अरशद से शादी को अरीबा ने सवा करोड़ लुटवा दिये अब्बा के

बॉयफ्रेंड के चक्कर में ‘विलेन’ बनी अरीबा,करोड़पति पिता के घर में डलवा दी डकैती,मुरादाबाद कांड की अंतर्कथा
मुरादाबाद के नागफनी इलाके में पीतल व्यवसायी के घर सवा करोड़ की सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने अनावरण कर दिया है. घर की बेटी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथियों से मिलकर यह कांड किया, जिन्हे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया है.

मुरादाबाद डकैती कांड में अरीबा,उसका प्रेमी और दो साथी पकड़े गए
मुरादाबाद ,15 मई 2026, मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड में 11 मई सुबह चार बजे एक पीतल कारोबारी के घर बड़ी डकैती हुई थी. अब पता चला है कि व्यवसायी मोहम्मद इमरान की बेटी अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद वारसी और उसके तीन साथियों से मिलकर यह डकैती डलवाई थी.दोनों की अलग जाति होने से शादी में आ रही बाधायें दूर करने और नई जिंदगी शुरू करने को आरोपितों ने सवा करोड़ रुपये की लूट की योजना बनाई.अरीबा ने पहले ही घर की चाबियां प्रेमी को सौंप दी थीं और वारदात के समय डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को घर में बुलाया .

सात साल का इश्क और करोड़ों की डकैती

कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन यहां प्यार ने अपनों का ही गला काट दिया. पीतल कारोबारी की बेटी अरीबा और अमरोहा के अरशद वारसी के बीच पिछले सात-आठ साल से इश्क का परवान चढ़ रहा था. शादी की राह में जाति की दीवार खड़ी हुई, तो दोनों ने दौलत के दम पर उस दीवार को गिराने का फैसला किया.

अरीबा को घर की पाई-पाई की खबर थी. उसने प्रेमी को बताया कि घर में भारी मात्रा में कैश रखा है, जिसके बाद लालच और इश्क का ऐसा कॉकटेल बना कि बेटी ने ही अपने पिता के घर में डाका डलवा दिया.

षड्यंत्र की चाबी और खुला डिजिटल लॉक

यह डकैती मात्र संयोग नहीं, बल्कि एक महीने से बुना जा रहा जाल था. अरीबा ने बड़ी ही चतुराई से एक महीने पहले ही घर के मुख्य गेट की चाबी अरशद को थमा दी थी. 11 मई सुबह जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब अरीबा ने अंदर से डिजिटल लॉक खोलकर अपने ही घर के दरवाजे दुश्मनों के लिए खोल दिए. बदमाश तमंचे लहराते अंदर घुसे और परिवार को बंधक बना लिया.जाते समय वे न केवल सवा करोड़ कैश ले गए,बल्कि सुराग मिटाने को सीसीटीवी का DVR भी उखाड़ ले गए.

ऐसे हुई आरोपितों की पकड़

मुरादाबाद पुलिस के लिए यह मामला साख का सवाल बन गया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में चार टीमों ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कड़ियां जोड़ीं, तो संदेह की सुई घर के अंदर ही टिकी.अरीबा,उसके प्रेमी अरशद और तीन अन्य साथियों के पकड़े जाने पर ही इस काले खेल का अंत हुआ.पुलिस को इनके पास से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद,चार तमंचे,पांच मोबाइल और दो कारें मिली हैं. फिलहाल पुलिस बाकी की रकम और अन्य भागे हुए साथियों की तलाश में लगातार छापे मार रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *