इतिहास:शिवाजी के हाथों मरे अफ़ज़ल ख़ां ने डुबा मारी थी अपनी 63 पत्नियां

शिवाजी के हाथों मारे गए अफ़ज़ल ख़ान ने क्या अपनी 63 पत्नियों की हत्या की थी?
बीजापुर

SOCIAL MEDIA

कर्नाटक के विजयपुर में स्थित ‘साठ कब्र’ नाम का पर्यटन स्थल जिसके बारे में कहा जाता है कि यहां सेनापति अफ़ज़ल खान ने अपनी 63 पत्नियों की हत्या कर दी थी।
कर्नाटक के बीजापुर में एक चबूतरे पर कब्रों की सात कतारें हैं.

पहली चार पंक्तियों में ग्यारह, पाँचवीं पंक्ति में पाँच, और छठी और सातवीं पंक्तियों में सात.

ये कुल 63 कब्रें हैं.

इनकी समान दूरी, आकार और डिज़ाइन से लगता है कि ये कब्रें ऐसे लोगों की हैं जिनकी मृत्यु लगभग एक ही समय में हुई होगी.

कब्रों का ऊपरी चपटा हिस्सा ज़ाहिर करता है कि ये सभी महिलाओं की हैं.

कर्नाटक के बीजापुर का नाम साल 2014 में बदलकर विजयपुर कर दिया गया था.

शहर के एक कोने में छिपे हुए इस ‘पर्यटन स्थल’ को ‘साठ कब्र’ के नाम से जाना जाता है.

यह शहर 1668 तक आदिल शाही शासकों की राजधानी हुआ करता था.

बीजापुर सल्तनत के सेनापति अफ़ज़ल खान ने बीजापुर साम्राज्य के दक्षिणी दिशा में हुए विस्तार में अहम भूमिका निभाई थी.

ये वही अफ़ज़ल ख़ान हैं जिन्हें मराठा सेनापति शिवाजी ने वाघ-नख के वार से मार डाला था.

बीजापुर  BAIJAPUR/ BOOK TITLE

साल 1659 में बीजापुर के तत्कालीन सुल्तान अली आदिल शाह द्वितीय ने अफ़ज़ल ख़ान को शिवाजी से युद्ध करने भेजा था.

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के हेनरी कजिन्स के अनुसार इस अभियान पर जाने से पहले, ज्योतिषियों ने अफ़ज़ल खान से कहा था कि वे युद्ध से जीवित नहीं लौटेंगे.

कजिन्स ने अपनी किताब ‘बीजापुर: द ओल्ड कैपिटल ऑफ द आदिल शाही किंग्स’ में लिखा है कि अफ़ज़ल ख़ान को भविष्यवाणियों पर इतना यक़ीन था कि वह हर क़दम इन्हीं पर गौर फ़रमा कर उठाता था.

हेनरी कजिन्स 1891 से 1910 तक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पश्चिमी डिविज़न में सुप्रिटेंडेंट थे.

साल 1905 में छपी इस किताब में लिखा है कि रिवायत के मुताबिक़, वो यानी अफ़ज़ल ख़ान अपने महल के पास ही ख़ुद की कब्र और एक मस्जिद का निर्माण करवा रहे थे. दो मंज़िला मस्जिद 1653 में बनकर तैयार हुई थी. माना जाता है कि सबसे ऊपरी मंजिल महिलाओं के लिए थीं.

ये तारीख मस्जिद की मेहराब में अफ़ज़ल खान के नाम के साथ दर्ज है. जब अफ़ज़ल ख़ान को शिवाजी के ख़िलाफ़ अभियान छेड़ने का आदेश दिया गया था तब तक ये मकबरा पूरी तरह से तैयार नहीं हुआ था.

‘पत्नियों को डुबाकर मारने का फ़ैसला’

अफ़ज़ल खान ज्योतिषियों की भविष्यवाणी से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने कब्र के पत्थर पर अपनी मृत्यु की तारीख के रूप में अपने प्रस्थान का वर्ष लिख दिया.

यही वजह थी कि बीजापुर छोड़ते समय अफ़ज़ल ख़ान और उनके साथी इसी सोच कर निकले कि वो दोबारा नहीं लौटेंगे.

किताब में लिखा है, “ये वजह थी कि उन्होंने अपनी पत्नियों को डुबोकर मारने का फ़ैसला किया.”

इतिहासकार लक्ष्मी शरत ने ‘द हिंदू’ में लिखा कि अफ़ज़ल ख़ान ने अपनी सभी पत्नियों को एक-एक करके कुएं में धकेला ताकि उसकी युद्ध में मृत्यु  बाद वे किसी और के हाथ न लगें.उनकी एक पत्नी ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाद में पकड़ी गईं और मार डाली गई.”

हेनरी कजिन्स के अनुसार, इस परिसर में 63 महिलाओं की कब्रों के अलावा एक कब्र और है जो ख़ाली पड़ी है.शायद एक या दो महिलाएँ बच गईं और ख़ाली कब्र इसी और इशारा करती है.”

इतिहासकार जादुनाथ सरकार के अनुसार, “अफ़ज़ल ख़ान के इस अभियान के कई क़िस्से मशहूर हैं. उन्हीं में से एक क़िस्सा ये भी है कि अफ़ज़ल खान को शिवाजी के ख़िलाफ़  अभियान पर निकलने से पहले ज्योतिषी ने उनके युद्ध से ज़िंदा न लौटने की भविष्यवाणी की थी. इसलिए उसने अपनी 63 पत्नियों को बीजापुर के पास अफ़ज़लपुरा में मार डाला ताकि सुनिश्चित हो सके कि उनकी मृत्यु बाद वे किसी अन्य पुरुष से संसर्ग न करें.”

शोधकर्ता मुहम्मद अनीसुर रहमान ख़ान के अनुसार, कर्नाटक के बीजापुर में अलामिन मेडिकल कॉलेज के पास एक पुरानी इमारत के बीच में एक मंच पर सात पंक्तियों में कई एक जैसी कब्रें हैं. इसे स्थानीय लोग ‘साठ कब्र’ के नाम से जानते हैं.

अनीसुर रहमान ख़ान के अनुसार, “ये सभी कब्रें अफ़ज़ल ख़ान की पत्नियों की हैं,जिनकी उसने शिवाजी से युद्ध से पहले हत्या कर दी थी ताकि उसकी मृत्यु के बाद,उसकी पत्नियाँ से कोई और शादी न करे.”

अफ़ज़ल ख़ान की इच्छा थी कि उसे उसकी पत्नियों के बगल में दफनाया जाए लेकिन वो युद्ध से कभी वापस नहीं लौट ही नहीं सका.

अनीसुर रहमान खान, मुहम्मद शेख इकबाल चिश्ती के हवाले से लिखते हैं कि “अवाम में मशहूर है कि यहाँ 60 कब्रें हैं लेकिन  यहां 64 कब्रें हैं. उनमें से एक ख़ाली है.”

अनीसुर रहमान ख़ान लिखते हैं, “यह कब्रिस्तान शायद शाही परिवार की महिलाओं के लिए आरक्षित रहा होगा. उस दौर में युद्ध आम बात थी. इसके बावजूद एक सिपहसलार कैसे अज्ञानता से भरा कायरतापूर्ण कदम उठा सकता है?”

लक्ष्मी शरत इन कब्रों की इस कहानी पर विश्वास करती हैं.

कब्रिस्तान देखकर लक्ष्मी शरत ने लिखा कि “काले पत्थर की ये कब्रें सुरक्षित हैं. उनमें से कुछ के पत्थर टूटे हैं. गजब का सन्नाटा है, जो उन मौत के मुंह में धकेली गई महिलाओं की आखिरी चीखों से गूंज रहा है. मुझे वहां कंपकंपी सी महसूस हो रही थी. स्पष्टत: अफ़ज़ल ख़ान चाहता था कि उसे पत्नियों के बगल में दफनाया जाए लेकिन वह युद्ध के मैदान से कभी वापस नहीं लौट सका.”

कजिन्स के अनुसार, “अफ़ज़ल खान के महल के खंडहरों के उत्तर में उसकी कब्र खाली ही रह गई.अफ़ज़ल ख़ान को प्रतापगढ़ में उसी जगह  दफ़नाया गया था जहां शिवाजी ने उसे मारा था. शव बीजापुर मकबरे तक नहीं ले जाया गया.”

शिवाजी के हाथों अफ़ज़ल ख़ान की मौत भारतीय इतिहास का  दिलचस्प अध्याय है. शिवाजी ने अफ़ज़ल ख़ान को वाघ-नख के वार से मार डाला था.

जब वाघ-नख से मारा था शिवाजी ने अफ़ज़ल ख़ाँ को –
वर्ष 1659 में शिवाजी ने जो छोटा हथियार इस्तेमाल किया था, उसे लंदन से भारत वापस लाया गया है.

लोहे से बने वाघ-नख का आकार शेर के पंजे की तरह है. इस हथियार का इस्तेमाल शिवाजी ने बीजापुर सल्तनत के जनरल अफ़ज़ल ख़ाँ को मारने के लिए किया था.

ये हथियार इस समय लंदन के विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूज़ियम में रखा हुआ है.

भारत आने पर इसको मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय में रखा जाएगा.

विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूज़ियम के दस्तावेज़ों में बताया गया है कि ये हथियार ईस्ट इंडिया कंपनी के अफ़सर जेम्स ग्रांट डफ़ का है, जिसे उन्हें मराठों के पेशवा के प्रधानमंत्री ने उपहार स्वरूप दिया था.

वाघ-नख.,Victoria and Albert Museum

अफ़ज़ल ख़ाँ का असली नाम अब्दुल्ला भटारी था. वो लंबी क़द काठी का था, जिसे कई बड़ी लड़ाइयाँ लड़ने का अनुभव था.

वर्ष 1656 के बाद बीजापुर पर हुए औरंगज़ेब की सेना के हमलों से निपटने की ज़िम्मेदारी उसे दी गई थी और उसने उन्हें सफलतापूर्वक अंजाम भी दिया था.

बीजापुर के नए नवाब अली आदिल शाह और मुख्य रानी बेगम बड़ी साहिबा सभी बड़े कामों की ज़िम्मेदारी अफ़ज़ल ख़ाँ को सौंपा करते थे.

मोहम्मद आदिल शाह के शासन पर लिखी किताब ‘मोहम्मदनामा’ में इस बात का ज़िक्र है कि किस तरह अफ़ज़ल ख़ाँ ने सिरा के राजा कस्तूरी रंगा को शाँति समझौते पर दस्तख़्त करने के बहाने अपने ख़ेमे में बुलाकर उसकी हत्या कर दी थी.

जदुनाथ सरकार अपनी किताब ‘शिवाजी एंड हिज़ टाइम्स’ में लिखते हैं, “जब मोहम्मद आदिल शाह की मौत के बाद बीजापुर रियासत में सत्ता संघर्ष हुआ, तो बड़ी बेगम साहिबा के कहने पर एक के बाद एक तीन वरिष्ठ जनरलों की हत्या कर दी गई थी. इनमें कम से कम एक शख़्स ख़ान मोहम्मद की हत्या में अफ़ज़ल ख़ाँ का हाथ था.”

सर जदुनाथ सरकार की किताब शिवाजी एंड हिज टाइम्स का कवर.,BR Publication

अफ़ज़ल ख़ाँ ने ली शिवाजी को पकड़ने की ज़िम्मेदारी
अफ़ज़ल ख़ाँ की शिवाजी के परिवार के प्रति पहले से दुश्मनी थी.

दरअसल शुरू में शिवाजी के पिता शाहजी राजे भोंसले और अफ़ज़ल ख़ाँ बीजापुर सल्तनत के लिए काम किया करते थे.

बाद में दोनों में अनबन हो गई थी और अफ़ज़ल ख़ाँ ने 1648 में देशद्रोह के आरोप में शिवाजी के पिता शाहजी को ज़ंजीरों में जकड़ कर बीजापुर तलब किया था.

शिवाजी और उनकी माँ जीजाबाई का मानना था कि 1654 में शिवाजी के बड़े भाई संभाजी की हत्या में भी अफ़ज़ल ख़ाँ का हाथ था.

शिवाजी के मन में अफ़ज़ल ख़ाँ की छवि एक ऐसे शख़्स की थी, जिसने उनके पिता के साथ बुरा सलूक किया था और उनके भाई की हत्या में भी उसका हाथ था.

शिवाजी
दोस्ती का नाटक
जब बीजापुर में शिवाजी की गतिविधियाँ बढ़ गईं, तो बड़ी बेगम साहिबा ने अपने दरबारियों से पूछा कि वहाँ कोई ऐसा शख़्स है, जो शिवाजी को कुचलने की क्षमता रखता हो? सबसे पहले अफ़ज़ल ख़ाँ ने इस अभियान में जाने की हामी भरी.

डेनिस किनकेड अपनी किताब ‘शिवाजी द ग्रैंड रेबेल’ में लिखते हैं, “खुले दरबार में अफ़ज़ल ख़ाँ ने ऐलान किया कि वो शिवाजी को बंदी बनाकर लाएगा और वो भी बिना अपने घोड़े से उतरे हुए. वो उसे चूहे की तरह एक पिंजड़े में बंद कर राजधानी लाएगा ताकि यहाँ के लोग उसका उपहास कर सकें.”

“निजी तौर पर वो शिवाजी को पकड़ने के बारे में इतना आश्वस्त नहीं था. जब उसने बड़ी बेगम साहिबा से मशविरा किया, तो उन्होंने सलाह दी कि वो शिवाजी से दोस्ती का झूठा नाटक कर उन्हें पकड़ने की कोशिश करे.”

शिवाजी दी ग्रांड रिबेल का कवर.,rupa publications
अफ़ज़ल ख़ाँ का ज़ुल्म
अफ़ज़ल ख़ाँ ने शिवाजी को पकड़ने के अभियान की शुरुआत अप्रैल 1659 में की.

वो अपने साथ दस हज़ार सैनिकों को लेकर गया. सबसे पहले वो वाई की तरफ़ बढ़ा जहाँ वो कुछ समय तक शासन कर चुका था.

रास्ते में उसने पंढरपुर के कई मंदिरों को नुक़सान पहुँचाया. वहाँ के व्यापारियों, पुजारियों और किसानों से कहा गया कि वो उसकी सेना का ख़र्चा उठाएँ जो क़रीब ढाई लाख रुपए प्रति माह था.

जदुनाथ सरकार लिखते हैं, “अफ़ज़ल ख़ाँ ने पलटन के देशमुख बाजाजी नायक निंबाल्कर को धमकी दी कि अगर उन्होंने उसे दो लाख रुपए की फ़िरौती नहीं दी, तो वो उनको हाथी से कुचलवा देगा.”

“निंबालकर ने दो लाख रुपए देकर अपनी जान छुड़ाई. शिवाजी को इस बात का अंदाज़ा था कि अफ़ज़ल ख़ाँ की इन भड़काने वाली कार्रवाई का उद्देश्य उन्हें अपने गढ़ से बाहर खुले में निकलवाना था. लेकिन वो अफ़ज़ल ख़ाँ के झाँसे में नहीं आये.
अफ़ज़ल ख़ान.इमेज स्रोत,Rao Saheb
अफ़ज़ल ख़ाँ ने बनवाया लोहे का पिंजड़ा
शुरू में अफ़ज़ल ख़ाँ उत्तर में पूना जा कर शिवाजी के गढ़ में हमला करना चाहता था, लेकिन इसकी ख़बर मिलते ही शिवाजी पूना से हट गए क्योंकि वो जगह लड़ाई के लिए उपयुक्त नहीं थी.

उन्होंने जावली ज़िले को अपना ठिकाना बनाया. इस बीच अफ़ज़ल ख़ाँ ने एक लोहे का पिंजड़ा बनवाना शुरू कर दिया जिसमें शिवाजी को क़ैद कर वो बीजापुर ले जाने वाला था.

यहाँ से दो प्रतिद्वंद्वियों के बीच चतुर कूटनीति का दौर शुरू हुआ.

वैभव पुरंदरे शिवाजी की जीवनी ‘शिवाजी इंडियाज़ ग्रेट वॉरियर किंग’ में लिखते हैं, “शुरू में शिवाजी को धमकाने और डराने के बाद अफ़ज़ल ख़ाँ ने अचानक उनके प्रति दयालुता का दिखावा शुरू कर दिया. शिवाजी ने भी ये आभास दिया जैसे वो अपने से कहीं ताक़तवर अफ़ज़ल ख़ाँ का सामना करने से डर रहे हों.”

शिवाजी पर एक किताब.,Juggernaut Publication
कुछ दिनों बाद अफ़ज़ल ख़ाँ ने अपने एक दूत कृष्णाजी भास्कर कुलकर्णी के ज़रिए शिवाजी को एक संदेश भिजवाया.

उन्होंने लिखा- “तुम्हारे पिता मेरे बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं. इसलिए तुम मेरे लिए अजनबी नहीं हो. मैं बादशाह आदिल शाह से कहकर दक्षिणी कोंकण में तुम्हारे क़ब्ज़े की ज़मीन और जागीर की पुष्टि करा दूँगा. मैं तुम्हारे द्वारा कब्ज़ा किए गए क़िलों को भी मान्यता दिलवा दूँगा. अगर तुम बादशाह से मिलना चाहते हो तो मैं इसका इंतज़ाम भी करवा दूँगा. अगर तुम वहाँ न जाना चाहो तो तुम्हें वहाँ अपनी उपस्थिति दर्ज कराने से छूट भी मिल सकती है.”

शिवाजी ने अफ़ज़ल के दूत को उचित सम्मान दिया. रात को वो उनके शिविर में जा कर उनसे गुप्त रूप से मिले और उनसे पूछा कि अफ़ज़ल ख़ाँ की असली मंशा क्या है?

वो कुलकर्णी से इतना निकलवाने में सफल हो गए कि अफ़ज़ल उनके ख़िलाफ़ एक गहरा षड्यंत्र रच रहा है.

शिवाजी ने इस पत्र का जवाब अफ़ज़ल ख़ाँ के दूत के ज़रिए न भिजवा कर अपने दूत पंताजी गोपीनाथ के हाथ भिजवाया.

उन्होंने लिखा, “आपने कर्नाटक के सभी राजाओं पर जीत दर्ज की. मेरे प्रति आपने जो दयालुता दिखाई है, वो बड़ी चीज़ है. आप इस दुनिया के अनमोल रत्न हैं, जिसमें ज़रा भी धोखाधड़ी नहीं है.”

“अगर आप इस जंगल का वैभव देखना चाहते हैं, तो जावली आकर इसे ख़ुद अपनी आँखों से देखिए. इससे मेरे मन में आपके प्रति सारी शंकाएँ दूर हो जाएँगी और मेरा सम्मान भी बढ़ेगा. अगर आप यहाँ आते हैं, तो मैं अपने हाथों से अपनी तलवार आपके सामने पेश करूँगा.”

शिवाजी,Maharashtra Government.
शिवाजी और अफ़ज़ल ख़ाँ की मुलाक़ात तय हुई
शिवाजी के इस कूटनीतिक पत्र का ऐसा असर हुआ कि अफ़ज़ल ख़ाँ न सिर्फ़ जावली जाने के लिए तैयार हो गया, बल्कि उसने प्रतापगढ़ क़िले के नीचे एक पहाड़ी पर शिवाजी से मिलने की भी हामी भर दी.

अफ़ज़ल ख़ाँ को लिखे शिवाजी के पत्र का आख़िरी वाक्य था कि ‘ये आमंत्रण सिर्फ़ आपके लिए नहीं, बल्कि आपकी सेना के लिए भी है.’ अफ़ज़ल ख़ाँ के लिए इस वाक्य का काफ़ी वज़न था.

जदुनाथ सरकार लिखते हैं, “शिवाजी ने अपने लोगों को निर्देश दिए कि अफ़ज़ल ख़ाँ के सैनिकों को बेरोकटोक उनके इलाक़े में आने दिया जाए. तय हुआ कि 10 नवंबर, 1659 की दोपहर अफ़ज़ल ख़ाँ शिवाजी से मिलेगा. वो एक पालकी पर हथियार समेत प्रतापगढ़ क़िले के नीचे लगाए शामियाने में उतरेगा. वो अपने साथ दो या तीन सैनिकों को ला सकता है. शिवाजी को भी अपने हथियार और उतने ही सैनिक लाने की अनुमति दी गई. सहमति बनी कि जैसे ही अफ़ज़ल ख़ाँ वहाँ पहुँचेगा, शिवाजी क़िले से उतर कर उपहारों के साथ अफ़ज़ल ख़ाँ का स्वागत करेंगे.”

शिवाजी
शिवाजी ने अपने सैनिकों को जंगल में छिपाया
बैठक से एक दिन पहले शिवाजी ने अपने सैनिक जनरलों को बुलाकर कहा कि वो चुपचाप अपने सैनिकों को जंगल में तैनात कर दें और उनसे सावधान की मुद्रा में रहने के लिए कह दें.

शिवाजी को अपने जासूसों से ये पता चला कि अफ़ज़ल ख़ाँ के दल में बहुत से सुनार भी हैं, जो रास्ते में व्यापार करने की गरज से अपना सामान भी साथ लाए थे.

शिवाजी ने अफ़ज़ल ख़ाँ से अनुरोध किया कि वो उन सुनारों को प्रतापगढ़ भेज दें ताकि वो उनके ज़ेवरात ख़रीद कर बीजापुर की सल्तनत को तोहफ़े में दे सकें.

अफ़ज़ल ने उन सुनारों को तुरंत शिवाजी के पास रवाना किया और शिवाजी ने ये जताने के लिए कि उनकी मंशा साफ़ है, उनसे न सिर्फ़ बहुत सारे ज़ेवरात ख़रीदे बल्कि क़िले में उनको अपना मेहमान भी बनाया. बैठक से पूर्व शिवाजी ने अपने वरिष्ठ सहयोगियों की एक बैठक बुलाई.

जदुनाथ सरकार लिखते हैं, “उन्होंने उन्हें निर्देश दिए कि अगर वो उस बैठक से जीवित वापस नहीं लौटते हैं तो किस तरह राज्य का प्रशासन चलाया जाएगा. अगर अफ़ज़ल ख़ाँ अपने शब्दों से फिर जाता है तो वो तोप का एक गोला दागने का आदेश देंगे. उसे सुनते ही शिवाजी के सैनिक अफ़ज़ल ख़ाँ के सैनिकों पर टूट पड़ेंगे.”

अफ़ज़ल ख़ाँ अपने तीन सैनिकों के साथ शिवाजी से मिलने पहुँचा

10 नंवबर, 1659 की सुबह प्रतापगढ़ क़िले के प्रांगड़ में एक शामियाना लगाया गया.

उसकी छत को बहुत अच्छी तरह सजाया गया और फ़र्श पर क़ीमती कालीनें बिछाई गईं.

शिवाजी
शिवाजी और अफ़ज़ल अपने साथ लाए तीन सहयोगी
वैभव पुरंदरे लिखते हैं, “शिवाजी ने सूर्य देवता को प्रणाम कर भवानी देवी की पूजा की और अपने आप को इस मुलाक़ात के लिए तैयार किया. दिन के भोजन के बाद उन्होंने एक सफ़ेद पोशाक पहनी. उसके नीचे उन्होंने लोहे का जिरह बख़्तर पहना. अपने सिर की रक्षा के लिए उन्होंने अपनी कढ़ी हुई पगड़ी के नीचे एक लोहे की टोपी पहनी. अपनी दाहिनी आस्तीन में उन्होंने एक हथियार ‘बिछुआ’ रखा. अपने बाएँ हाथ में उन्होंने लोहे का शेर के पंजे की शक्ल का एक वाघ-नख इस तरह रखा कि उस पर किसी की सीधी नज़र न पड़ सके.”

“उनके साथ उनके दो विश्वस्त सहयोगी जीवा महाला और संभाजी कावजी गए. जीवा को तलवार चलाने में महारत हासिल थी. दोनों के पास एक पट्टा (बिना मुड़ी तलवार) और फ़िरंग (विदेश में बनी तलवार और ढाल) था.”

शिवाजी के एक दरबारी कृष्णाजी अनंत सभासद मराठी में लिखी गई शिवाजी की जीवनी ‘सभासद बखर’ में लिखते हैं, “जब अफ़ज़ल शिवाजी से मिलने निकला तो उसके साथ क़रीब एक हज़ार सैनिक थे. शिवाजी के दूत पंताजी गोपीनाथ ने अफ़ज़ल ख़ाँ के पास जाकर कहा कि इतने सैनिकों को अपने साथ ले जाना पहले से तय हुई शर्तों का उल्लंघन होगा.”

“शिवाजी इतने सैनिकों को देख कर क़िले में वापस चले जाएँगे और हो सकता है कि ये मुलाक़ात न हो पाए. यह सुनकर अफ़ज़ल ने अपने सैनिकों को रोक लिया. वो अपने साथ सिर्फ़ 10 विश्वस्त सैनिकों को ले गया, जिसे उसने बैठकस्थल से कुछ दूरी पर खड़ा किया और अपने साथ उसने अपने तीन सहयोगी रखे.”

सभासद बखर,Krishnaji Sabhasad
अफ़ज़ल ख़ाँ ने शिवाजी की गर्दन को अपनी गिरफ़्त में लिया
जब शिवाजी तक ख़बर पहुँच गई कि अफ़ज़ल ख़ाँ शामियाने में पहुँच चुका है, तो शिवाजी ने क़िले से नीचे उतरना शुरू किया.

जब शिवाजी शामियाने में घुसे तो अफ़ज़ल ख़ाँ वहाँ बने एक चबूतरे पर खड़े हुए थे.

डेनिस किनकेड लिखते हैं, “अफ़ज़ल ख़ाँ ने शिवाजी को देखते ही चिल्लाना शुरू कर दिया कि एक साधारण ज़मींदार का लड़का किस तरह राजकुमारों की तरह अपने शामियाने को सजा सकता है? शिवाजी ने जवाब दिया कि ये गद्दे और कालीनें उनके अपने आराम के लिए नहीं बल्कि बीजापुर रियासत के प्रतिनिधि के स्वागत में बिछाई गई हैं जो उनके साथ बीजापुर के राजमहल भेजी जाएँगी. अफ़ज़ल खाँ को ये बात अच्छी लगी और उसने मुस्कुराते हुए शिवाजी को गले लगाने के लिए अपनी बाँहें फैला दीं.”

शिवाजी क़द में अफ़ज़ल ख़ाँ से बहुत छोटे थे और सिर्फ़ उसके कंधे तक आते थे.

जब ये दोनों गले मिल रहे थे तभी शिवाजी ने अपने आप को असहज महसूस किया. एक सेकेंड से भी कम समय में अफ़ज़ल ख़ाँ ने अपने बाएँ हाथ से शिवाजी की गर्दन को अपनी बाँहों में जकड़ लिया.

ये एक पहलवान की पकड़ थी. फिर उसने अपने दाहिने हाथ से खंजर से शिवाजी पर वार किया.

उन्होंने चूँकि अपने कपड़ों के नीचे जिरह बख़्तर पहन रखा था, इसलिए उसका उन पर कोई असर नहीं हुआ.

डेनिस किनकेड आगे लिखते हैं, “शिवाजी ने अफ़ज़ल ख़ाँ की पकड़ से निकलने की कोशिश की लेकिन उसने और ज़ोर से शिवाजी की गर्दन को जकड़ लिया. तब शिवाजी ने साँप की तरह मुड़ते हुए पहले अपनी बाँह को आज़ाद कराया और बाईं हथेली में छिपे वाघ-नख को अफ़ज़ल की पीठ में घुसा दिया. फिर उन्होंने दाएँ हाथ से बिछुए से अफ़ज़ल के पेट पर वार किया. अफ़ज़ल ख़ाँ दर्द में चिल्ला कर बोला- धोखा ! धोखा ! इसने मुझ पर हमला किया. इसे तुरंत मार डालो.’’

शिवाजी और अफ़ज़ल ख़ान.,Swarajmag.com

अफ़ज़ल ख़ाँ और उसके साथियों की मौत
ये सुनते ही कुछ ही दूरी पर खड़े अफ़ज़ल ख़ाँ और शिवाजी के सैनिक उनकी तरफ़ दौड़े.

सैयद बंदा ने अपनी तलवार से शिवाजी के सिर पर हमला किया. लेकिन उनकी पगड़ी के अंदर लोहे की टोपी ने उन्हें बचा लिया.

तभी जीवा महाला ने अपनी तलवार से सैयद के दाहिने हाथ पर हमला कर उसे बेकार कर दिया.

वैभव पुरंदरे लिखते हैं, “घायल अफ़ज़ल ख़ाँ को उसके अंगरक्षक शामियाने से निकाल कर पालकी पर बैठाने में सफल हो गए. शिवाजी के लोगों ने उनका पीछा किया. सबसे पहले शंभूजी कावजी ने पालकी उठाने वालों के पैरों पर वार किया.”

“पालकी नीचे गिरने के बाद उन्होंने अफ़ज़ल ख़ाँ का सिर काट लिया. वो उसे शिवाजी के पास ले गए. मराठा सैनिकों ने एक एक कर अफ़ज़ल के भतीजों रहीम ख़ाँ, अब्दुल सईद और उसके मराठा हिंदू साथियों पीलाजी, शंकराजी मोहिते और कुलकर्णी को मार डाला. शिवाजी के साथियों में एक अबीसीनियन मुस्लिम इब्राहीम सिद्दी भी था.”

जीवा महाला
शिवाजी के सैनिकों ने हमला बोला
थोड़ी ही देर में क़िले से बिगुल बजा दिया गया. इसे सुनते ही जंगल में छिपे शिवाजी के सैनिकों ने बाहर निकल कर चारों तरफ़ से अफ़ज़ल ख़ाँ के सैनिकों पर हमला बोल दिया.

अफ़ज़ल ख़ाँ के सैनिकों पर ये हमला अचानक हुआ,जिसकी उन्हें दूर-दूर तक उम्मीद नहीं थी.कुछ सैनिकों ने तो तुरंत मैदान छोड़ दिया,लेकिन कुछ सैनिकों ने शिवाजी के सैनिकों का मुक़ाबला किया लेकिन वो चारों तरफ़ से घिर चुके थे और ऐसी जगह लड़ रहे थे जहाँ लड़ने का उन्हें कोई तजुर्बा नहीं था.

कुछ दिनों बाद अंग्रेज़ों की राजापुर फ़ैक्टरी पहुँची रिपोर्ट में कहा गया कि इस लड़ाई में क़रीब 3000 सैनिक मारे गए.

शिवाजी
जदुनाथ सरकार लिखते हैं, “इस लड़ाई के बाद शिवाजी के सैनिकों के हाथ काफ़ी धन लगा. उन्होंने 4000 घोड़े, 1200 ऊँट, 65 हाथी और 10 लाख रुपए नकद अफ़ज़ल ख़ाँ के सैनिकों से छीने. ऐलान किया गया कि जो लोग हथियार डालना चाहते हैं, वो अपने दाँतों में घास का एक टुकड़ा दबा लें. जिन लोगों ने ऐसा किया उन लोगों की जान बख़्श दी गई.”

लड़ाई में मरने वाले शिवाजी के सैनिकों की विधवाओं को उन्होंने पेंशन की घोषणा की.

जब अफ़ज़ल ख़ाँ की हार की ख़बर बीजापुर पहुँची, तो पूरे राज्य में शोक छा गया. बड़ी बेगम साहिबा ने अपने आप को एक कमरे में बंद कर खाना पीना छोड़ दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *