दुखी पिता! कहा- बेटी को बदनाम कर रहे, दामाद और पुलिस पर आरोप
Mussoorie Homestay Mystery Death Case Radha Gayatri Father Alleges Murder Investigation Continuee
मसूरी के एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर राधा गायत्री की संदिग्ध मौत के मामले में पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है।
मसूरी होमस्टे केस
मसूरी 20 जून 2026 : उत्तराखंड में मसूरी के एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर राधा गायत्री की संदिग्ध मौत का मामला उलझ रहा है। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए दामाद और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
शनिवार को मसूरी कोतवाली पहुंचे मृतका के पिता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का परिणाम है। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय केवल औपचारिक जांच कर रही है।
‘जिस दिन घर में पूजा थी, उसी दिन मौत की खबर आ गई’
मृतका के पिता ने बताया कि परिवार ने बेटी और दामाद के सुखद वैवाहिक जीवन के लिए घर पर विशेष पूजा का आयोजन किया था। रिश्तेदारों को बुलाया गया था और तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान उन्हें बेटी की संदिग्ध मौत की सूचना मिली।
उन्होंने कहा, “हम बेटी की खुशियों के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन उसी दिन उसकी मौत की खबर आ गई। जिस दिन घर में मंगल कार्य होना था, उसी दिन हमारी दुनिया उजड़ गई।”
‘मेरी बेटी नशे विरोधी थी’
पिता ने कहा कि उनकी बेटी शिक्षित, संस्कारी और आत्मनिर्भर युवती थी तथा किसी भी प्रकार के नशे का विरोध करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद शराब सेवन से जुड़ी बातें सामने लाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा, “मेरी बेटी नशे विरोधी थी। उसकी मौत के बाद उसे बदनाम करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
दामाद पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता का दावा है कि शादी के एक माह बाद ही दामाद का व्यवहार बदलने लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार ने कई बार दोनों में समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन हालात सामान्य नहीं हुए।
पिता ने आशंका जताई कि बेटी को मसूरी घूमाने के बहाने ले जाया गया और संभव है कि किसी पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ या अन्य दवा मिलाकर दी गई हो। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा संदेह है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
मृतका के पिता ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। मैं अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहा हूं। यदि पुलिस उचित कार्रवाई नहीं करती है तो हमें विकल्प ढूंढने पड़ेगें।”
परिवार का आरोप है कि मामले की गंभीरता देखते हुए तत्काल मुकदमा लिखा जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक जांच ही जारी है।
रहस्य से घिरी हुई है मौत
उल्लेखनीय है कि राधा गायत्री अपने पति के साथ मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर होमस्टे में ठहरी थीं। सुबह वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलीं। कमरे से खून के निशान, शराब की बोतलें और अन्य सामग्री मिलने के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच हो चुकी है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में मौत के वास्तविक कारणों पर अभी भी रहस्य बना हुआ है।
पुलिस बोली- सभी पक्षों से जांच जारी
पुलिस क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश पंत ने बताया कि मृतका के पिता की लिखित शिकायत ले ली गई है। पुलिस सभी तथ्यों, साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

