प्रथम चरण:बंगाल में स्वतंत्रता बाद सर्वाधिक 92.72% मतदान
West Bengal Assembly Election 2026 Voters Turned Out Breaking All Records Held Since 1947 See Polling Percentage List
पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद से अब तक का सबसे अधिक मतदान, देखें 1951 से 2026 के आंकड़े
West Bengal Phase 1 Voting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब लाखों मतदाताओं ने 2026 के विधानसभा चुनावों में अभूतपूर्व संख्या में मतदान किया। आजादी के बाद से चले आ रहे सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए पश्चिम बंगाल (चरण-I) में मतदान 92% के आंकड़े को पार कर गया।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण ने इतिहास रच दिया है। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में 152 सीट पर मतदान हुआ। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 92.72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा कि यह आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल में दर्ज अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है। आयोग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक राज्य में इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2011 के विधानसभा चुनावों के दौरान 84.72 प्रतिशत रहा था।
आजादी के बाद पश्चिम बंगाल चुनाव का मतदान प्रतिशत (1951–2026)
क्रम संख्या राज्य साल चुनाव मतदान प्रतिशत
1- पश्चिम बंगाल 1951 विधानसभा 43.12
2- पश्चिम बंगाल 1951 लोकसभा 40.49
3- पश्चिम बंगाल 1957 विधानसभा 47.64
4- पश्चिम बंगाल 1957 लोकसभा 47.67
5- पश्चिम बंगाल 1962 विधानसभा 55.55
6- पश्चिम बंगाल 1962 लोकसभा 55.75
7- पश्चिम बंगाल 1967 विधानसभा 66.10
8- पश्चिम बंगाल 1967 लोकसभा 66.03
9- पश्चिम बंगाल 1969 विधानसभा 66.51
10- पश्चिम बंगाल 1971 विधानसभा 62.03
11- पश्चिम बंगाल 1971 लोकसभा 61.93
12- पश्चिम बंगाल 1972 विधानसभा 60.80
13- पश्चिम बंगाल 1977 विधानसभा 56.15
14- पश्चिम बंगाल 1977 लोकसभा 60.24
15- पश्चिम बंगाल 1980 लोकसभा 70.62
16- पश्चिम बंगाल 1982 विधानसभा 76.96
17- पश्चिम बंगाल 1984 लोकसभा 78.61
18- पश्चिम बंगाल 1987 विधानसभा 75.66
19- पश्चिम बंगाल 1989 लोकसभा 79.67
20- पश्चिम बंगाल 1991 विधानसभा 76.80
21- पश्चिम बंगाल 1991 लोकसभा 76.73
22- पश्चिम बंगाल 1996 विधानसभा 82.94
23- पश्चिम बंगाल 1996 लोकसभा 82.66
24- पश्चिम बंगाल 1998 लोकसभा 79.27
25- पश्चिम बंगाल 1999 लोकसभा 75.05
26- पश्चिम बंगाल 2001 विधानसभा 75.29
27- पश्चिम बंगाल 2004 लोकसभा 78.04
28- पश्चिम बंगाल 2006 विधानसभा 81.58
29- पश्चिम बंगाल 2009 लोकसभा 81.42
30- पश्चिम बंगाल 2011 विधानसभा 84.72
31- पश्चिम बंगाल 2014 लोकसभा 82.22
32- पश्चिम बंगाल 2016 विधानसभा 83.02
33- पश्चिम बंगाल 2019 लोकसभा 81.76
34- पश्चिम बंगाल 2021 विधानसभा 82.30
35- पश्चिम बंगाल 2024 लोकसभा 79.55
36- पश्चिम बंगाल 2026 (चरण -1) विधानसभा 92.72
92.69 प्रतिशत महिलाओं ने किया वोट
पहले चरण के चुनाव में पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 सीट पर गुरुवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतदान शुरू हुआ। इन सीटों पर 167 महिलाओं सहित कुल 1,478 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि गुरुवार के मतदान में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। इसमें महिला मतदाताओं का प्रतिशत 92.69, जबकि पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 90.92 रहा। तीसरे लिंग के मतदाताओं का प्रतिशत 56.79 रहा।
मतदान प्रतिशत से मोदी खुश
भारी मतदान पर दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस ने अपने पक्ष में निर्णायक जनादेश मिलने की उम्मीद जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नदिया जिले में एक रैली संबोधित करते हुए मतदान परिवर्तन को भारी जनादेश बताया और दावा किया कि चुनाव संबंधी हिंसा पिछले पांच दशकों में सबसे कम रही। हालांकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस दावे को सिरे से निरस्त कर दिया।
ममता ने क्या कहा?
वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उच्च मतदान प्रतिशत लोगों में यह डर दर्शाता है कि अगर मतदान नहीं करेंगे, तो वे अपना मताधिकार और नागरिकता खो सकते हैं। उन्होंने मतदाता भागीदारी को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जोड़ा। पश्चिम बंगाल में 2021 में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुए थे और कुल मतदान प्रतिशत 82.30 प्रतिशत रहा था। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में अलग-अलग चरणों में मतदान 79 से 86 प्रतिशत के बीच रहा था।
95 प्रतिशत तक पहुंच सकता है अंतिम मतदान प्रतिशत
अधिकारियों के अनुसार अंतिम मतदान प्रतिशत और बढ़ सकता है, जो संभवतः 95 प्रतिशत के करीब पहुंच सकता है। वर्ष 2021 में भाजपा ने इन 152 सीटों में से 59 सीटें जीती थीं, जबकि तृणमूल को 93 सीटें मिली थीं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को और मतगणना चार मई को होगी। इस बीच, निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को मतदान के बाद के नए दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिनमें मतदान समाप्त होने के बाद निगरानी कैमरों और वीडियो डेटा संभालने को सख्त प्रोटोकॉल निर्धारित किए गए हैं।
