फर्जी प्रमाण पत्र पर मेडिकल कॉलेज प्रवेश के दूसरे प्रकरण में चार बंदी

मेडिकल कॉलेजों में फर्जी प्रमाण पत्रों से दाखिले का नया मामला, अधिवक्ता समेत चार अरेस्ट

फर्जी प्रमाण-पत्रों पर मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन मामले में जांच का दायर बढ़ने के बाद कुछ नए मामले में भी सामने आया है.

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.

रुद्रपुर: देहरादून के बाद उधम सिंह नगर जिले में भी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए फर्जी पते और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र बनवाने का मामला सामने आया है. मामला बाजपुर तहसील क्षेत्र का है. उधम सिंह नगर जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में संबंधित अभ्यर्थियों के बताए पते पर निवास नहीं करने की पुष्टि हुई. प्रशासन ने प्रमाण पत्र निरस्त करते हुए एक अधिवक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ बाजपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया. साथ ही पूर्व में जारी प्रमाण पत्रों का भी दोबारा सत्यापन शुरू कर दिया गया है.

जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर 23 सितंबर 2026 को विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से सत्यापन के लिए प्राप्त प्रमाण पत्रों की जांच कराई गई. बाजपुर तहसील क्षेत्र से संबंधित प्रमाण पत्रों के भौतिक सत्यापन के लिए उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह के निर्देश पर राजस्व उप निरीक्षक और राजस्व टीम ने स्थलीय जांच की.

मेडिकल कॉलेजों में फर्जी प्रमाण पत्रों से दाखिले का नया मामला
जांच में हुआ खुलासा: प्रशासन के अनुसार स्थलीय सत्यापन के दौरान संबंधित अभ्यर्थी प्रमाण पत्रों में दर्ज पते पर निवासरत नहीं पाए गए. इसके बाद प्रमाण पत्रों के साथ लगाए गए दस्तावेजों की संबंधित विभागों से जांच कराई गई. जांच में कथित तौर पर यह सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से गलत पते और कूटरचित साक्ष्यों के आधार पर प्रमाण पत्र बनवाए थे.

परिजनों से की गई पूछताछ: इन प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए किए जाने की बात सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित अभ्यर्थियों के परिजनों को तहसील में बुलाकर पूछताछ की. अपर जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर, उप जिलाधिकारी बाजपुर, तहसीलदार बाजपुर और राजस्व टीम की मौजूदगी में परिजनों व अन्य संबंधित लोगों के लिखित बयान भी दर्ज किए गए. पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद प्रशासन ने फर्जी पाए गए प्रमाण पत्रों को निरस्त कर दिया.

प्रशासन की ओर से बाजपुर कोतवाली में

श्याम बिहारी भोजवाल पुत्र गेदन लाल निवासी दौलतपुर रोड बरखेड़ा तहसील बीसलपुर जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश
शिवम माथुर पुत्र बालजीत निवासी तुला शेरपुर इज्जतनगर जिला बरेली उत्तर प्रदेश
अर्चना पत्नी आशीष भारद्वाज निवासी मुंडियाकला, बाजपुर, ऊधम सिंह नगर
रोहित पुत्र राजेंद्र निवासी हरलालपुर बाजपुर
बाजपुर के एक अज्ञात अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
पुराने प्रमाण-पत्रों की भी होगी जांच: पुलिस ने सभी संबंधितों को कार्रवाई के लिए कोतवाली बाजपुर के सुपुर्द किया है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामला केवल सामने आए प्रमाण पत्रों तक सीमित नहीं रहेगा. उप जिलाधिकारी बाजपुर के निर्देश पर तहसील से पूर्व में जारी किए गए प्रमाण पत्रों का भी पुनः सत्यापन कराया जा रहा है.

जांच के दौरान यदि किसी अन्य प्रमाण पत्र में भी फर्जी पता, कूटरचित दस्तावेज या गलत साक्ष्य का इस्तेमाल पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच आख्या तैयार कर जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है.
-ऋचा सिंह, उप जिला अधिकारी, बाजपुर-

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए जारी होने वाले प्रमाण पत्रों के सत्यापन और दस्तावेजों की जांच व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले में आगे की जांच कर रहे हैं.

बता दें कि सबसे पहले इस तरह का मामला देहरादून जिले से सामने आया था. देहरादून में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता सेनानी का फेक सर्टिफिकेट बनवाया गया था और उसी फेक सर्टिफिकेट के आधार पर स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे से एमबीबीएस में एडमिशन लिया गया. इस मामले में खुलासे के बाद देहरादून में दो अलग-अलग थानों में चार अभ्यर्थियों समेत पांच लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसमें से तीन की गिरफ्तार हो चुकी है. वहीं अब उधम सिंह नगर में भी इस तरह का मामला सामने आया है. यहां भी फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *