भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ली उत्तराखंड कोर ग्रुप बैठक,कमजोरियों पर काम
देहरादून में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ली कोर ग्रुप बैठक, जानिये कौन कौन हुआ शामिल
उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में आज पार्टी की कोर ग्रुप बैठक हुई. बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ली.
BJP GROUP MEETING
उत्तराखंड भाजपा कोर ग्रुप बैठक
देहरादून: अपने तीन दिवसीय दौरे पर पहली बार उत्तराखंड आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पार्टी कार्यालय पर भव्य स्वागत किया गया. पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक ली. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित उत्तराखंड में पार्टी की पूरी टॉप लीडरशिप मौजूद रही. वहीं केंद्र से राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा मौजूद रहे.
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक वंदे मातरम के साथ शुरू हुई.कोर ग्रुप बैठक में सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया.प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पुष्प गुच्छ देकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया.वहीं,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पहाड़ी टोपी पहनाकर और राज्य पक्षी मोनाल स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया पदाधिकारियों का मार्गदर्शन और पार्टी नेताओं को दिए टिप्स
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे हैं. यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.
तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर आए हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए बूथ प्रबंधन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया और पार्टी नेताओं को टिप्स दिए. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनावों मे ऐसे बूथ जहां पर पार्टी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा, उसे लेकर टीमें गठित होंगी.उन्होंने कहा कि कोर कमेटी के सदस्य दो-दो दिन के प्रवास पर उन क्षेत्रों मे जाकर उस विधानसभा के कोर कमेटी के सदस्यों से चर्चा कर बूथ पर भी बैठक करेंगें.
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कोर कमेटी के 17 सदस्य जून, जुलाई और अगस्त माह मे सभी विधानसभा क्षेत्रों में जायेंगें. सभी प्रभावशाली सदस्यों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी जायेगी. बैठक में उन्होंने कहा कि विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे का जवाब देने को भी रणनीति बनेगी.महेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि पार्टी की चुनाव की योजना पूरी तरह बूथ आधारित होती है और उसी विषय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमें बैठक आवश्यक मार्गदर्शन दिया है.उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर बूथ प्रबंधन को हमें कैसे और बेहतर तथा प्रभावी बनाना हैं.ये पूरी बैठक विधानसभा में हैट्रिक लगाने को लेकर रणनीति पर केंद्रित रही.
विशेषकर पूर्व के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जिन बूथों को हम जीत नहीं पाये,विशेषकर उनको लेकर हमें टीम बनानी है.बैठक में तय हुआ है कि कोर कमेटी के सभी सदस्य दो दिन एक विधानसभा में प्रवास करेंगे. जून,जुलाई अगस्त में प्रस्तावित प्रवास में प्रदेश कोर कमेटी सदस्य संबंधित विधानसभा कोर कमेटी से संवाद करेगी और बूथ पर जाकर जमीनी रणनीति बनाएगी. इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं का फीड बैक लेकर सरकार को निराकरण को सुझाव देगी.शीघ्र ही रणनीति बनाते हुए कमेटी सदस्यों के प्रभावों के अनुसार विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी जाएगी.
साथ ही साथ प्रतिद्वंद्वी पार्टियों की रणनीति और कार्य योजनायें परखते हुए और क्या बेहतर कार्यक्रम किया जा सकते हैं उसको लेकर भी कार्य होगा. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनावी जीत का मंत्र देते हुए कहा कि देवतुल्य जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा जीत की हैट्रिक का इतिहास रचेगी.राष्ट्रीय महामंत्री संगठन,मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ उन्होंने संगठन की प्रदेश कोर कमेटी और मंत्री समूह की बैठक लेकर 27 में जीत का मूल मंत्र देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहली बार उत्तराखंड आगमन पर उनका भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया.इस बीच ढोल-दमाऊं, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचा कार्यालय परिसर गूंजता रहा.
देहरादून भाजपा कोर ग्रुप बैठक में आसनक्रम
कोर ग्रुप बैठक में सबसे आगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उनकी दायीं तरफ़ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर थामी बैठे थे. वहीं इसी पंक्ति में आगे प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय, उसके बाद सांसद अजय टम्टा,तीरथ रावत,नरेश बंसल,अजय भट्ट,मालाराज लक्ष्मी,कल्पना सैनी और फिर आखिर में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत बैठे.
वहीं,दूसरी तरफ़ की पंक्ति में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बगल में बाई तरफ़ सबसे पहले राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएएल संतोष,फिर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सहप्रभारी रेखा वर्मा, फिर क्रमशः कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक,मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डाक्टर धन सिंह रावत और फिर आखिर में पौड़ी सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी बैठे हुए थे.
इस तरह से दोनों तरफ़ से पंक्तियों के अंत में एक तरफ़ त्रिवेंद्र और दूसरी तरफ़ अनिल बलूनी बैठे दिखे. भाजपा के तीनों प्रदेश महामंत्री भी कोर ग्रुप बैठक में रहे.इनमें दीप्ति रावत भारद्वाज बैठक संचालन भी कार्य कर रही थीं. बाक़ी दो महामंत्री भी शुरू में पहले व्यवस्था बनाने में लगे हुए थे. बाद में पंक्ति के आख़िर में बैठे.

TAGGED:
उत्तराखंड भाजपा कोर ग्रुप बैठक
नितिन नवीन उत्तराखंड दौरा
उत्तराखंड भाजपा लेटेस्ट न्यूज
BJP GROUP MEETING
