उत्तराखंड बन रहा है

 

 

Uttarakhand Film Policy 3 Crore Subsidy Iffi 2026 Goa
IFFI-2026: फिल्म शूटिंग का नया ठिकाना बन रहा उत्तराखंड, फिल्मकारों को मिलेगी 3 करोड़ तक की सब्सिडी
Uttarakhand Film Policy:

IFFI-2026 के Waves Film Bazaar

में उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 और शूटिंग डेस्टिनेशन्स को पेश किया गया।

उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग पर 3 करोड़ तक सब्सिडी
उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग पर 3 करोड़ तक की सब्सिडी।
गोवा में IFFI-2026 में पेश हुई फिल्म नीति।
राम रेड्डी ने उत्तराखंड को बताया दूसरा घर।

देहरादून: उत्तराखंड फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स को लेकर विशेष पैनल डिस्कशन हुआ।

‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान फिल्मकारों को राज्य में उपलब्ध सुविधाओं, फिल्म सब्सिडी और शूटिंग की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

फिल्म निर्माताओं को मिलेगी 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी
पैनल डिस्कशन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित कर रही है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है।
‘न स्टार्टर, न स्वाद और खाना भी खत्म!’ अनंत सिंह की बेटी के तिलक के बाद याद आई दरभंगा राजघराने में शाही शादी
बहू के अफेयर का था शक, ससुर ने युवक के प्राइवेट पार्ट में जमकर मारी लात, मौके पर ही मौत

उन्होंने बताया कि फिल्म नीति के तहत पात्रता और निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के जरिए फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं।

मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश में शूटिंग की संभावनाएं
केएस चौहान ने कहा कि उत्तराखंड के हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक एवं विरासत भवन और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों को शूटिंग के लिए कई विकल्प देती हैं।

मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि फिल्म नीति का प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

आरुषि निशंक ने वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का किया जिक्र
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था।

उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां काम करने के अनुकूल माहौल की सराहना की। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण का मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत है, जिससे अधिक से अधिक फिल्मकार यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हों।

राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड मेरे लिए दूसरे घर जैसा
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने उत्तराखंड में अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है।

उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए थे। इस दौरान स्थानीय लोगों का सहयोग और आत्मीयता मिली तथा शूटिंग में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

राम रेड्डी ने बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।

स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं
इस सत्र के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान फिल्म निर्माण गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावनाओं पर जोर दिया गया। साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी इससे प्रोत्साहन मिलने की बात कही गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *