बरेली में रेखा-गिरधारी का महल निर्माण 6 माह से अटका, UK पुलिस के बरेली में छापे
पति से अनबन के बाद रुका मंत्री रेखा आर्या के 5 एकड़ में बन रहे आलीशान फार्म हाउस का काम, 6 माह से निर्माण ठप्प

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी में दो साल से चलती अनबन अब सामने आई है, जिसके चलते बरेली में निर्माणााधीन भव्य फार्म हाउस का काम छह महीने से रुका ।
पप्पू गिरधारी ने लालपुर में बनवाई आलीशान हवेली
पति से अनबन शुरू होने के बाद से हल्का पड़ा काम, छह माह से निर्माण कार्य ठप्प
देहरादून/बरेली 21 अक्टूबर 2026 । उत्तराखंड की बाल विकास एवं महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या का पति पप्पू गिरधारी से विवाद अब सामने आया, मगर अंदरखाने दो वर्ष से तनातनी चल रही थी। मंत्री की शहर से दूरियां बनाने का कारण भी यही माना जा रहा है।
वही, तनातनी बढ़ने के बाद से ही बड़ा बाइपास के पास स्थित लालपुर में पांच एकड़ में बन रहे आलीशान फार्म हाउस का काम धीमा हो गया। पप्पू गिरधारी ने छह माह पूर्व इसे पूरी तरह बंद कर दिया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का शहर में भी अक्सर आना बना रहता था। वह जोगी नवादा स्थित वनखंडीनाथ मंदिर में होने वाले आयोजनों में अक्सर शामिल हुआ करती थीं। यहीं आवास पर रुकती भी थीं।
पप्पू गिरधारी जिले में लंबे समय से रियल एस्टेट का काम कर रहा है। पांच साल पहले बरेली-सीतापुर हाईवे पर बड़ा बाइपास के पास लालपुर गांव में करीब पांच एकड़ भूमि पर आलीशान फार्म हाउस का निर्माण शुरू कराया।
बताते हैं कि यह फार्म हाउस मंत्री रेखा आर्या के लिए बनवाया गया। लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यहां विशाल परिसर में एक बेहद आलीशान कोठी खड़ी है।
सफेद खंभों, ऊंचे-ऊंचे गुंबदों और भव्य बालकनी के साथ बनी यह हवेली किसी भव्य राजमहल जैसी नजर आती है। पूरा निर्माण लाल पत्थरों और मार्बल से कराया जा रहा है।
इसके साथ ही यहां सुसज्जित एक भव्य मंदिर परिसर और एक विशाल स्विमिंग पूल भी तैयार किया गया है। इतना ही नहीं एक गेस्ट हाउस भी बनाया गया है। बताते हैं कि गेस्ट हाउस तैयार होने के बाद मंत्री शहर आने पर वही रुका करती थी।
करीब दो साल पहले पप्पू गिरधारी और मंत्री रेखा आर्या में तनातनी होने लगी, जिसके बाद उनका शहर आना कम हो गया। इसके केंद्र में पप्पू की पूर्व मैनेजर कल्पना भी थी।
वर्ष 2024 में रेखा आर्य ने बारादरी थाने में कल्पना पर चोरी की प्राथमिकी कराई, मगर स्थानीय पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी नहीं की। इस मामले में रेखा व पप्पू के बीच खटास बढ़ती गई।
इस कारण छह माह पहले फार्म हाउस का निर्माण रोक दिया गया है। वर्तमान में मौके पर स्विमिंग पूल सूखा पड़ा है, फर्श और बाउंड्रीवाल का अधूरा काम बिखरा पड़ा है। यह आलीशान संपत्ति अब निर्माणाधीन व देखरेख न होने के कारण खराब होने लगी है।
मंत्री से पंगा पड़ा भारी! ‘कल्पना की लीला’ में फंसे पप्पू गिरधारी, गिरफ्तारी के डर से भागे-भागे फिर रहे
उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य से जुड़े विवाद के बाद पप्पू गिरधारी गिरफ्तारी के डर से सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर हो गए हैं। उन पर बरेली में हत्या सहित 39 मामले दर्ज हैं, और वह देहरादून पुलिस से बचने के लिए कार से फेसबुक लाइव भी कर चुके हैं।
गिरधारी लाल साहू और कल्पना
देहरादून की पुलिस के डर से कार से किया था फेसबुक लाइव
“कल्पना लीला” में गिरधारी लाल साहू उर्फ (पप्पू गिरधारी) का दंगल हो गया है। पप्पू गिरधारी एक सप्ताह पहले दंगल के साथ पांच हजार महिलाओं को साड़ी वितरण कार्यक्रम में शामिल हुआ था, उसने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य की ओर से दर्ज प्राथमिकी के बाद दूरी बना ली है।
वह प्रति वर्ष रामलीला के दौरान आयोजित होने वाली बृज की होली कार्यक्रम में भी मंत्री के साथ शामिल होता था, पिछली बार भी शामिल हुआ था लेकिन इस बार रविवार को हुए कार्यक्रम में वह नजर नहीं आया, क्योंकि देहरादून पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।
पुलिस गिरफ्तारी के डर से ही उसने तीन दिन पहले फेसबुक पर कार से आकर लाइव किया था। रेखा आर्य ने नौ सितंबर 2024 को बारादरी थाने में रिपोर्ट लिखाई थी कि पप्पू गिरधारी की पूर्व मैनेजर कल्पना उनके नाम का दुरुपयोग कर रही।
आधार कार्ड आदि कागजों पर पति के तौर पर गिरधारी लाल साहू (पप्पू गिरधारी) का नाम दर्ज करा लिया है। वह धन उगाही करती है, बरेली स्थित आवास से रुपये व सोने की माला चोरी कर ली। वह अपनी कार पर लालबत्ती लगाकर घूमती है।
आरोपित मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली है, मगर कई वर्षों से बरेली में बस गई। मंत्री ने केस कराया, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई थी। 19 जून को बहेड़ी थाने में जीएल साहू (गिरधारी लाल साहू) की ओर से कल्पना पर रंगदारी, धमकाने की प्राथमिकी दर्ज कराई।
20 जून को पुलिस ने कल्पना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गुरुवार को मंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर पप्पू गिरधारी व महिला की बातचीत के आडियो प्रसारित किए, उसमें भी इस प्रकरण का उल्लेख था।
बारादरी मामले में कल्पना पर आरोप पत्र
पुलिस के अनुसार, बहेड़ी में दर्ज केस में कल्पना को 29 सितंबर को जमानत मिल गई। इस मामले में कल्पना के विरुद्ध आरोपपत्र दिया जा चुका है। इसके अलावा मंत्री रेखा आर्य की ओर से बारादरी थाने में केस में भी जमानत मिल चुकी है।
कल्पना के जमानत मिलने के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध आरोपपत्र लगाकर कोर्ट में दे दिया है। इंस्पेक्टर बारादरी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि कल्पना के विरुद्ध एक महीने पहले चार्जशीट लगाई जा चुकी है। वहीं बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में चार्जशीट लगाई जा चुकी है।
जैन दंपत्ती हत्याकांड समेत 39 मामले, 18 में आरोप पत्र
पप्पू गिरधारी पर बरेली में हत्या, जानलेवा हमला, धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा, धमकाने आदि धाराओं में 39 मुकदमे हैं। पहला मुकदमा 1990 में जैन दंपती हत्याकांड का हुआ था।
उसमें बारादरी थाना पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी। बरेली में अंतिम केस वर्ष 2008 में धोखाधड़ी का हुआ था। गुंडा एक्ट भी लगाया जा चुका। इनमें 18 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी। चार में फाइनल रिपोर्ट लग चुकी। शेष में चालानी कार्रवाई हुई थी।
पप्पू गिरधारी का नाम इन मुकदमों के बाद भी सामने आया है लेकिन उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। पीलीभीत बाइपास कांड में भी उसका नाम आया था। जोगीनवादा में फायरिंग मामले में भी उसके भतीजों का नाम आया था।


