महेंद्र भट्ट दोबारा उत्तराखंड भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष,आठों राष्ट्रीय पार्षद भी घोषित

महेंद्र भट्ट दोबारा बने उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष, निर्विरोध चुने गए, राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की भी घोषणा – UTTARAKHAND BJP PRESIDENT
महेंद्र भट्ट ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था, 2027 विधानसभा चुनाव को तैयार होगी नई टीम

देहरादून 01 जुलाई 2025 : उत्तराखंड भाजपा को नया व 11वां प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है. एक बार फिर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. सोमवार को ही उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था. वो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे. ऐसे में सोमवार को ही तय हो गया था कि महेंद्र भट्ट निर्विरोध प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे.

भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व पर प्रदेश परिषद की बैठक में महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनने की घोषणा की गई. इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की घोषणा भी केंद्रीय चुनाव प्रभारी केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने की .

महेंद्र भट्ट फिर बने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष.
महेंद्र भट्ट दोबारा बने उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संगठन के सभी बड़े पदाधिकारियों के सामने महेंद्र भट्ट के उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की गई. इस तरह महेंद्र भट्ट लगातार दूसरी बार उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं. लगता है कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत महेंद्र भट्ट को ही उत्तराखंड में पार्टी की कमान सौंपने का निर्णय लिया. सबसे बड़ी बात ये है कि महेंद्र भट्ट की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अच्छी ट्यूनिंग भी है. ऐसे में प्रदेश के इन दो बड़े भाजपा नेताओं के नेतृत्व में ही 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा.

प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन पत्र. (Credit- BJP Uttarakhand)
महेंद्र भट्ट का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में लगातार दूसरा कार्यकाल: इससे पहले 2022 में महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने थे. उनके कार्यकाल में भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी 5 संसदीय सीटें जीती थीं. निकाय चुनावों में भी भाजपा को भारी सफलता मिली थी. इससे संगठन में उनका कद बढ़ता गया. भाजपा हाईकमान ने महेंद्र भट्ट को राज्यसभा भी भेजा.

राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्य भी घोषित: प्रदेश अध्यक्ष इसके साथ ही भाजपा के 8 केंद्रीय पार्षदों की भी घोषणा की गई. राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वोटिंग करेंगे. राष्ट्रीय परिषद् के लिए 8 नामांकन ही हुए थे. राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की घोषणा भी केंद्रीय राज्यमंत्री और चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने की.

प्रदेश परिषद में मा केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक श्री @hdmalhotra जी द्वारा श्री @mahendrabhatbjp जी की पुनः प्रदेश अध्यक्ष के रूप में घोषणा की गई।

माननीय प्रदेश अध्यक्ष जी को समस्त उत्तराखंड भाजपा परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।#SangathanParv @BJP4India@JPNadda… pic.twitter.com/Qi0kd7xYgw

— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) July 1, 2025
भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट और कल्पना सैनी.

Uttarakhand BJP President
सीएम धामी के साथ महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट एक नजर–

चमोली से रखते हैं संबंध.
पोखरी में शुरुआती पढ़ाई.
ऋषिकेश भरत मंदिर इंटर कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई.
ऋषिकेश पीजी कॉलेज से बी.कॉम और एम.कॉम किया.
छात्र राजनीति से बना पॉलिटिकल करियर.
1991 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सफर की शुरूआत.
1991 से 1996 तक पार्टी में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री जैसे पदों पर रहे.
1997 में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सह मंत्री बने.
फिर 1998 से 2000 तक उत्तरांचल युवा मोर्चा के पहले प्रदेश अध्यक्ष का कार्य संभाला.
2002 में नंदप्रयाग सीट से भाजपा टिकट पर जीतकर पहली बार विधायक बने.
2007 में भी इसी सीट से लड़े, लेकिन हार मिली.
2017 में बदरीनाथ सीट से चुनाव लड़े और जीते.
2022 में बदरीनाथ सीट से लड़े लेकिन हारे.
पार्टी में कार्य अनुभव के आधार पर 2022 में भाजपा के 9वें प्रदेश अध्यक्ष बने.
अप्रैल 2024 से राज्यसभा सांसद हैं.
श्री राम जन्मभूमि आंदोलन से भी जुड़े रहे, 15 दिनों तक पौड़ी जेल में बंद रहे.
उत्तराखंड राज्य आंदोलन के समय भी पांच दिन जेल में गुजारे.
दरअसल, राज्य बनने के साथ ही अब तक महेंद्र भट्ट पहले ऐसे भाजपा नेता बन गए हैं जिनको लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष का पद सौंपा गया है. जुलाई 2022 में पहली बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद 1 जुलाई 2025 को भट्ट ने दूसरी बार कार्यभार संभाला है. बता दें कि, महेंद्र भट्ट गढ़वाल मंडल के चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक से संबंध रखते हैं. उनका जन्म 4 अगस्त 1971 को ब्राह्मण थाला गांव में हुआ. उनकी प्रारंभित स्कूली शिक्षा भी पोखरी में ही हुई है.

शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। https://t.co/R0GuqkrYEr

— Mahendra Bhatt (@mahendrabhatbjp) July 1, 2025
आइए जानते हैं अबतक कौन-कौन राज्य में पार्टी का बॉस बना है–

नंबर नाम साल
1. स्व0 पूरन चंद शर्मा 2000 से 2002
2. मनोहर कांत ध्यानी 2002 से 2004
3. भगत सिंह कोश्यारी 2004 से 2007
4. स्व0 बच्ची सिंह रावत 2007 से 2009
5. बिशन सिंह चुफाल 2009 से 2013
6. तीरथ सिंह रावत 2013 से 2015
7. अजय भट्ट 2016 से 2020
8. वंशीधर भगत 2020 से 2021
9. मदन कौशिक 2021 से जुलाई 2022
10. महेंद्र भट्ट (पहला कार्यकाल) जुलाई 2022 से जून 2025 तक, 1 जुलाई 2025 से दूसरा कार्यकाल

TAGGED:

BJP PRESIDENT MAHENDRA BHATT
UTTARAKHAND BJP PRESIDENT
UTTARAKHAND BJP NEWS
महेंद्र भट्ट बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
UTTARAKHAND BJP PRESIDENT

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *