कन्वर्जन किट, एवरेज और क्षमता: इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल पर क्या चल रहा है?
E85 हाई इथेनॉल फ्यूल पर भी चलेंगी पुरानी BS4-BS6 कारें! आ रहा कन्वर्जन किट, कीमत होगी 15-20 हजार
Flex Fuel Conversion Kit: इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के डायरेक्टर जनरल दीपक बलानी ने बताया कि फ्लेक्स-फ्यूल कन्वर्जन किट की सफलतापूर्वक टेस्टिंग हो चुकी है. जो पुराने BS4 और BS6 वाहनों में लगाया जा सकता है. जिससे ये वाहन हाई इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल पर भी चल सकते है।
नई दिल्ली,22 जून 2026, भारत में फ्यूल तेजी से बदल रहा है. देश ने E20 का टार्गेट पूरा कर लिया है और E100 फ्यूल को कानूनी मंजूरी मिल चुकी है. पेट्रोल में इथेनॉल का डोज लगातार बढ़ रहा है. सरकार ने हाल ही में E85 (पेट्रोल में 85% इथेनॉल) फ्यूल को दिल्ली में लॉन्च किया है और हायर ब्लेंडेड फ्यूल का नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है. ऐसे में करोड़ों पुराने वाहन मालिकों के मन में एक ही सवाल है, क्या उनकी BS4 और BS6 कारें ‘फ्यूचर’ के फ्यूल पर दौड़ पाएंगी?
पेट्रोल में बढ़ता इथेनॉल पुराने वाहन मालिकों की चिंता जरूर बना है. लेकिन इस बीच एक बड़ा समाधान सामने आता दिखा है. महज 15 हजार से 20 हजार रुपये की लागत वाला नया कन्वर्जन किट न केवल पुराने वाहनों को हायर इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल को कम्पैटिबल बना सकता है, बल्कि इससे लोगों को नई कार खरीदने के भारी खर्च से भी राहत मिल सकती है. अगर यह तकनीक बड़े स्तर पर लागू होती है, तो भारत के करोड़ों पुराने वाहन चालकों के लिए यह एक गेमचेंजर साबित हो सकती है.
इस बारे में हमने इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के डायरेक्टर जनरल दीपक बलानी से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने इथेनॉल ट्रांजिशन और भविष्य में आने वाले इस कन्वर्जन किट से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब दिए. बातचीत के ख़ास अंश.
सवाल: भारत के फ्यूल ट्रांजिशन और पेट्रोल में बढ़ते इथेनॉल पर आपकी राय ?
जवाब: ये एक बहुत बड़ी बात है. दुनिया के बहुत कम देश ऐसा कर पाए हैं. भारत ने तय समय से पहले ही E20 टार्गेट पूरा कर लिया है और अब E100 को भी सरकार से मंजूरी मिल गई है. केवल E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग से देश ने साढ़े 4 करोड़ बैरल क्रूड ऑयल कम इंपोर्ट किया है. जिसके चलते 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचत हुई है. इसके अलावा किसानों को इथेनॉल प्रोग्राम से सबसे बड़ा फायदा हुआ है. इससे 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपये किसानों को गया है. 900 मिट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद मिली है.
अब सरकार इथेनॉल ब्लेंडिंग और आगे बढ़ा रही है. अभी E85 फ्यूल लॉन्च हुआ है. इसके अलावा मारुति सुजुकी ने अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल कार और हीरो मोटोकॉर्प अपनी दो बाइक्स (स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स) के फ्लेक्स फ्यूल वर्जन लाये है. इन वाहनों में E85 फ्यूल इस्तेमाल होगा. जिसकी कीमत रेगुलर पेट्रोल के मुकाबले 20 रुपये कम है.
सवाल: पुराने वाहनों में E20 फ्यूल के इस्तेमाल के बाद माइलेज में गिरावट और मेंटनेंस बढ़ने की शिकायत है.
जवाब: E20 फ्यूल लॉन्च करने से पहले सभी जरूरी एजेंसियों ने इसकी टेस्टिंग पुराने और नए वाहनों में की थी. पुणे बेस्ड देश की प्रमुख ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) ने इस फ्यूल की टेस्टिंग की थी. चूंकि इथेनॉल की कैलोरिफिक वैल्यू पेट्रोल के मुकाबले कम होती है इसलिए इसकी एनर्जी डेंसिटी भी कम होती है. इसलिए संभव है कि, पुराने वाहनों में माइलेज में 4-5% गिरावट दिखे. लेकिन इसका ऑक्टेन नंबर ज्यादा होता है इसलिए पावर ज्यादा मिलती है.
सवाल: पुराने वाहन मालिकों के लिए हायर इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल के इस्तेमाल को क्या उपाय हो सकते हैं?
जवाब: इस मामले में एक बहुत ही बेहतर तकनीक फ्लेक्सी-फ्यूल कन्वर्जन किट आई हैं. यह कन्वर्जन किट पुराने BS4 और BS6 वाहन में प्रयोग की जा सकती है, ताकि उनमें हायर ब्लेंडेड फ्यूल (E20 से E100) प्रयोग किया जा सके. ये किट अमेरिका, ब्राजील और फिनलैंड जैसे देशों में बन रही है और इनका वहां पर खूब इस्तेमाल हो रहा है.
हमने दो साल पहले ऐसी ही दो किट्स विदेश से मंगाकर IIT दिल्ली को ट्रायल और टेस्टिंग करने को दी थी. जिन्होनें यह किट हर तरह के फ्यूल (E20, E85 और E100) के साथ टेस्ट की है. इस टेस्टिंग में मारुति डिजायर सिटी ट्रैफिक से लेकर हाईवे तक 5,000 किलोमीटर तक चलाकर टेस्ट की गयी.
सवाल: कन्वर्जन किट की टेस्टिंग के नतीजे क्या रहें?
जवाब: इस कन्वर्जन किट के नतीजे काफी सकारात्मक रहे हैं. सबसे अच्छी बात ये रही है कि इसमें कोई तकनीकी समस्या नहीं आई. वाहन का इमिशन कम्प्लायंस भी सही रहा, गाड़ी न केवल दौड़ी बल्कि नियमों के दायरे में सही ढंग से चली. कुल मिलाकर कन्वर्जन किट टेस्टिंग काफी हद तक सफल रही. टेस्टिंग की एक रिपोर्ट हमने सरकार को भेजी और सरकार को सुझाव दिया है कि, पुराने वाहनों में यह किट इस्तेमाल हो सकती है. हालांकि टेस्टिंग में माइलेज थोड़ा कम रहा है, लेकिन कंपोनेंट्स में किसी तरह की कोई समस्या नहीं आई. माइलेज कम होने से हायर इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल की कीमत भी सरकार ने कम रखी है. हाल ही में E85 पेट्रोल दिल्ली में 82.12 रुपये प्रति लीटर पर लांच हुआ है. रेगुलर E20 पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये है. यानी हायर ब्लेंडेड फ्यूल 20 रुपये सस्ता है.
सवाल: इस कन्वर्जन किट को किस तरह के वाहनों में इस्तेमाल कर सकते हैं?
जवाब: फिलहाल किट टेस्टिंग रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है और अनुरोध किया गया है कि, सरकार इसका परीक्षण ARAI से भी कराए, ताकि यह पुराने वाहनों में आसानी से इस्तेमाल हो सके. इसके लिए BIS स्टैंडर्ड और तकनीकी की भी जरूरत होगी. सरकार रेगुलेटरी कम्प्लायंस और पॉलिसी लेकर आएगी तो चीजें प्रॉपर चैनल से आगे बढ़ेंगी.
सवाल: इस कन्वर्जन किट की कीमत क्या होगी?
जवाब: अभी इसे इंपोर्ट कर भारत लाया गया है तो जाहिर है कि ये किट महंगा होगा. जब हमने इसे इंपोर्ट किया तब इसकी कीमत 50,000 रुपये थी. लेकिन सरकार सभी जरूरी टेस्टिंग प्रोसेस पूरी कर के स्थानीय स्तर पर इसका प्रोडक्शन लोकल वेंडर्स से करवाये तो इसकी कीमत काफी घट जाएगी. अनुमान है कि, इसकी कीमत 20,000 रुपये के आसपास होगी.
सवाल: क्या ये किट केवल चारपहिया वाहनों को होगी?
जवाब: फिलहाल अभी केवल चारपहिया वाहनों पर ही किट टेस्टिंग हुई है. लेकिन विदेशों में टू-व्हीलर्स किट्स कमर्शियली मौजूद हैं. जरूरत पड़ी तो हम दोपहिया वाहनों में भी कन्वर्जन किट टेस्टिंग कर सकते हैं.

