ESIC सनथ नगर बना सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा और डिजिटल हेल्थ में उत्कृष्टता केंद्र

उत्तराखंड मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने किया अध्ययन भ्रमण 

देहरादून/हैदराबाद 03 सितम्बर 2026। हैदराबाद के सनथ नगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा, उन्नत क्लिनिकल सेवाओं और प्रौद्योगिकी-सक्षम मरीज देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता के अग्रणी केंद्र के रूप में उभरे हैं। ये संस्थान तेलंगाना में बीमित व्यक्तियों और उनके परिवारों को मितव्ययी एवं व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
उत्तराखंड से आए 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने आज हैदराबाद के सनथ नगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) परिसर का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा तथा उन्नत क्लिनिकल एवं प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवाओं की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथ नगर की डीन डॉक्टर एस. सीतलक्ष्मी ने मीडिया प्रतिनिधियों को संस्थान के स्वास्थ्य तंत्र और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हैदराबाद क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत तेलंगाना में ईएसआईसी नेटवर्क सभी 33 जिलों तक फैला है। इसमें 4 ईएसआईएस अस्पताल,70 डिस्पेंसरी,8 शाखा कार्यालय और 10 डिस्पेंसरी-कम-ब्रांच ऑफिस (DCBO) हैं। राज्य में 20,47,160 बीमित व्यक्ति (IPs) और 74,32,916 लाभार्थी हैं, जिन्हें 1,63,581 नियोक्ताओं का सहयोग प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि सनथ नगर परिसर में 1,044 बिस्तरों वाली एकीकृत स्वास्थ्य सुविधा है, जिसमें 800 बिस्तरों वाला ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा 244 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल है। परिसर में 159 आईसीयू बेड, 45 डायलिसिस बेड, 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और पांच उन्नत ओटी सुइट्स हैं। इसके अलावा यहां विभिन्न ब्रॉड स्पेशियलिटी और सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं। आपात सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती हैं।
चार वर्षों में संस्थान की रोगी सेवाओं में निरंतर वृद्धि हुई है। वार्षिक ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या 2022 में 6,93,853 से बढ़कर 2025 में 9,80,925 हो गई। इसी अवधि में प्रतिदिन औसत ओपीडी संख्या 2,354 से बढ़कर 3,248 मरीज हो गई। वार्षिक भर्ती 78,086 से बढ़कर 95,037 हुई,जबकि प्रतिदिन औसत भर्ती 214 से बढ़कर 315 हो गई। सर्जरी की संख्या भी 2022 में 16,223 से बढ़कर 2025 में 20,117 हो गई। वर्ष 2025 में अस्पताल की बेड ऑक्यूपेंसी दर 85.6 प्रतिशत रही,जो इसकी तृतीयक स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर उपयोग को दर्शाती है।
दोनों अस्पतालों को 2019 से लगातार 500 से अधिक बेड की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ईएसआईसी अस्पताल के रूप में मान्यता मिलती रही है। संस्थान ने सुरक्षित,मरीज-केंद्रित और साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए मजबूत गुणवत्ता प्रणालियां और मान्यता तंत्र भी स्थापित किए हैं। ESIC सनथ नगर में कार्डियोलॉजी, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी,नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी,न्यूरोसर्जरी,ऑन्कोलॉजी, हेमेटोलॉजी,प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी तथा फिजिकल मेडिसिन एवं रिहैबिलिटेशन सहित अनेक उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं।
नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी के क्षेत्र में यह अस्पताल ईएसआईसी नेटवर्क के भीतर किडनी ट्रांसप्लांट,जिसमें ABO-incompatible किडनी ट्रांसप्लांट भी शामिल है,को एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। यहां जीवित डोनर तथा कैडेवरिक (मृत डोनर) दोनों प्रकार के किडनी ट्रांसप्लांट किए जाते हैं। संस्थान ने 8 जून 2024 को पहली बार अपने परिसर में कैडेवरिक अंग निकासी की प्रक्रिया की। अब तक यहां 30 किडनी ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं,जिनमें 18 जीवित डोनर ट्रांसप्लांट शामिल हैं। वर्ष 2025-26 में हेमोडायलिसिस सुविधा से 59,868 बीमित मरीज लाभान्वित हुए,जो परिसर में उपलब्ध किडनी संबंधी स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक स्तर को दर्शाता है।
पैथोलॉजी विभाग में NABL Entry-Level Tertiary-Care Diagnostic Laboratory संचालित है। इसकी टेस्ट सूची में 162 प्रकार की जांचें शामिल हैं तथा आठ विशेषज्ञता वर्गों में 90 से अधिक इम्यूनोहिस्टोकेमिस्ट्री (IHC) और मॉलिक्यूलर मार्कर उपलब्ध हैं। प्रयोगशाला ने वर्ष 2025-26 में 16.7 लाख से अधिक जांचें कीं। इससे सामान्य जांचों के साथ-साथ ऑन्कोलॉजी सहित विशेषीकृत चिकित्सा सेवाओं में व्यापक डायग्नोस्टिक सहायता उपलब्ध हो रही है।
परिसर में प्रौद्योगिकी-सक्षम स्वास्थ्य सेवाओं की कई पहल भी लागू की गई हैं। इनमें रेडियोलॉजिकल इमेजिंग सेवाओं को Picture Archiving and Communication System (PACS),ई-आईसीयू सेवाएं, ऑक्सीजन और वैक्यूम पाइपलाइन सिस्टम की रियल-टाइम मॉनिटरिंग,सेंट्रल इन्फॉर्मेशन सिस्टम डैशबोर्ड तथा रियल-टाइम ऑनलाइन सैंपलिंग सिस्टम शामिल हैं। अन्य पहलों में AAA+ ऐप आधारित ओपीडी सेवाएं,धनवंतरी मॉड्यूल का कार्यान्वयन,100 प्रतिशत ई-ऑफिस व्यवस्था, आधार सीडिंग और ओपीडी में LAN कनेक्टिविटी शामिल हैं।
होम ड्रग डिलीवरी,होम सैंपल कलेक्शन,AAA+ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन परामर्श और 5G-सक्षम एंबुलेंस सेवाओं जैसी मरीज-केंद्रित डिजिटल पहलों ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और निरंतरता को और मजबूत किया है।
सनथ नगर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज ने 150 एमबीबीएस सीटों,106 एमडी/एमएस सीटों,15 एम.च. सीटों,12 DrNB सीटों,4 DNB कार्यक्रमों और 6 FNB कार्यक्रमों के साथ अपने शैक्षणिक तंत्र भी मजबूत किया है। इसके अतिरिक्त कार्डियक एवं कार्डियोवैस्कुलर टेक्नोलॉजी,मेडिकल रिकॉर्ड्स साइंस,ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी,ऑप्टोमेट्री,रीनल डायलिसिस टेक्नोलॉजी,रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी तथा मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी जैसे विशेष क्षेत्रों में 72 एलाइड हेल्थ साइंसेज सीटें भी हैं।
प्रतिनिधिमंडल को डॉक्टर जया कुंदन गेडाम, डॉक्टर रत्ना गोसाईं,डॉक्टर जी.लक्ष्मी प्रसाद और डॉक्टर जी.तिरुपति ने विभिन्न क्लिनिकल एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों ने अस्पताल की प्रयोगशाला सुविधाओं का भ्रमण किया तथा परिसर में उपलब्ध उन्नत डायग्नोस्टिक ढांचे और सेवाओं की जानकारी ली।
इस भ्रमण से मीडिया प्रतिनिधिमंडल को ईएसआईसी सनथ नगर के कामकाज तथा सुलभ,मितव्ययी और उच्च गुणवत्ता स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की प्रत्यक्ष जानकारी पाने का अवसर मिला। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा शिक्षा,विशेषीकृत क्लिनिकल सेवाओं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने के संस्थान के प्रयासों को भी समझा।
विस्तार लेते स्वास्थ्य ढांचे,बढ़ती रोगी संख्या, उन्नत ट्रांसप्लांट और डायग्नोस्टिक सेवाओं, मजबूत चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम रोगी सेवाओं को अपनाने के साथ ईएसआईसी सनथ नगर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श संस्थान के रूप में लगातार उभर रहा है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन देहरादून केंद्र के उपनिदेशक संजीव सुन्द्रियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड से  पहुंचे पत्रकार प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री रवीन्द्र नाथ कौशिक,अनिल बहुगुणा (पौडी),मोहम्मद सलीम सैफ़ी,भागीरथ शर्मा,अजय रावत अजेय(पौडी), योगेश सेमवाल,ललित उनियाल,राजेश कुमार पांडेय,मौहम्मद फहीम तन्हा,सुकांत ममगाईं ,आफताब अजमत,गिरीश जोशी (हल्द्वानी) तथा संतोष कुमार थपलियाल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *