मदन मोहन मालवीय राज्य शोध संस्थान स्थापित करेंगें ऋषिकुल में:धामी
हरिद्वार 22 जून 2025- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज ऑडिटोरियम में भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के युवा कार्यकर्ता सम्मेलन एवं संघ के स्वर्णिम सत्तर वर्षों के समापन समारोह कार्यक्रम में कहा कि ऋषिकुल के इतने बड़े संस्थान में एक बड़ा सेन्टर बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन, अध्यात्म, शिक्षा, आयुर्वेद ज्योतिष ध्यान के क्षेत्र में एक केन्द्र बने।उन्होने घोषणा की कि मदन मोहन मालवीय राज्य शोध संस्थान की स्थापना इस ऋषिकुल में की जायेगी, जिसमें योग, ध्यान एवं अध्यात्म आदि अनेक विधाओं का अध्ययन किया जायेगा। इससे स्प्रिचुअल टूरिज्म बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज भारतीय मजदूर संघ विस्तारित रूप में संगठित है, संगठन कों शुरूआती दौर में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ा। 23 जुलाई 2025 को यह संगठन अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूर्ण कर रहा है। उन्होंने कहा कि सात दशक की यात्रा में तपस्या एवं राष्ट्र निर्माण का संकल्प एवं स्वदेशी विचारधारा लिए संगठन ने श्रमिकों हित ध्यान में रखते हुए भारतीय संस्कृति युक्त राष्ट्र निर्माण में श्रमिक संगठित किये है। उन्होंने कहा कि संगठन ने श्रम योगी से राष्ट्र योगी बनने का मार्ग प्रशस्त किया। देश की आजादी के बाद देश में संसाधनों की कमी थी लेकिन हमारे श्रमिकों ने राष्ट्र निर्माण में जो कार्य किया, वह अविश्वसनीय है। आज देश में संसाधनों की कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि 7 दशक पूर्व देश में श्रमिकों के संचालित आंदोलनों पर विदेशी विचारधारा से प्रभावित होने के कारण स्वदेशी विचारधारा शून्य रहती थी। तब आंदोलनो में वंदे मातरम एवं भारत माता की जय का उद्घोष करने पर विकट स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। संगठन एक विशाल वृक्ष बनकर श्रमिक हित को कार्य कर रहा है। संगठन ने देश के श्रमिकों, विद्यार्थियों, एवं युवाओं को एक नई विचारधारा दी है। आज हमारी सरकार श्रमिक हित ध्यान में रखकर अनेक योजनायें चला रही है जिनका लाभ देश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सरकार के चलाए जा रहे श्रम पोर्टल पर करोड़ों श्रमिकों का पंजीकरण हुआ है। हमारी सरकार श्रमिक हितों को इएसआई, इएफओं और बीमा सुविधा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र से श्रमिक कल्याण कर रही है। श्रमिक हित की कई योजनाएं लागू की है उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा स्वास्थ्य एवं मोबाइल की सुविधा दे रही है, उनके 75 मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु रुद्रपुर टेक्निकल इंस्टीट्यूट में उच्च तकनीकी शिक्षा सुलभ करा रही है, जिन्हें शिक्षा, आवास भोजन पूर्ण रूप से निःशुल्क मिलता है ताकि वे बिना किसी आर्थिक बाधा अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल श्रम के साधक ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के पथ निर्माता भी हैं। 2047 में विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की विशेष भूमिका रहेगी।
उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे युवा देश भारत है, जिसकी आबादी का 65 प्रतिशत 35 वर्ष से कम आयु का हैं। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा में लगाया गया, सही मार्गदर्शन मिलेगा तो जल्दी हमारा देश महाशक्ति के रूप में उभर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने स्किल इण्डिया को पहली बार डिपार्टमेंट बनाया। यह अभियान युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सांस्कृतिक विरासत के पुनरोत्थान की दिशा में अनेक कार्य किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त समृद्ध राष्ट्र संकल्प के साथ विकसित और आत्म निर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के श्रमेव जयते के मन्त्र को धरातल पर उतारते हुए श्रमिकों कल्याण को व्यापक स्तर पर अनेक काम किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनेक ऐंसी योजनाएं लाई जा रही हैं, जिससे समाज के अन्तिम छोर पर काम कार्यरत हमारे श्रमिकों का उत्थान, कल्याण , हर प्रकार से उनकी प्रगति हो, वह भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि देश के 29 पुराने और जटिल श्रम कानूनों के सरलीकरण के उद्देश्य से उनकों चार व्यापक श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। ई-श्रम पोर्टल से असंगठित क्षेत्र के करोड़ों श्रमिकों का पंजीकरण करते हुए औपचारिक अर्थव्यवस्था से भी जोड़ा गया है जिससे करोड़ों श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हुई है। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को श्रमयोगी मानधन योजनान्तर्गत एक हजार रूपये पेंशन की व्यवस्था भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार भी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए श्रमिक कल्याण को प्रतिबद्ध होकर श्रमिक आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा कार्ड, स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि श्रमिक किसी भी स्तर पर उपेक्षित न रहें, कहीं परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्ननिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से श्रमिकों की कई योजनाएं लागू की हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में स्किल डेवलपमेंट विभाग स्थापित किया गया है, सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अनेक कार्य किये जा रहे हैं । भगवान रामचंद्र के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर निर्माण, बाबा विश्वनाथ का कॉरिडोर निर्माण , बद्रीनाथ धाम का मास्टर प्लान एवं वर्ष 2013 में आई श्री केदारनाथ में भीषण आपदा के बाद श्री केदारनाथ का पुनर्निर्माण और साज-सज्जा में हमारे श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज उत्तराखंड चारधाम यात्रा में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या में अकल्पनीय बढ़ोतरी हुई है, इस वर्ष की चारधाम यात्रा में अभी तक एक माह 21 दिन में 12 लाख से अधिक यात्री केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं, वही चारों धाम में 33 लाख से अधिक का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी स्थान तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज दुनिया में कोई भी आंतकी घटना घ होती है तो विश्व की नजर भारत की ओर रहती है कि भारत का स्टैंड क्या रहने वाला है। आज दुनिया में एक ही विचारधारा वाले देश आपस में युद्ध से प्रभावित हैं। ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना का शौर्य पूरी दुनिया ने देखा । हम अब सिर्फ टेबल टॉक करने वाले देश नही रहे , हमने सीधे दुश्मन के घर में घुस कर दुश्मनों के ठिकाने नेस्तानाबूत किये, जिसका परिणाम यह रहा कि चार दिन में ही पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए, हमारी मिसाइलों ने दुश्मनों के आतंकवादी ठिकाने चुन-चुन कर तबाह कियै।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लैंड जिहाद, लव जिहाद, थूक जिहाद पर हमारी सरकार कठोरता से कार्य कर रही है. पहले कहीं भी कोई भी पीला, नीली हरी चादर बिछाकर एवं दूसरे तरीके से लैंड कब्जा लेते थे, ऐसे लैंड माफियाओं से अभी तक हमारी सरकार ने 6500 एकड़ अवैध जमीन मुक्त करायी एवं अवैध निर्माण हटाये हैं। जब भी हम दुनिया के दूसरे देशों में जाते हैं उनसे भेंट वार्ता करते हैं तो उत्तराखंड की छवि का पता चलता है। सरकार ने तय किया है कि देवभूमि के मूल अस्तित्व से कोई छेड़-छाड़ नहीं कर सकता, हल्द्वानी के वन भूलपुरा दंगे देखते हुए हमारी सरकार प्रदेश में सशक्त दंगाविरोधी कानून लाई . इसके साथ ही पहले प्रदेश के प्रतिभावान छात्र, युवाओं का चार-पांच साल से तैयारी में लगे रहने के बाबजूद भी चयन नहीं हो पाता था ,नकल विरोधी कानून से अब प्रदेश के प्रतिभावान छात्र एवं युवा तीन से चार प्रतियोगिता परीक्षाओं में चयनित हो रहे है ।अब चयन का आधार नकल नहीं प्रतिभा है। सरकार जीरो टॉलरेंस से कार्य कर रही है जो भी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने पद, कर्तव्यों एवं जानकल्याण के हितों के कार्यों में लापरवाही बरतेगा उन्हें क्षमा नहीं मिलेगी, अब छोटी-बड़ी मछलियों के साथ ही बड़े-बड़े मगरमच्छ भी नहीं छोड़े जायेगें। उन्होंने कहा कि 2022 से अभी तक हमारी सरकार ने 200 से अधिक कर्तव्यविमुख कार्मिकों को सजा दिलाई है। हमारी सरकार का सामूहिक यात्रा का संकल्प है। प्रदेश के लोगों ने संकल्प यात्रा का ध्वज मेरे हाथों सौपा है, हमारा राज्य कई मामलों में अग्रणी है। पूरे देश में कई फैसलों में उत्तराखंड अलग उदाहरण है। सरकार पिछले विधानसभा चुनाव में घोषणा के अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु पूरे प्रदेश में 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता कानून लाई, इस मामले में उत्तरखंड भारत का प्रथम राज्य बना। हमारे इस संकल्प में कोई विकल्प नहीं है।
कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, मेयर किरन जेसल, अखिल भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री रवीन्द्र मितरे, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश यूनियन महामंत्री सुमित सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, लव शर्मा, आशु चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

