मत: क्या उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 बाद योगी की जगह कोई नया चेहरा लायेगी भाजपा? लगता तो नहीं,फिर नेताओं के बयानों का क्या?
मत: क्या उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 में योगी की जगह कोई नया चेहरा?अटकलें,नेताओं के बयान और भाजपा की असल रणनीति
यूपी चुनाव 2027 से पहले बीजेपी में सीएम चेहरे को लेकर बयानों का दौर जारी है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के ‘जब तक नया चेहरा नहीं आता’ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के ‘संसदीय बोर्ड तय करेगा’ जैसे बयानों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जानिए इस राजनीतिक खींचतान और 2029 के गणित की पूरी कहानी.
यूपी चुनाव 2027 से पहले बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चर्चाएं गरमाने लगी हैं. खास बात यह है कि यह गर्माहट किसी सपा या कांग्रेसी नेताओं के बयान से नहीं आया है, बल्कि खुद बीजेपी के नेताओं ने ही इसे उछाला है. ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि क्या यूपी में 2027 का चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर ही लड़ा जाएगा, या फिर चुनाव नतीजों के बाद कोई नया चेहरा सामने आ सकता है? पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यह बयान दिया ‘जब तक कोई नया चेहरा नहीं आता, तब तक योगी जी ही चेहरा हैं’ और अब प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का यह कहना कि ‘चुनाव के बाद संसदीय बोर्ड तय करेगा कि सीएम कौन होगा’, महज संयोग नहीं हैं. क्या इन बयानों के पीछे बीजेपी का साल 2029 का गहरा रणनीतिक और सांगठनिक गणित छिपा हुआ है?
कौन होगा यूपी चुनाव 2027 में बीजेपी का सीएम फेस/
केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी से पूछा गया कि 2027 में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने एक ही जवाब नहीं दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक यानी कुल छह नाम गिनाए. बाद में खुद को भी एक चेहरा बताया, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी के संसदीय बोर्ड का बताया. इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य ने भी साफ कहा था कि उनकी महत्वाकांक्षा मुख्यमंत्री बनने की है, लेकिन पार्टी और विधायक दल तय करेंगे. ऐसे में बड़ा सवाल ययह है कि इस तरह के बयान बार-बार क्यों आ रहे हैं? क्या यूपी बीजेपी में गुटबाजी है, या नेता सपने देख रहे हैं? या फिर ये सब 2029 लोकसभा की बड़ी तस्वीर का हिस्सा है?
2029 की लोकसभा रणनीति और 2027 का सीएम फेस
पंकज चौधरी का बयान बीजेपी का स्टाइल है. पार्टी अक्सर चुनावी अभियान के शुरुआत में इस तरह का बयान देती रही है. बीजेपी का प्लान सामूहिक नेतृत्व और कार्यकर्ता शक्ति के इर्द-गिर्द रहती है. वे बार-बार दोहराते हैं कि मोदी जी सबसे बड़े चेहरे हैं, योगी जी सरकार चला रहे हैं और बाकी नेता भी चेहरे हैं. इसका मतलब साफ है कि किसी एक व्यक्ति को अभी से फाइनल घोषित करने से बचना. इससे अंदरूनी असंतोष कम रहता है और विभिन्न जातियों-क्षेत्रों के नेताओं को लगता है कि उनका भी स्पेस है.
केशव मौर्य और पंकज चौधरी के बयानों के क्या हैं मायने?
केशव प्रसाद मौर्य का बयान भी इसी लाइन पर है. वे ओबीसी चेहरे हैं, 2017 से डिप्टी सीएम हैं और पूर्वांचल में उनकी अपनी पैठ है. उन्होंने महत्वाकांक्षा जताई, लेकिन तुरंत पार्टी को सर्वोपरि बताया. ये ‘सपने’ नहीं, बल्कि राजनीतिक यथार्थ हैं. बड़े नेता अपनी महत्वाकांक्षा छिपाते नहीं, लेकिन अनुशासन दिखाते हैं. अगर ये गुटबाजी होती, तो बयान ज्यादा आक्रामक या सीधा टकराव वाले होते. अभी तक ऐसा नहीं दिख रहा.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने पहले संकेत दिए हैं कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा. योगी की लोकप्रियता, कानून-व्यवस्था और विकास का नैरेटिव अभी भी पार्टी का सबसे मजबूत कार्ड है. सर्वे भी अक्सर उन्हें पसंदीदा सीएम चेहरे के रूप में दिखाते हैं.
क्या 2027 में योगी की जगह नया चेहरा आ सकता है?
जानकार बताते हैं कि इशकी संभावना बहुत कम है. अगर भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतती है, तो मौजूदा मुख्यमंत्री को जारी रखने की परंपरा मजबूत है. खासकर जब वे जीत के प्रमुख चेहरे हों. योगी 2017 और 2022 दोनों में प्रमुख चेहरे रहे. हां ये अलग बात है कि साल 2022 में उन्हीं के चेहरे पर चुनाव लड़ा गया. लेकिन 2024 लोकसभा में यूपी में कुछ झटके लगे, लेकिन विधानसभा स्तर पर उनकी पकड़ अलग है. नया चेहरा लाने का मतलब होगा कि पार्टी खुद योगी के नौ साल के शासन पर सवाल खड़ी कर रही है, जो चुनावी रूप से नुकसानदायक हो सकता है. हां, जीत के बाद विधायक दल और केंद्रीय नेतृत्व फैसला लेते हैं. अगर कोई अप्रत्याशित स्थिति बने तो बदलाव की संभावना बनती है. लेकिन मौजूदा समय में योगी ही सबसे मजबूत दावेदार हैं.
2029 लोकसभा रणनीति का कोण
पंकज चौधरी या केशव मौर्य जैसे ओबीसी चेहरे पार्टी की जातीय समीकरण साधने के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पद को अभी योगी का चमत्कार और प्रशासनिक छवि भारी पड़ती है. उत्तर प्रदेश 80 लोकसभा सीटों वाला राज्य है. 2027 विधानसभा का नतीजा 2029 लोकसभा चुनाव को वातावरण बनाएगा. इसलिए भाजपा अभी से सावधानी बरत रही है. पंकज चौधरी कुर्मी जाति से हैं और उनको प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. केशव मौर्य को आगे रखना, ये सब गैरयादव ओबीसी और पूर्वांचल को साधने की कोशिश है, ताकि सपा के पीडीए पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक नैरेटिव का जवाब दिया जा सके.
भाजपा नेता क्यों दे रहे हैं बार-बार बयान?
मुख्यमंत्री चेहरा फाइनल करने में जल्दबाजी न करना भी रणनीति का हिस्सा है. अगर बहुत पहले एक चेहरा घोषित कर दिया जाए, तो विपक्ष उस पर हमला बोल सकता है. सामूहिक चेहरों की बात रखकर पार्टी मोदी-योगी दोनों का फायदा लेना चाहती है, साथ ही स्थानीय नेताओं को सक्रिय रखती है. 2027 की जीत अगर मजबूत हुई, तो 2029 में उत्तर प्रदेश से अच्छी संख्या निकालने का रास्ता साफ होगा. कमजोर जीत या हैरान करने वाला नतीजा दोनों तरफ दबाव बढ़ाएगा. अगर चुनाव से पहले यह तय कर दिया जाए कि योगी आदित्यनाथ ही दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे, तो भाजपा के कुछ पारंपरिक वोट बैंक जैसे गैर-यादव ओबीसी या ब्राह्मण समाज उदासीन हो सकते है. संसदीय बोर्ड के फैसले की बात कहकर सभी समुदायों के नेताओं के लिए दरवाजे खुले रखे जा रहे हैं.
गुटबाजी या सामान्य राजनीति?
हर बड़ी पार्टी में महत्वाकांक्षाएं होती हैं. उत्तर प्रदेश भाजपा में भी विभिन्न गुट योगी खेमा, पुराने संगठन वाले, ओबीसी नेता आदि की चर्चाएं पुरानी हैं. लेकिन भाजपा की ताकत यह है कि केंद्रीय नेतृत्व मोदी-शाह अंतिम फैसला लेता है और अनुशासन बनाए रखता है. बयानबाजी को गुटबाजी का प्रमाण मान लेना जल्दबाजी होगी. ये ज्यादातर मीडिया चर्चा और नेताओं की अपनी जगह बनाने की कोशिश लगती है. 2027 का चुनाव मुख्य रूप से विकास, कानून-व्यवस्था, कल्याण योजनाओं और जातीय समीकरणों पर लड़ा जाएगा. मुख्यमंत्री चेहरा महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्णायक नहीं. योगी आदित्यनाथ अभी भी सबसे मजबूत स्थिति में हैं. बाकी नेताओं के बयान पार्टी की आंतरिक गतिशीलता और व्यापक रणनीति को दर्शाते हैं, न कि किसी बड़े टकराव को.
कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उठ रहे बयान केवल व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि 2027 और 2029 के लिए तैयार की जा रही सोची-समझी ‘फ्लेक्सिबल स्ट्रैटेजी’ का हिस्सा हैं. भाजपा चुनाव से पहले किसी भी समुदाय को निराश नहीं करना चाहती, इसलिए योगी का चेहरा और संसदीय बोर्ड का सस्पेंस दोनों एक साथ चलाए जा रहे हैं.

