मकान कब्जाने को पीटी वृद्धा मां,आरोपित बेटा गिरफ्तार

वृद्धा मां को पीट किया लहूलुहान, घर कब्जाने की कोशिश, आरोपित बेटा गिरफ्तार
देहरादून क्लेमेंटटाउन पुलिस ने बेटा पकड़ा
देहरादून 15 सितंबर 2026 : शहर के थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में एक वृद्धा विधवा महिला ने अपने बड़े बेटे और बहू पर मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है. महिला ने पुलिस से शिकायत कर दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वृद्धा की शिकायत पर बेटे के खिलाफ थाना क्लेमेंटटाउन में मुकदमा लिख पुलिस ने आरोपित बेटे को पकड़ लिया है.

जानकारी के मुताबिक, टर्नर रोड निवासी वृद्धा सत्या राठौर ने 14 सितंबर को शिकायत की कि उनके पति आरआर राठौर का 8 मई 2025 को निधन हो गया था. इसके बाद वह अपने दो बेटों के साथ पति के मकान के अलग-अलग हिस्सों में रह रही हैं. महिला का आरोप है कि उनका बड़ा बेटा विश्वदीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर मकान कब्जाने की नीयत से उनसे और उनके पति से पहले भी झगड़ा करते रहे हैं.

शिकायत में वृद्धा ने बताया कि, उनके पति ने 25 अक्टूबर 2017 को ही अपने बड़े बेटे और बहू की हरकतें देखते अपनी चल-अचल संपत्ति से उन्हें हटा दिया था. इसकी शिकायत उनके पति ने पहले ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को दे दी थी.

महिला का आरोप है कि, पति की मृत्यु के बाद 17 अगस्त 2025 को उनके बड़े बेटे और बहू ने उनसे गाली-गलौज और मारपीट कर उन्हें घर से निकालने की धमकी दी.घटना की जानकारी पहले ही पुलिस को दी जा चुकी है और मामले में मुकदमा भी लिखा गया था.
वृद्धा के अनुसार, सुरक्षा को उन्होंने घर में कैमरे लगवाए लेकिन वे बेटे और बहू ने तोड़ दिए. महिला ने तब आशंका जताई कि दोनों से उनकी जान-माल को खतरा हो सकता है. उसके बाद वृद्धा ने 3 सितंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को शिकायत देकर अपने बड़े बेटे विश्व दीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता पर मुकदमा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. लेकिन मुकदमा नहीं हुआ था.

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर को बेटे विश्व दीपक राठौर ने अपनी वृद्धा माता से मारपीट कर गाली गलौज की. आरोपित बेटे विश्व दीपक राठौर के खिलाफ आज थाना क्लेमेंटटाउन में मुकदमा लिखा गया.

पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. आरोपी विश्व दीपक राठौर अपनी माता के साथ मारपीट कर रहा था. जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
-लोक परमार, प्रभारी, थाना क्लेमेंटटाउन-

TAGGED:

महिला से मारपीट
बेटे ने मां को पीटा
SON BEATS MOTHER
DEHRADUN
ASSAULT ON WOMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *