अंकिता भंडारी मामला:CBI के हाथ नही लगी सनावर,सुरेश राठौर से 3 घंटे पूछताछ

अंकिता भंडारी केस: CBI ने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर से हरिद्वार में कई घंटे तक की पूछताछ, उर्मिला सनावर के घर भी दस्तक

अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई ने हरिद्वार में पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की। यह पूछताछ मोबाइल रिकॉर्डिंग में कथित वीआईपी के जिक्र के संबंध में हुई, जिसमें भाजपा नेताओं का नाम सामने आया था।

सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की।

अंकिता भंडारी मामले में कथित VIP के जिक्र पर सवाल।

हरिद्वार में करीब तीन घंटे तक चली पूछताछ।

हरिद्वार 17 अक्तूबर 2026 । अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की। दिल्ली से सीबीआई की एक टीम शनिवार की शाम हरिद्वार पहुंची और भेल के शिवालिक गेस्ट हाउस में पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पूछताछ के लिए बुलाया।

दरअसल, छह माह पहले सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच मोबाइल पर बातचीत की रिकॉर्डिंग प्रसारित हुई थी। इस बातचीत में अंकिता भंडारी मामले में कथित वीआईपी का जिक्र कुछ भाजपा नेताओं के रूप में किया गया था।

इसके बाद सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में कई अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे। एक मुकदमा भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी और मौजूदा राज्यपाल दुष्यंत गौतम की ओर से भी दर्ज कराया गया था।
इसके बाद राजनीति गर्म होने पर सीबीआई जांच की संस्तुति भी की गई थी। इसी सिलसिले में आज सीबीआई की टीम ने हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ की है। करीब 3 घंटे सवाल जवाब के बाद टीम दिल्ली लौट गई है।

उर्मिला सनावर के घर सहारनपुर भी पहुंची सीबीआई

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ के साथ-साथ सीबीआई की एक टीम ने सहारनपुर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर भी दस्तक दी है। हालांकि, उर्मिला सनावर अपने घर नहीं मिली। उर्मिला सनावर के दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ होने की बात भी सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *