हनी ट्रैप में फंसा ज्योति,मुस्तकीम ने व्यवसायी से लूटे 4 फ्लैट, 5 करोड़ नकद ?

हल्द्वानी में स्टोन क्रशर कारोबारी को महिला से दोस्ती पड़ी भारी, ब्लैकमेल कर हड़पी करोड़ों की जायदाद

हल्द्वानी में एक स्टोन क्रशर कारोबारी को ब्लैकमेल कर 7 करोड़ रुपये की संपत्ति और नकदी हड़पने का मामला सामने आया है।
कारोबारी को नशीला पदार्थ खिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए

ब्लैकमेल कर चार फ्लैट और पांच करोड़ रुपये नकद हड़पे गए

पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला सहित सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की

हल्द्वानी। स्टोन क्रशर और पेट्रोल पंप का कारोबार करने वाले कारोबारी को कथित ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाकर सात करोड़ रुपये की संपत्ति और नकदी हड़पने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि महिला ने पहले कारोबारी से नजदीकी बढ़ाई और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए। इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पहले 45 लाख रुपये वसूले। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार फ्लैट अपने और परिचितों के नाम करा लिए। पांच करोड़ रुपये नकद भी हड़पने का आरोप है।

लालकुआं के बीचपुर निवासी 62 वर्षीय कारोबारी सुभाष चंद की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने ज्योति सिंह पत्नी राजेश कुमार सिंह निवासी गौजाजाली उत्तर हल्द्वानी, मोहम्मद मुस्तकीम पुत्र मोहम्मद अली हुसैन निवासी टनकपुर रोड हल्द्वानी, कुन्दन कुमार, पंकज और सोनम उर्फ दिनेश वाले निवासी हल्द्वानी समेत दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। कारोबारी के अनुसार वर्ष 2015 में एक परिचित के माध्यम से ज्योति सिंह से उसकी पहचान हुई थी।

दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
महिला ने मदद के बहाने नजदीकी बढ़ाई और पूजा के लिए घर बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप है। वर्ष 2016 में वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर 45 लाख रुपये लिए गए। वर्ष 2022 में महिला दोबारा संपर्क में आई और साथियों के साथ मिलकर संपत्ति व नकदी वसूलने लगी। आरोप है कि चार फ्लैट में एक ज्योति, दो उसकी बेटी और एक मुस्तकीम के नाम कराया गया।
बैंक खातों में रकम भेजकर वापस नकद लेने का तरीका अपनाया गया। कारोबारी का कहना है कि लगातार वसूली से उसका घर, स्टोर और फ्लैट तक बिक गया। अब चार लाख रुपये की मांग और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी मिलने पर उसने पुलिस की शरण ली। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पान के ठेले से शुरू हुई थी पहचान
कारोबारी की तहरीर के अनुसार वर्ष 2015 में ज्योति सिंह से उसकी पहचान एक ऐसे व्यक्ति के माध्यम से हुई थी, जो उसके स्टोर के पास सड़क किनारे पान का ठेला लगाता था। महिला ने मुकदमे में खर्च की जरूरत बताकर मदद मांगी थी। इसके बाद कारोबारी से मेलजोल बढ़ाया। आरोप है कि पूजा के बहाने घर बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाया और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए। इन्हीं के आधार पर ब्लैकमेलिंग शुरू की गई। वर्ष 2016 में 45 लाख रुपये लेने के बाद संपर्क नहीं रखने का भरोसा दिया गया था।

तीन लोगों के नाम कराए चार फ्लैट
शिकायत के मुताबिक कारोबारी से चार फ्लैट की रजिस्ट्री कराई गई। इनमें एक ज्योति सिंह, दो उसकी बेटी संस्कृति उर्फ अंजलि और एक मोहम्मद मुस्तकीम के नाम कराया गया। इनकी बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। आरोप है कि रजिस्ट्री में भुगतान दिखाने के लिए पहले बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। बाद में वही रकम कारोबारी से नकद वापस ले ली जाती थी। इस तरह करीब पांच करोड़ रुपये अतिरिक्त वसूलने का आरोप लगाया गया है।

30 प्रतिशत प्रतिदिन ब्याज जोड़कर वसूली
कारोबारी ने तहरीर में बताया कि महिला कभी मकान खरीदने तो कभी निजी जरूरत बताकर रकम मांगती थी। एटीएम और क्यूआर कोड के माध्यम से भी भुगतान कराया जाता था। आरोप है कि एक मकान के नाम पर 30 लाख रुपये मांगने के बाद प्रतिदिन 30 प्रतिशत ब्याज जोड़ने की बात कही गई। इसी तरह हीरानगर में मकान खरीदने का हवाला देकर करीब 60 लाख रुपये वसूले गए। छोटी-छोटी रकम मांगकर भी इसी दर से ब्याज जोड़ने का आरोप है।

चार लाख रुपये के लिए फिर बनाया दबाव
कारोबारी के अनुसार पांच नवंबर को ज्योति सिंह काठगोदाम स्थित उसके छोटे भाई के घर के पास पहुंची और रकम की मांग करने लगी। कारोबारी ने तबीयत खराब होने और आर्थिक तंगी का हवाला देकर 12 नवंबर तक का समय मांगा। इसके बाद भी फोन कर चार लाख रुपये मांगे जाते रहे। रकम नहीं देने पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने, घर पहुंचने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। लेनदेन के माध्यम को भी देखा जा रहा है। – विजय मेहता, कोतवाल हल्द्वानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *