AI ढूंढ रहा खोये लोग,लेकिन… खतरे भी कम नही

UP पुलिस ने ChatGPT-Gemini से खोज निकाली 5 साल से लापता महिला, सिर्फ बचपन की फोटो थी सहारा

ChatGPT Gemini की मदद से यूपी की सोनभद्र पुलिस ने 2007 की बचपन की तस्वीर से महिला की संभावित वर्तमान तस्वीर तैयार की. इसी तस्वीर के आधार पर पांच वर्षों से लापता मंजू देवी को राजस्थान के चूरू जिले से सकुशल बरामद किया गया.

सोनभद्र 22 नवंबर , 2026 । उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस ने आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग कर एक ऐसा मामला सुलझाया है जिसकी चर्चा अब प्रदेश स्तर पर हो रही है. पांच वर्षों से लापता एक आदिवासी महिला की तलाश में पुलिस को तब बड़ी सफलता मिली, जब उसकी बचपन की तस्वीर के आधार पर ChatGPT और Google Gemini की मदद से तैयार की गई संभावित वर्तमान तस्वीर जांच का अहम सुराग बन गई. इस सराहनीय कार्य के लिए बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय को पुलिस महानिदेशक, लखनऊ ने पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है, जबकि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया है.

बचपन की तस्वीर बनी जांच की सबसे बड़ी कड़ी
मामला उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज‍िले के बभनी पुल‍िस थाना क्षेत्र के जौराही गांव का है. गांव की रहने वाली गरीब आदिवासी वृद्ध किस्मत देवी ने जुलाई 2026 में अपनी करीब 30 वर्षीय बेटी मंजू देवी खरवार के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. परिजनों के मुताबिक शादी कराने की बात कहकर मंजू को वाराणसी ले जाया गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका. जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला की पहचान करना था, क्योंकि परिजनों और ससुराल पक्ष के पास उसकी कोई हालिया तस्वीर उपलब्ध नहीं थी. विवेचना के दौरान पुलिस को संबंधित विद्यालय के छात्रवृत्ति फॉर्म से वर्ष 2007 की एक तस्वीर मिली, जिसमें मंजू कक्षा चार में पढ़ाई कर रही थी. लेकिन करीब 30 वर्ष की उम्र में उसके वर्तमान स्वरूप का अनुमान लगाना आसान नहीं था.

chatgpt gemini ai help to find missing woman sonbhadra police up
ChatGPT और Gemini से तैयार हुई संभावित वर्तमान तस्वीर
ऐसे में बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने आधुनिक AI तकनीक का सहारा लिया. उन्होंने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए ChatGPT और Google Gemini की सहायता से उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की. जब यह तस्वीर परिजनों को दिखाई गई तो उन्होंने अपनी बेटी मंजू के रूप में उसकी पहचान की पुष्टि की. AI से तैयार तस्वीर जांच का महत्वपूर्ण आधार बनी और पुलिस को आगे की कार्रवाई में नई दिशा मिली.

AI से तैयार तस्वीर और विवेचना के दौरान जुटाई गई अन्य सूचनाओं के आधार पर आरक्षी विजय पाण्डेय राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र स्थित गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंचे. लगातार प्रयासों के बाद 16 अक्टूबर 2026 को मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया गया. जांच में सामने आया कि मंजू वहां अपने पति उमेन्द्र और दो बच्चों के साथ रह रही थी तथा सामान्य वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रही थी. पुलिस को महिला पूरी तरह सुरक्षित मिली.

सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि बभनी थाना क्षेत्र की एक आदिवासी महिला के कई वर्षों से लापता होने के मामले में जुलाई 2026 में दर्ज एफआईआर की जांच के दौरान कोई हालिया फोटो उपलब्ध नहीं थी. ऐसे में आरक्षी ने AI की मदद से महिला की संभावित वर्तमान तस्वीर तैयार की. इसके बाद पुलिस ने पहले वाराणसी, फिर आगरा और अंत में राजस्थान के चूरू जिले में तलाश अभियान चलाया, जहां महिला सकुशल बरामद हुई. उन्होंने बताया कि महिला वर्तमान में विवाहित जीवन जी रही है और उसके दो बच्चे भी हैं.

AI पुलिसिंग को बढ़ावा दे रही सोनभद्र पुलिस
इस उल्लेखनीय कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक, लखनऊ ने आरक्षी विजय पाण्डेय को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है. वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया. इस पूरे प्रकरण की एक खास बात यह भी रही कि AI से प्राप्त जानकारी को अंतिम सत्य मानने के बजाय पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर उसका सत्यापन किया. इसके बाद ही जांच को आगे बढ़ाया गया और सफलता हासिल हुई. सोनभद्र पुलिस अब पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है. पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में जिले के पुलिसकर्मियों को ChatGPT, Google Gemini समेत अन्य आधुनिक AI प्लेटफॉर्म के उपयोग के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की गई हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *