नेपाल

अचानक घुसा पानी, सब रास्ते बंद…नेपाल सुरंग से 9 दिन बाद जिंदा बाहर निकल बताई भय कथा

नेपाल टनल से बाहर निकले वर्कर ने बताया कि अंधेरी सुरंग में 9 दिन तक बिना खाना और पानी के गुजारना कितना मुश्किल था. उस दौरान उनके दिल और दिमाग में क्या चल रहा था।

नेपाल सुरंग से बाहर निकाले गए वर्कर की आपबीती.

नेपाल बाढ़ के नौ दिन बाद दो लोगों को टनल के भीतर से जिंदा निकाला जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है. त्रिशूली–3 ‘ए’ हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग के अंदर फंसे दो कर्मचारी जिंदा भी हैं और सुरक्षित भी. संजय साह और कविर महर्जन के कर्मचारी फिलहाल मेडिकल देखरेख में हैं. एक वर्कर ने अपनी आपबीती बताई है. बाढ़ के वक्त सुरंग के भीतर क्या हुआ था और वह अंदर कैसे फंसे, ऑक्सीजन मास्क लगाए शख्स ने उस भयावह मंजर को बयां किया है.

40 से 45 लोगों को बचाने की कोशिश में मैं फंस गया
मैं कंट्रोल रूम में काम करता हूं और मेरी ड्यूटी कंट्रोल रूम में ही रहती है. सामान्य दिनों में कंट्रोल रूम में 4 से 6 लोग काम करते हैं, लेकिन उस दिन पावर हाउस में करीब 40 से 45 लोग मौजूद थे. जैसे ही खतरे की चेतावनी मिली, मैं सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गया. मैं सभी को छोड़कर अकेले भाग जाता, यह मैं नहीं कर सका. लोगों को बचाने की कोशिश में बाहर निकलने के लिए दिया गया समय भी बीत चुका था. इसी बीच अचानक तेज गति से पानी अंदर आने लगा और बाहर निकलने के सभी रास्ते बंद हो गए.

सुरंग में कौन कहां फंसा है, कुछ नहीं पता था
टनल इतनी लंबी थी कि देखते ही देखते हम सभी उसके अंदर फंस गए. कौन कहां फंसा है, किसकी क्या स्थिति है, इसके बारे में उसके बाद कुछ भी पता नहीं चल सका. मेरे आसपास करीब छह लोग थे. मैं लगातार उन छह लोगों के संपर्क में था और उनसे बातचीत हो रही थी. भगवान का शुक्र है कि वे सभी सुरक्षित हैं.

लगा था, अब नहीं बचेंगे
हमने इस मुश्किल समय में हिम्मत नहीं छोड़ी. हम लगातार महामंत्र का जाप करते रहे और ईश्वर से प्रार्थना करते रहे कि हमारी जान बच जाए. बिना खाना और पानी के नौ दिन गुजारना हमारे लिए बेहद कठिन था. हर पल ऐसा लग रहा था कि शायद अब बाहर निकलना संभव नहीं होगा.आखिरकार जब नौ दिन बाद मैं सुरक्षित बाहर आया, तो मेरी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था. उस पल को शब्दों में बयान करना मुश्किल है. ऐसा लगा जैसे मुझे जिंदगी दोबारा मिल गई हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *