MLA हरीश धामी के हंगामे के बाद सांस्कृतिक संध्या निरस्त, जनता में रोष

पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी के हंगामे के बाद सांस्कृतिक संध्या निरस्त, जनता में रोष

पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले के उद्घाटन में विधायक हरीश धामी ने हाईवोल्टेज ड्रामा किया, जिससे सांस्कृतिक संध्या रद्द हो गई। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता आक्रामक हो गए हैं और विधायक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

विधायक हरीश धामी ने उद्घाटन मंच पर किया हंगामा।

सांस्कृतिक संध्या रद्द होने से स्थानीय जनता में नाराजगी।

भाजपा ने विधायक के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी।

जौलजीबी (पिथौरागढ़) 14 नवंबर 2026 । जिले के सबसे बड़े, सबसे पुराने एतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन अवसर पर शनिवार को पहली बार दंगल हुआ। दंगल भी ऐसा कि दूसरा पक्ष अगर संयम खो देता तो खूनी संघर्ष तय था। गनीमत रही कि सबकुछ तब तो शांत हो गया था परंतु शाम घिरते ही भाजपा भी आक्रामक तेवर अपना चुकी है।

पहली बार जौलजीबी मेले में सांस्कृतिक संध्या नहीं हो रही है। जौलजीबी कस्बे सहित आसपास के लोग इस कृत्य को लेकर बेहद नाराज हैं।मुख्यमंत्री के मंच से उतरते ही जो हुआ इसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। विधायक हरीश धामी ने उग्र रुप ले लिया l

मंच पर विधानसभा क्षेत्र के पुराने कार्य नहीं होने, कनार की समस्याओं की अनसुनी आदि मामलों को लेकर उन्होंने सीधे सीएम को ललकारा। हालांकि तब तक सीएम मंच से वापस लौट चुके थे। इसी के साथ मंच पर हाई वोल्टेज ड्रामा आरंभ हुआ।

विधायक धामी ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि स्थानीय विधायक की नहीं सुनी गई और माइक बंद कर दिया। बेहद आक्रोश में उन्होंने सबसे पहले अपने हाथ से माइक नीचे को फेंका। इसके बाद कुर्सी मारी, पोडियम को लात मार कर गिराया।

कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने डायस फेंके। मंच पर कांग्रेस के लोग मौजूद रहे। इस दौरान संचालन करने वाले दुबक गए। पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे स्थिति संभाली। दर्शक दीर्घा पर बैठे लोग सहम गए।

विधायक धामी ने प्रशासन को चुनौती देते हुए अपने को सबसे बड़ा गुंडा कहा। यह बात स्थानीय लोगों के मन पर बैठ गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के जौलजीबी से हैलीकॉप्टर नहीं उड़ने तक संयम बरता। बाद में भाजपा विधायक के खिलाफ मुखर हुई। इधर शाम ढलते ही भाजपा भी पूरी तरह आक्रामक हो चुकी है।

पुलिस में विधायक के विरुद्ध लिखित देने के बाद भाजपा ने पुलिस से शीघ्र मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है। इसका सीधा प्रभाव मेले पर पड़ चुका है। जौलजीबी मेले में उद्घाटन के साथ ही सांस्कृतिक मंच पर कार्यक्रमों की झड़ी लग जाती थी।

इस घटना के बाद से सांस्कृतिक मंच सुनसान पड़ा है। उदघाटन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सज धन कर पहुुंचे स्कूल छात्र , छात्राएं डर के मारे अपने अभिभावकों के साथ घरों को लौट गए।

पुलिस ने बताया कि भाजपा की लिखित शिकायत मिल चुकी है। जांच होगी।वहीं साउंड सिस्टम के कार्यकर्ता ने बताया कि उपद्रव से तीन से साढ़े तीन लाख के आसपास का नुकसान बताया है।

स्थानीय जनता में रोष, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

मेला उद्घाटन के अवसर पर जो हुआ उसे लेकर स्थानीय जनता में रोष  है। जनता का कहना है कि मेले के मंच को राजनैतिक मंच नहीं बनाया जाए। उद्घाटन की पूर्व सांस्कृतिक संध्या पर कोई भी कार्यक्रम नहीं हो रहे हैं। मंच से दो बार घोषणा हो चुकी है, लेकिन, कोई भी कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच रहा है। मंच खाली पड़ा है।

The stage was vandalized after the CM Pushkar singh dhami speech in Jauljibi Fair
मुख्यमंत्री के भाषण के बाद जौलजीबी मेले में भाषण न होने से बौखलाये कांग्रेस नेता हरीश सिंह धामी ने फेंका माइक,कांग्रेसियों की मंच पर तोडफोड

अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का उद्घाटन कार्यक्रम हंगामे की भेंट चढ़ गया और मेले का मंच दंगल में बदल गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषण के बाद तोड़फोड़ और बवाल से मंच और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी को मंच पर बोलने का मौका नहीं मिला तो उन्होंने और उनके समर्थकों ने मंच पर तोड़फोड़ कर डाली। माइक ऑपरेटर की ओर फेंक दिया। उन्होंने मंच से कहा कि यदि प्रशासन गुंडागर्दी करेगा, तो वह सबसे बड़े गुंडे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि मंच पर अन्य राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान क्यों नहीं दिया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी को डरपोक धामी कहा। कहा कि लोग भले ही आपको धाकड़ धामी कहते हों, लेकिन असल में आप डरपोक और भगोड़ा हैं।

कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने सीएम पुष्कर सिंह को चुनौती दी कि वह जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वहां जाकर वे उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन किया।

हालात संभालने में पुलिस कर्मियों का पसीना छूट गए। कुछ देर में इस सारे घटनाक्रम के वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो गए।

ऐतिहासिक जौलजीबी मेला उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषण के बाद अचानक गरमागरमी हो गई। दरअसल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जाने के तुरंत बाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्थानीय विधायक हरीश धामी ने माइक थाम कर बोलना शुरू किया। तभी एकाएक माइक से आवाज आनी बंद हो गई। इस पर विधायक धामी साउंड सिस्टम ऑपरेटरों की ओर दौड़े। विधायक ने माइक, ऑपरेटर की ओर फेंककर खरी-खोटी सुनाई और कुर्सियां पटक दीं।

विधायक के इस आक्रामक व्यवहार के साथ ही उनके समर्थक मंच पर चढ़ गए। देखते ही देखते मंच पर हंगामा  हो गया। विधायक धामी ने भी मंच पर चढ़कर बिना माइक के लोगों से कुछ बोलने का प्रयास किया। शोर शराबे और नारेबाजी के बीच विधायक समर्थकों ने मंच पर रखी कुर्सियां, माइक, स्पीकर और माइक स्टैंड पकड़कर नीचे फेंक दिए। उग्र समर्थकों को काबू करने की कोशिश में पुलिस कर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। एकाएक बदले घटनाक्रम से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तैरने लगे और हर तरफ जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में बवाल की चर्चा होने लगी। वहीं विधायक धामी का कहना है कि उनके कार्यक्रम की अध्यक्षता कराई गई, लेकिन बोलने तक का मौका नहीं दिया गया।

मुख्यमंत्री ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया और ₹102.72 करोड़ की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। यह मेला भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है, जिसके संरक्षण पर मुख्यमंत्री ने जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

पिथौरागढ़ को ₹102.72 करोड़ की 25 विकास योजनाओं की सौगात मिली।

मेला भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली एवं गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के लोगों को सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से जोड़ने का कार्य करता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के इतिहास में इस मेले का विशेष स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेला सीमांत क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और लोकसंस्कृति को संरक्षित रखने के साथ ही दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को निकट से देखा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देने में भी इस प्रकार के मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि हमारे पूर्वजों के त्याग, परिश्रम और संघर्ष की अमूल्य विरासत है। इस विरासत का संरक्षण और प्रदेश का समग्र विकास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर भी प्राप्त हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। विशेष रूप से सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, आपदा सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा तथा आर्थिक गतिविधियों एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी जैसे ऐतिहासिक मेले केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और पारंपरिक संबंधों को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध दोनों देशों की साझा विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। मेले में भारत एवं नेपाल के व्यापारियों की सहभागिता के साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक धारचूला हरीश धामी, नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत एवं नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *