तप रहा है अप्रैल में ही पूरा भारत,10 शहरों में 45.3°+ तापमान

46.9 डिग्री का टॉर्चर, ‘आग की भट्टी’ बने अकोला और बांदा, ये 10 हैं देश के सबसे गर्म शहर
देश के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. भारत के सबसे ज्यादा गर्म शहरों की बात करें तो महाराष्ट्र के अकोला में 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. पूरा शहर गर्म तंदूर बना हुआ है. हालात इतने भयावह हैं कि महज 20 से 22 मिनट में तेज धूप में तवे और पत्थर की सतह पर डोसा तक पकाया जा सकता है.

महाराष्ट्र के अकोला में 46.9 डिग्री और उत्तर प्रदेश के बांदा में 46.6 डिग्री पारा

नई दिल्ली,28 अप्रैल 2026,उत्तर भारत झुलसाने वाली गर्मी का कहर झेल रहा है. अभी अप्रैल खत्म नहीं हुआ है और गर्मी के रिकॉर्ड टूटने लगे हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 95 भारत के हैं. कई शहरों में स्कूलों की छुट्टियां हो गई हैं. बहुत से शहरों में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है. लेकिन सवाल है कि आखिर क्यों भारत पर गर्मी का इतना सितम हो रहा है? क्या ग्लोबल वॉर्मिंग की सबसे ज्यादा मार भारत पर ही पड़ रही है? और अगर ऐसा है तो फिर इससे निपटने को सिस्टम क्या कर रहा है?

मई आने से पहले ही जून की गर्मी का अहसास हो रहा है. सुबह 8 बजते ही दोपहर के 12 बजे जैसी तमिश महसूस होने लगती है. दोपहर 1 बजे तो ऐसा लगता है कि जैसे तापमान 50 डिग्री के पार चला गया हो. हिंदुस्तान के ज्यादातर शहरों का यही हाल है. ये नक्शा इस वक्त हिंदुस्तान के शहरों का हाल दिखा रहा है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत तमाम राज्यों में तापमान बहुत ज्यादा है.

प्रचंड गर्मी और लू का कहर, बाजार जाते वक्त बरतें ये सावधानी, सरकार ने जारी किया अलर्ट

भारत के 10 सबसे गर्म शहर कौन से हैं?
भारत के 10 सबसे ज्यादा गर्म शहरों की बात करें तो महाराष्ट्र के अकोला में 46.9 डिग्री, अमरोती में 46.8 डिग्री, उत्तर प्रदेश के बांदा में 46.6 डिग्री, महाराष्ट्र के वर्धा में 46.4 डिग्री, राजस्थान के बाड़मेर में 46.4 डिग्री, जैसलमेर में 46 डिग्री, महाराष्ट्र के यवतमाल में 46 डिग्री, प्रयागराज में 45.7 डिग्री, नागपुर में 45.4 डिग्री और तेलंगाना के आदिलाबाद में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान है.

अकोला इस वक्त हिंदुस्तान का सबसे गर्म शहर है. जहां 46.9°C तापमान है. पूरा शहर एक गर्म तंदूर बना हुआ है. हालात इतने भयावह हैं कि महज 20 से 22 मिनट में तेज धूप में तवे और पत्थर की सतह पर डोसा तक पकाया जा सकता है.

यूपी के 60 जिलों में लू का अलर्ट है. बिहार के 8 जिलों में पारा 40°C के पार चला गया है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा, ओडिशा और तमिलनाडु में बहुत ज्यादा गर्म और उमस का सितम जारी है. यही हाल छत्तीसगढ़ के दुर्ग का है. जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.

इस बढ़े हुए तापमान में बिजली के बड़े ट्रांसफार्मर ओवर हीट ना कर जाएं. इसके लिए ट्रांसफार्मर को कूलर की ठंडी हवा का सहारा दिया जा रहा है. ताकि बढ़ते तापमान की वजह से कहीं ट्रांसफार्मर जल ना जाए. भीषण गर्मी और लू की वजह से यहां बिजली की डिमांड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. सब स्टेशनों में लगे ट्रांसफार्मर ओवरहीट होकर फेल हो रहे हैं. दुर्ग के 14 सब स्टेशनो में बिजली विभाग ने 20 ट्रांसफार्मरों का तापमान कंट्रोल करने के लिए कूलर लगाया है.

हीटवेव से कैसे करें बचाव? काम आएंगे ये आसान सुझाव

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हीटवेव यानी लू को लेकर चेतावनी दी है कि ये स्थिति उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक बनी रहेगी. भारत में मौजूदा हीटवेव का असर उत्तरी, मध्य और पूर्वी क्षेत्र के बड़े हिस्से पर पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है .इन राज्यों के कई जिले तो भट्ठी की तरह बेहद गर्म हो गए हैं. बता दें कि लू तभी चलती है, जब मैदानों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है. भारतीय मौसम विभाग ने संकेत दिए है कि आने वाले दिनों में पूरे उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत में लू की स्थिति बनी रहेगी.

अप्रैल के महीने में ही जब ये हाल है तो फिर मई और जून में क्या होगा? ऐसे हालात में गर्मी से बचे रहना ही सुरक्षा है लेकिन राहत कब मिलेगी? हालांकि, मौसम विभाग कुछ राहत भरी खबर दे रहा है. IMD के मुताबिक, आने वाले दो से तीन दिनों में कुछ ऐसा मौसम बन रहा है कि तापमान में कमी आएगी और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. लेकिन जितनी भीषण ये गर्मी है उसमें बारिश की कुछ बूंदे कितनी राहत देंगी?

मौसम विभाग को उम्मीद है कि एक पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे तापमान थोड़ा कम हो जाएगा. दिल्ली-एनसीआर में इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *