उत्तराखंड की पहली खेल यूनिवर्सिटी का शुभारंभ किया मुमं धामी ने

उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, नए निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी हुआ
अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के मौके पर उत्तराखंड को मिली बड़ी सौगात, हल्द्वानी के गौलापार में खेल विवि की हुई औपचारिक शुरुआत,
उत्तराखंड की पहली खेल यूनिवर्सिटी का शुभारंभ

हल्द्वानी (उत्तराखंड) 29 अगस्त 2026 : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 (National Sports Day 2026) के दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है. आज शनिवार 29 अगस्त को उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय (Uttarakhand’s first sports university) का शुभारंभ हो गया. शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया. इस मौके पर राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या और सांसद अजय भट्ट भी मौजूद थे.

उत्तराखंड के पहले खेल विवि का शुभारंभ: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के औपचारिक उद्घाटन के साथ ही इसके प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन भी किया. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारे राज्य के पहले खेल विवि के शुभारंभ और पहले चरण के निर्माण कार्यों के भूमि पूजन और शिलान्यास की प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं.

उत्तराखंड की पहली खेल यूनिवर्सिटी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री धामी ने खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को याद किया: सीएम धामी ने इस मौके पर मेजर ध्यानचंद को उनकी जन्म जयंती पर याद किया. मुख्यमंत्री धामी ने मेजर ध्यानचंद से जुड़ी कई बातें अपने संबोधन में कही. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने सभी को प्रेरणा दी कि- प्रतिभा जन्म से मिलती है, लेकिन महानता तब मिलती है जब हम परिश्रम करते हैं. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विभिन्न खेल विधाओं को हाईटेक करने की दिशा में भी 23 नई हाईटेक खेल अकादमियों को स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं.
Ihttps://t.co/oSQ8IgUSqY

— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 29, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया राज्य में खेलों की नई शुरुआत: आज खेल दिवस पर उत्तराखंड में खेलों की नई शुरुआत हो रही है. आज उत्तराखंड खेल विवि के शुभारंभ के साथ इसके पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हो रहा है. अब हमारे प्रदेश के युवाओं को हमारे राज्य में खेल के लिए उच्च कोटि की सुविधाएं मिलेंगी. अब हमारा उत्तराखंड, देवभूमि और वीर भूमि के साथ-साथ खेल भूमि के रूप में चमकने को तैयार है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि राज्य का पहला खेल विवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सीएम धामी ने इस मौके पर खेल के क्षेत्र में राज्य और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया. सीएम धामी ने कहा कि-

खिलाड़ियों से ये कहना चाहता हूं कि मैदान में उतरिए, पसीना बहाइए और अपना शत-प्रतिशत देने के लिए परिक्षम को पराकाष्ठा तक ले जाने का काम करिए. आपको सफलता शीर्ष पर ले जाएगी. आपकी राह में आर्थिक संकट को आड़े नहीं आने दिया जाएगा. खिलाड़ी फिट उत्तराखंड और फिट इंडिया में अपना योगदान देंगे.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड-

खराब साउंड सिस्टम पर मुख्यमंत्री धामी  ने विशेष प्रमुख सचिव खेल से मंच से ही पूछ दिया सवाल: समारोह स्थल पर माइक की आवाज गूंजने पर मुख्यमंत्री धामी ने विशेष प्रमुख सचिव खेल से सीधा पूछ लिया कि सांसद अजय भट्ट ने भी साउंड सिस्टम पर सवाल उठाया था, ये कब तक ठीक हो जाएगा. इस पर विशेष प्रमुख सचिव खेल ने आश्वासन दिया कि अगले कार्यक्रम में साउंड सिस्टम सही मिलेगा.

ये होंगी खेल विवि की विशेषताएं
राज्य को पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मिलने पर खेल मंत्री खुश: उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य के पहले खेल विवि के शुभारंभ के साथ ही देवभूमि के खेल परिदृश्य में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है. राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) का यह अवसर हम सभी प्रदेशवासियों और विशेष रूप से हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए अत्यंत गौरवशाली सिद्ध हुआ है. हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेल विश्वविद्यालय (Sports University) के शुभारंभ के साथ प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन हुआ है.

यहां बनी है खेल यूनिवर्सिटी
खेल मंत्री ने कहा मेरा सपना पूरा हुआ: उत्तराखंड में एक सर्वसुविधायुक्त खेल विश्वविद्यालय की स्थापना मेरा एक बहुप्रतीक्षित और महत्त्वाकांक्षी सपना था, जो अब धरातल पर साकार हुआ है. अब हमारे राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल संरचना और खेल विज्ञान (Sports Science) की सुविधाएं देवभूमि के भीतर ही उपलब्ध होंगी. रेखा आर्या ने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए में प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं. राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय के शुभारंभ के मौके पर खिलाड़ियों का सम्मान भी हुआ.

ये है खेल विवि का उद्देश्य
खेल सचिव अमित सिन्हा ने बताया कि-

12 हेक्टेयर भूमि में एडमिनिस्ट्रेटर बिल्डिंग और दो हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा. लगभग 32 हेक्टेयर जमीन पर विश्वविद्यालय का निर्माण होना है, जिसमें खेलों की 30 से अधिक गतिविधियां होंगी. इस वर्ष ही एट्जेस्टिंग बिल्डिंग जो नेशनल गेम के दौरान तैयारी की गई थी, जिसमें 8 क्लास रूम, मेस और एक गर्ल्स हॉस्टल शुरू किया जाएगा. इसमें तमाम अधिकारियों और प्रोफेसर के रुकने और बैठने की व्यवस्था भी है. इसमें क्लासेज भी शुरू हो गई हैं. दो ग्रेजुएशन कोर्स के साथ इसे शुरू किया जा रहा है. इसके अलावा 8 पीजी डिप्लोमा कोर्स हैं.
-अमित सिन्हा, खेल सचिव-

अमित सिन्हा ने बताया कि भविष्य में स्पोर्ट्स पत्रकारिता डिप्लोमा कोर्स को शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके अलावा स्पोर्ट्स कोचिंग में ऐसे ऐसे खेलों की शुरुआत की जाएगी, जिनका उत्तराखंड में स्कोप है, जिससे बच्चे स्पोर्ट्स ओलंपिक पोडियम तक पहुंच पाएं, उसकी भी शुरुआत की जाएगी.

ये होंगी खेल विवि की विशेषताएं
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण:

डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार: अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार राशि का सीधा अंतरण
छात्रवृत्ति प्रोत्साहन: ‘मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना’ के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति वितरण
राज्य खेल पुरस्कार: वर्ष 2024-25 के ‘देवभूमि खेल रत्न’ और ‘देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार’ से उत्कृष्ट खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का सम्मान
कहां बना है उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय? उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय नैनीताल जिले में हल्द्वानी के गौलापार में बना है. गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेल विवि है.

उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय की विशेषता: उत्तराखंड का पहला खेल विवि परिसर करीब 32 हेक्टेयर (करीब 90 एकड़) भूमि पर बना है. अभी इसके हॉस्टल और अन्य जरूरी संरचनाएं तैयार होनी हैं. इसके निर्माण के लिए केंद्र सरकार के पर्यावरण एवं वन मंत्रालय द्वारा 12.317 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण को भी अंतिम मंजूरी दी जा चुकी है. खेल विश्वविद्यालय के पहले चरण के निर्माण कार्यों के लिए सरकार द्वारा ₹43.50 करोड़ का बजट तय किया गया है. यह पूरा कैंपस हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के समीप तैयार किया गया है, जहां खिलाड़ियों को इंटरनेशनल स्तर की ट्रेनिंग और सुविधाएं दी जा रही हैं.

शनिवार 29 अगस्त से उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया
खेल विवि का शैक्षणिक सत्र खेल दिवस से शुरू: उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र की शुरुआत भी आज मेजर ध्यानचंद की जन्म जयंती पर मनाए जाने वाले खेल दिवस पर हुई है. यहां खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल संरचना और खेल विज्ञान की सुविधा मिलेगी. खेल विवि के सुचारू संचालन के लिए कुलपति सहित 94 नियमित पदों को मंजूरी दी गई है.

TAGGED:

GAULAPAR SPORTS UNIVERSITY HALDWANI
उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
हल्द्वानी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
SPORTS UNIVERSITY INAUGURATED
UTTARAKHAND FIRST SPORTS UNIVERSITY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *