नंगी तस्वीरों के जाल में फंसा वायुसेना का विंग कमांडर? पाकिस्तान को सीक्रेट वॉर प्लान लीक करने का आरोप

नंगी तस्वीरों के जाल में फंसा वायुसेना का विंग कमांडर? पाकिस्तान को सीक्रेट वॉर प्लान लीक करने का आरोप
दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने कुछ संदिग्ध ऐप और लिंक भेजे थे जिनमें मालवेयर और स्पाईवेयर मौजूद थे.

भारतीय वायु सेना के अधिकारी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने के आरोप लगे हैं.

दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि अधिकारी ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े एक संदिग्ध ऑपरेटिव के साथ देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कीं. आरोप है कि लीक की गई जानकारी में भारतीय वायुसेना की युद्ध तैयारी, सैन्य रणनीति और महत्वपूर्ण ठिकानों से जुड़े विवरण शामिल थे.

सीक्रेट वॉर प्लान तक पहुंचाने का आरोप
चार्जशीट के अनुसार आरोपित अधिकारी ने भारतीय वायुसेना के एक गोपनीय वॉर प्लान से जुड़ी जानकारी पाकिस्तानी ऑपरेटिव तक पहुंचाई. पुलिस का दावा है कि उसने युद्धकालीन रणनीति, सैन्य तैयारियों और ऑपरेशन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा कीं. जांच एजेंसी का मानना है कि ऐसी जानकारियां दुश्मन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकती हैं.

मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप हनीट्रैप से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने आरोपी को नंगी तस्वीरें भेजीं. इसके बाद आरोपित ने कथित तौर पर गोपनीय अभिलेख उन्हे पोस्ट कर दिये . चार्जशीट में दावा किया गया है कि दोनों के बीच इस तरह के कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ और इसके बदले संवेदनशील जानकारी साझा की गई.

ड्रोन यूनिट और सैन्य क्षमता की जानकारी भी लीक
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने भारतीय वायुसेना की एक गोपनीय ड्रोन यूनिट की जानकारी भेजी थी. इसमें यूनिट की संख्या, उसकी संरचना, काम करने का तरीका, ऑपरेशनल क्षमता और ड्रोन की तकनीकी विशेषताओं से जुड़े विवरण थे . आरोप है कि युद्ध जैसी स्थिति में इनकी तैनाती कहां हो सकती है, यह भी बताया गया.

लड़ाकू विमानों और सैन्य अभ्यास का जिक्र
पुलिस के अनुसार आरोपित ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती से जुड़ी जानकारियां भी दीं. इसके अलावा राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में होने वाले एक सैन्य अभ्यास की जानकारी भी पाकिस्तानी ऑपरेटिव तक पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. जांच एजेंसी का कहना है कि इससे सैन्य रणनीतियों का अंदाजा लगाया जा सकता था.

मालवेयर से साइबर जासूसी की आशंका
चार्जशीट में दावा  है कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने कुछ संदिग्ध ऐप और लिंक भेजे थे जिनमें मालवेयर और स्पाईवेयर मौजूद थे. आरोप है कि आरोपित ने अपने अधीन काम कर रहे पांच अधिकारियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी ऐसे सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाए. इससे गोपनीय डेटा और वरिष्ठ अधिकारियों से होने वाले संवाद तक पहुंच बनाने की कोशिश की गई. कुल मिलाकर पूरी युनिट हैक करने की व्यवस्था हो गई।

डिजिटल प्रमाणों की जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने अदालत में डिजिटल रिकॉर्ड भी पेश किया है. जांच में दोनों के बीच 3,008 चैट मैसेज, 65 तस्वीरें, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 यूआरएल के आदान-प्रदान का विवरण सामने आया है. पुलिस पता लगाने की कोशिश में है कि कितनी संवेदनशील जानकारी साझा हुई और क्या इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *