ज्योतिर्मठ में मदरसा संचालन पर बवाल, हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन, कोतवाली,तहसील जांच करेंगीं
Dispute over alleged operation of madrasa in Jyotirmath Hindu organizations protest
Chamoli: ज्योतिर्मठ के निजी भवन में मदरसा संचालन पर विवाद, हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन, की कार्रवाई की मांग
चमोली
आरोप है कि भवन में बच्चों को उर्दू सहित अन्य धार्मिक शिक्षा दी जा रही थी और इसके लिए एक शिक्षक भी नियुक्त किया गया है। कार्यकर्ताओं ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
नगर क्षेत्र के एक निजी भवन में कथित रूप से मदरसा संचालित होने का मामला सामने आने पर बृहस्पतिवार को हिंदूवादी संगठनों ने विरोध जताया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने संबंधित भवन पहुंचकर मदरसा संचालन पर आपत्ति दर्ज की और इसे बंद करने की चेतावनी दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ज्योतिर्मठ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
संगठनों का आरोप है कि भवन में बच्चों को उर्दू सहित अन्य धार्मिक शिक्षा दी जा रही थी और इसके लिए एक शिक्षक भी नियुक्त किया गया है। कार्यकर्ताओं ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संत संपर्क प्रमुख पवन राठौर ने कहा कि ज्योतिर्मठ शंकराचार्य की तपस्थली है और यहां अवैध रूप से मदरसा संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं बजरंग दल के अध्यक्ष शुभम रावत ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
दूसरी ओर, वहां पढ़ाने वाले शिक्षक मीनदुल्ला ने बताया कि भवन में केवल नमाज अदा की जाती है और कभी-कभी बच्चे उर्दू सीखने आते हैं। उन्होंने कहा कि गतिविधियां बंद कर दी जाएंगी।
कोतवाली निरीक्षक देवेंद्र रावत ने बताया कि इस संबंध में शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, तहसीलदार महेंद्र सिंह ने भी जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही।
