड को गंभीर विषय बताया।

बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र पांडेय और मयंक पांडेय की रुग्णावस्था और दुर्घटना की जानकारी आने पर अमजा जिलाध्यक्ष सोनू सिंह ने कहा कि हमारे बीच के पत्रकार बंधुओं की कुशलक्षेम रखने का तंत्र अपर्याप्त है। हमें इसे मजबूत करना होगा।.महामंत्री प्रभा वर्मा ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के चुनाव की ओर ध्यानाकर्षण करते हुए इस बार सुनियोजित रुप से चुनाव लड़ने की जरूरत बताई ताकि क्लब की कार्यप्रणाली में सार्थक सुधार के लिए भूमिका निभाई जा सके।

इस अवसर पर अमजा प्रदेश अनुशासन समिति के सहसंयोजक वरिष्ठ पत्रकार गिरधर गोपाल लूथरा को पत्रकार सम्मान पेंशन स्वीकार होने पर बधाई दी गई।

वरिष्ठ पत्रकार रूद्र पाल सिंह ने स्थापित पत्रकार के अतिरिक्त विकासमान मीडिया विधाओं में नई पीढी को मौलिक उचित प्रशिक्षण की आवश्यकता रेखांकित करते हुए एसोसिएशन से पहल करने को कहा।

अन्य वक्ताओं में जिला संगठन मंत्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय गढ़वाल महिला संयोजक कुमारी रेणु सेमवाल, राजेश पांडे, सरदार कुलदीप सिंह आदि थे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *